Public Gathering in Delhi: दिल्ली के रामलीला मैदान में रैली, धरना या किसी बड़े सार्वजनिक कार्यक्रम का आयोजन करने की तैयारी है, तो ये खबर आपके काम की है. दिल्ली पुलिस यहां होने वाले प्रदर्शनों और सार्वजनिक कार्यक्रमों के लिए नए नियम बनाने की तैयारी कर रही है. प्रस्तावित गाइडलाइंस के मुताबिक, अब रामलीला मैदान में एक बार में अधिकतम 50 हजार लोग ही जुट सकेंगे. इतना ही नहीं, कार्यक्रम के लिए सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक का समय तय करने का प्रस्ताव भी रखा गया है. हालांकि, अभी इन नियमों पर अंतिम मुहर नहीं लगी है. दिल्ली पुलिस ने नए नियमों का ड्राफ्ट स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर (SOP) तैयार करके मंजूरी के लिए पुलिस मुख्यालय भेज दिया है. फिलहाल ये शुरुआती चरण में है. संबंधित अधिकारियों की जांच और मंजूरी के बाद ही इसे लागू किया जाएगा.
10 दिन पहले करना होगा आवेदन
प्रस्तावित नियमों के मुताबिक, रामलीला मैदान में कार्यक्रम करने वाले आयोजकों को सबसे पहले नगर निगम (MCD) से मैदान की उपलब्धता की मंजूरी लेनी होगी. इसके बाद ही वे दिल्ली पुलिस से कार्यक्रम की अनुमति मांग सकेंगे. आयोजकों को सामान्य तौर पर कार्यक्रम की तारीख से कम से कम 10 दिन पहले आवेदन करना होगा. यानी अब अचानक कार्यक्रम तय करके मैदान में भीड़ जुटाना आसान नहीं होगा. आयोजकों को पहले से पूरी तैयारी और जरूरी औपचारिकताएं पूरी करनी होंगी.
ट्रैफिक और पार्किंग की जिम्मेदारी
नए प्रस्ताव में आयोजकों की जिम्मेदारी भी बढ़ाई गई है. उन्हें ट्रैफिक पुलिस के साथ तालमेल बैठाना होगा. इसके अलावा पार्किंग और लोगों को उतारने-चढ़ाने के लिए तय जगहों का इंतजाम करना होगा. सबसे जरूरी बात ये है कि कार्यक्रम के दौरान सड़कें और इमरजेंसी रास्ते बंद नहीं होने चाहिए. एंबुलेंस और दूसरी आपातकालीन सेवाओं के लिए रास्ता हमेशा खुला रखना होगा, ताकि जरूरत पड़ने पर किसी तरह की परेशानी न हो.
दिल्ली की हवा बनी ‘जहरीली गैस’! सांस लेना हुआ मुश्किल; इन इलाकों में हालात बहुत गंभीर
हथियार और ड्रोन पर नजर
सुरक्षा व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावित SOP में हथियारों और खतरनाक वस्तुओं पर पाबंदी की बात कही गई है. कार्यक्रम में बंदूक, तलवार, भाले, धारदार सामान और अन्य प्रतिबंधित वस्तुएं ले जाने की अनुमति नहीं होगी. वहीं, रामलीला मैदान के आसपास ड्रोन उड़ाने के लिए पहले से अनुमति लेनी होगी. इसके साथ ही आयोजकों को पीने के पानी, मेडिकल सहायता, साफ-सफाई, शौचालय और कचरे के सही निपटान की व्यवस्था भी करनी होगी.
अंतिम फैसला बाकी
दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, प्रस्ताव अभी पुलिस मुख्यालय के पास विचाराधीन है. सक्षम अधिकारियों की मंजूरी मिलने के बाद ही अंतिम SOP लागू होगी. फिलहाल ये नियम प्रस्ताव के स्तर पर हैं, इसलिए इन्हें लागू व्यवस्था नहीं समझना चाहिए.
News Source: ANI
दिल्ली की हवा फिर बनी ‘जहर’! AQI 348 के पार, कई इलाकों में 400 से ज्यादा पहुंचा प्रदूषण
