Iran-US Tension: ईरान ने मध्य पूर्व में सैन्य टकराव को फिर से शुरू करने की किसी भी कोशिश के खिलाफ अमेरिका को कड़ी चेतावनी दी है. इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल होसैन मोहेब्बी ने स्पष्ट किया है कि तेहरान लंबे समय तक चलने वाले गतिरोध या ‘न युद्ध, न शांति’ की अनिश्चित स्थिति को हरगिज स्वीकार नहीं करेगा. उन्होंने कहा कि इस संघर्ष का फैसला या तो युद्ध के मैदान में होगा या फिर वाशिंगटन को ईरान की शर्तें माननी होंगी.
स्वदेशी रक्षा प्रणाली और तकनीकी बढ़त
हालिया 12 दिन के युद्ध के बाद ईरान ने अपनी सैन्य तैयारियों और घरेलू वायु-रक्षा (एयर-डिफेंस) ढांचे को युद्ध स्तर पर मजबूत किया है. मोहेब्बी ने बताया कि IRGC एयरोस्पेस फोर्स ने दिन-रात काम कर कम से कम तीन नई स्वदेशी वायु-रक्षा प्रणालियां विकसित की हैं. ये प्रणालियां न केवल देश की सुरक्षा जरूरतों को पूरा कर रही हैं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इनका निर्यात भी किया जा रहा है. ईरान अब विदेशी हथियार आपूर्तिकर्ताओं पर निर्भर नहीं है और उसकी सेना दुश्मन के हवाई प्लेटफॉर्म्स पर लगातार नजर रख रही है. अपनी बढ़ी हुई सतर्कता का सबूत देते हुए प्रवक्ता ने दावा किया कि ईरानी इकाइयों ने अमेरिका का नौवां MQ-170 टोही ड्रोन मार गिराया है, जो पूरी तरह से साबुत हालत में बरामद हुआ है.
4,500 किमी तक मिसाइल रेंज और यूरोप को खतरा
रक्षात्मक प्रणालियों के अलावा मोहेब्बी ने ईरान की आक्रामक बैलिस्टिक मिसाइल क्षमताओं का भी जिक्र किया. उन्होंने बताया कि ईरान पहले ही 4,500 किलोमीटर की मारक क्षमता का प्रदर्शन कर चुका है, जो हिंद महासागर में डिएगो गार्सिया के पास तक पहुंच सकती है. उन्होंने कहा कि पहले 2,000 किलोमीटर की रेंज की सीमा तय थी, लेकिन यदि मौजूदा सर्वोच्च नेता आदेश दें, तो ईरान यूरोप में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर भी सटीक हमला करने में पूरी तरह सक्षम है.
अमेरिकी सैन्य नेटवर्क को भारी नुकसान का दावा
हालिया संघर्ष के असर का आकलन करते हुए IRGC प्रवक्ता ने दावा किया कि युद्ध ने क्षेत्र में अमेरिका के करीब 16 सैन्य ठिकानों के नेटवर्क की कमजोरियों को उजागर कर दिया है. इसमें कतर का ‘अल उदीद एयर बेस’, बहरीन के ‘अल जुफैर’ व ‘शेख ईसा’ नौसैनिक अड्डे और कुवैत के ‘अली अल सलेम’ व ‘अहमद अल जाबेर’ लॉजिस्टिक बेस शामिल हैं. मोहेब्बी के अनुसार, ईरानी हमलों में अमेरिका के कई ठिकाने नष्ट हो गए या काम करने लायक नहीं रहे.
लगातार बने खतरों के कारण वाशिंगटन को अपनी सैन्य मौजूदगी ‘हॉर्न ऑफ अफ्रीका’ जैसे इलाकों में स्थानांतरित करने पर विचार करना पड़ रहा है. इसके अलावा, फारस की खाड़ी में युद्ध से पहले मौजूद करीब 40 अमेरिकी युद्धपोत अब वहां से हट चुके हैं और अमेरिकी नौसेना संघर्ष क्षेत्र से 500 से 700 किलोमीटर दूर चली गई है. उन्होंने अमेरिकी आंकड़ों का हवाला देते हुए यह भी कहा कि अमेरिका के पास ‘पैट्रियट’ और ‘THAAD’ इंटरसेप्टर मिसाइलों के भंडार में भारी कमी आई है.
जवाबी कार्रवाई की चेतावनी
ब्रिगेडियर जनरल मोहेब्बी ने कहा कि वाशिंगटन अपनी खोई हुई प्रतिष्ठा बचाने के लिए नई सैन्य गतिविधियां शुरू कर सकता है, इसलिए ईरान मौजूदा शांति को खतरे का अंत नहीं मानता. ईरानी खुफिया एजेंसियां अमेरिकी सैनिकों और हथियारों की हर हरकत को 100 प्रतिशत खतरे के रूप में देख रही हैं. अंत में उन्होंने चेतावनी दी कि हालिया युद्ध से क्षेत्रीय सहयोगियों का अमेरिकी सुरक्षा गारंटी से भरोसा उठा है. यदि अमेरिका ने कोई नया शत्रुतापूर्ण कदम उठाया, तो ईरान अपनी ‘असिमेट्रिक मिलिट्री डॉक्ट्रिन’ के तहत दुश्मन के महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे पर पहले से कहीं अधिक भारी और विनाशकारी जवाबी हमला करेगा.
केर्च ब्रिज पर यूक्रेन का भीषण हमला, रेल और सड़क यातायात बंद, रूस का क्रीमिया से टूटा संपर्क
News Source: ANI
