UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश में वन डिस्ट्रिक्ट-वन प्रोडक्ट (ODOP) और वन डिस्ट्रिक्ट-वन कुजीन (ODOC) की तर्ज पर अब ‘वन डिस्ट्रिक्ट-वन आर्ट'(ODOA को बढ़ावा देने का बड़ा आह्वान किया है. मुख्यमंत्री शुक्रवार को गोमती नगर स्थित संत गाडगेजी महाराज प्रेक्षागृह में उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के 63वें स्थापना दिवस पर आयोजित ‘धरोहर’ कार्यक्रम में शामिल हुए. उन्होंने कहा कि भारत की संस्कृति को नष्ट कर उसे स्थायी रूप से गुलाम बनाने के बहुत षड्यंत्र हुए, लेकिन हमारी सनातन संस्कृति और लोक कलाओं ने विपरीत परिस्थितियों में भी देश की आत्मा को जीवित रखा. इस अवसर पर उन्होंने संस्कृति विभाग को निर्देश दिया कि अकादमी में मानव संसाधन की कमी को तत्काल दूर किया जाए.
आजादी के बाद हुई लोक संस्कृति की उपेक्षा
मुख्यमंत्री ने कहा कि दुनिया की तमाम संस्कृतियां मिट गईं, लेकिन तलवार और मानसिक गुलामी भी भारत की संस्कृति को नहीं मिटा सकी. हमारी लोक परंपराओं ने ही भारत की सांस्कृतिक आत्मा और आत्मसम्मान को पीढ़ी दर पीढ़ी जीवित रखा है. हालांकि आजादी के बाद हमारी अनेक लोक कलाएं और वाद्ययंत्र उपेक्षित रहे. संस्कृति की उपेक्षा का अर्थ केवल कला का लुप्त होना नहीं, बल्कि पहचान के महत्वपूर्ण अध्यायों का समाप्त होना है.
वन डिस्ट्रिक्ट-वन कुजीन में भी अपार संभावनाएं
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश का ओडीओपी आज धूम मचा रहा है और राज्य का निर्यात दो लाख करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है. इसी तरह वन डिस्ट्रिक्ट-वन कुजीन में भी अपार संभावनाएं हैं. मुख्यमंत्री ने संस्कृति विभाग और सभी अकादमियों को निर्देश दिया कि प्रदेश में वन डिस्ट्रिक्ट-वन आर्ट कार्यक्रम को प्राथमिकता दी जाए. प्रदेश भर के कलाकारों को मंच दिया जाए और हर जिले की अपनी विशिष्ट कला को आगे बढ़ाया जाए. कलाकार अपनी प्रस्तुति दें और लोगों को भारतीय संगीत की आध्यात्मिक शक्ति का अहसास हो.
AI का करें उपयोग पर सांस्कृतिक जड़ों को न भूलें युवा
युवा कलाकारों को प्रेरित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि आज दुनिया तेजी से बदल रही है. युवा टेक्नोलॉजी, डिजिटल माध्यम और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का भरपूर उपयोग करें और नए प्रयोग कर दुनिया के सामने जाएं, लेकिन अपनी माटी की सुगंध, लोक धुन, गुरु की सीख और सांस्कृतिक जड़ों को कभी न भूलें. तकनीक जीवन की सहजता के लिए है, सांस्कृतिक जड़ों और संबंधों को तोड़ने के लिए नहीं.
अकादमी में तत्काल दूर होगी मानव संसाधन की कमी
मुख्यमंत्री ने संगीत नाटक अकादमी में कलाकारों द्वारा लुप्तप्राय वाद्ययंत्रों (विचित्र वीणा, सारंगी, पखावज आदि) की शानदार प्रस्तुति की प्रशंसा की. उन्होंने कहा कि यह प्रस्तुतियां भरोसा दिलाती हैं कि हमारी विरासत सुरक्षित हाथों में है. मुख्यमंत्री ने अपर मुख्य सचिव पर्यटन एवं संस्कृति अमृत अभिजात को मंच से निर्देश दिया कि अकादमी में मैनपावर की कमी को तत्काल पूरा करें. इसके लिए बोर्ड या कमेटी बनाकर चयन करें और आवश्यकता हो तो उम्र में भी छूट दें, लेकिन पद खाली नहीं रहने चाहिए.
शिव के डमरू और कृष्ण की बांसुरी से निकला संगीत
संगीत की महत्ता बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत में संगीत केवल मनोरंजन नहीं, बल्कि परमात्मा की आराधना का मार्ग है. भगवान शिव के डमरू से माहेश्वर सूत्र निकले और योगेश्वर श्रीकृष्ण की बांसुरी व मां सरस्वती की वीणा हमें नाद की ध्वनि से जोड़ती है. उन्होंने लखनऊ, बनारस, आगरा और रामपुर घरानों के साथ पंडित बिरजू महाराज, लच्छू महाराज, गिरिजा देवी और बेगम अख्तर के योगदान को नमन किया. साथ ही ब्रज की रासलीला, पूर्वांचल के बिरहा और बुंदेलखंड के आल्हा जैसी लोक कलाओं का विशेष उल्लेख किया, जो गुरु शिष्य परंपरा को आगे बढ़ा रही हैं.
खोत ने योगी का किया अभिनंदन
उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के अध्यक्ष प्रोफेसर जयंत खोत ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अभिनंदन करते हुए बताया कि 13 नवंबर 1963 को स्थापित यह अकादमी संगीत, नृत्य, नाटक और लोककलाओं के प्रचार प्रसार और संरक्षण के लिए निरंतर कार्य कर रही है.
कार्यक्रम में ये रहे मौजूद
इस अवसर पर मुख्यमंत्री के सलाहकार अवनीश कुमार अवस्थी, लोकगायिका मालिनी अवस्थी, भारतेन्दु नाट्य अकादमी के अध्यक्ष रवि शंकर त्रिपाठी, राज्य ललित कला अकादमी के उपाध्यक्ष गिरीश चंद्र मिश्र, बिरजू महाराज कथक संस्थान की उपाध्यक्ष मिथिलेश तिवारी, कुमकुम धर, संगीत नाटक अकादमी के निदेशक राजकुमार और जैन विद्या शोध संस्थान के उपाध्यक्ष अभय जैन समेत कला एवं संस्कृति से जुड़ी कई हस्तियां उपस्थित रहीं.
