India-US Trade: भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित व्यापार समझौते से जुड़े अधिकांश मुद्दों को सुलझा लिया गया है और यह समझौता जल्द ही पूरा हो सकता है. विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने शनिवार को यह जानकारी दी. व्यापार वार्ता पर जयशंकर ने बताया कि बातचीत अब अपने अंतिम चरण में पहुंच गई है और शेष बातों को दूर करने के प्रयास जारी हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि जो कुछ मुद्दे बचे हैं, वे भारत की ओर से नहीं बल्कि अमेरिकी पक्ष में हुए हालिया बदलावों के कारण हैं.
मियामी में होगी द्विपक्षीय वार्ता
विदेश मंत्री का यह बयान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संभावित अमेरिका यात्रा से ठीक एक महीने पहले आया है. प्रधानमंत्री मोदी G-20 शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए अमेरिका जा सकते हैं. इस यात्रा के दौरान उनकी मुलाकात अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से होने की उम्मीद है, जहां दोनों नेता द्विपक्षीय संबंधों और इस व्यापार समझौते की प्रगति की समीक्षा कर सकते हैं. ऐसी अटकलें हैं कि 14 और 15 दिसंबर को मियामी में होने वाले G-20 शिखर सम्मेलन के दौरान मोदी और ट्रंप के बीच बातचीत के बाद भारत और अमेरिका किसी व्यापार समझौते की घोषणा कर सकते हैं.
अमेरिकी बदलावों के कारण अटके हैं कुछ मुद्दे
जयशंकर ने कहा कि उनकी समझ के अनुसार, ज्यादातर मुद्दों को सुलझा लिया गया है. अब बस कुछ आखिरी मुद्दे बचे हैं और कई मामलों में ये चिंताएं हमारी तरफ से नहीं हैं, क्योंकि बदलाव हमारी तुलना में अमेरिकी पक्ष की तरफ से ज्यादा हुए हैं. उन्होंने कहा कि उम्मीद है कि हम इसे जल्द ही पूरा कर लेंगे. पिछले महीने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने मुंबई में कहा था कि दोनों पक्ष व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के बहुत करीब हैं. भारत और अमेरिका 2025 की शुरुआत से ही एक प्रस्तावित व्यापार समझौते पर बातचीत कर रहे हैं. इसका मकसद टैरिफ से जुड़े विवादों को सुलझाना, गैर-टैरिफ बाधाओं को खत्म करना और दोनों देशों के बीच बाजार तक पहुंच को बढ़ाना है.
अमेरिका भारत का सबसे बड़ा बाजार
भारत चाहता है कि अमेरिकी बाजार में उसके सामानों के लिए टैरिफ की शर्तें उसके प्रतिस्पर्धियों की तुलना में बेहतर हों. जयशंकर ने कहा कि हमारे लिए सबसे अहम बात यह है कि हमें एक ऐसा व्यापार समझौता चाहिए जो फायदेमंद हो, संतुलित हो और जो हमें अन्य समान अर्थव्यवस्थाओं के समूहों की तुलना में एक बेहतर स्थिति (तुलनात्मक लाभ) दिला सके. उन्होंने कहा कि हम असल में यही चाहते हैं और हमारी यही उम्मीद है कि जब यह व्यापार समझौता पूरा हो जाए, तो हम एक मजबूत स्थिति में हों. जयशंकर ने कहा कि अमेरिका भारत का सबसे बड़ा बाज़ार है और उसके साथ व्यापार समझौता होने से देश को फायदा होगा.
मिडिल ईस्ट टेंशन के बीच OPEC+ ने बढ़ाया तेल उत्पादन, जानें भारत पर क्या हो सकता है असर
