Home Top News केर्च ब्रिज हमले का बदला : रात भर कीव पर बरसीं रूसी मिसाइलें, अंधेरे में डूबा शहर, 3 की मौत

केर्च ब्रिज हमले का बदला : रात भर कीव पर बरसीं रूसी मिसाइलें, अंधेरे में डूबा शहर, 3 की मौत

by Sanjay Kumar Srivastava 20 November 2026, 3:56 PM IST
20 November 2026, 3:56 PM IST
केर्च ब्रिज हमले का बदला: रात भर कीव पर बरसीं रूसी मिसाइलें, शहर में अंधेरा, पुल और सड़कें क्षतिग्रस्त, 3 की मौत

Russia-Ukraine War: रूस-यूक्रेन जंग रुकने का नाम नहीं ले रहा है. रूस ने रात भर कीव में मिसाइलें और ड्रोन दागे, जिसमें तीन लोगों की मौत हो गई, नौ गंभीर घायल हो गए. हमले से पुलों तथा सड़क मार्ग को भी काफी नुकसान पहुंचा. ये हमले राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के उस बयान के कुछ घंटों बाद हुए, जिसमें उन्होंने यूक्रेन द्वारा इस हफ्ते केर्च ब्रिज पर किए गए तीन हवाई हमलों का बदला लेने की कसम खाई थी. यह पुल रूस को क्रीमिया से जोड़ता है. पुतिन ने गुरुवार को चीन में कहा था कि हम इन हमलों का जवाब देंगे. मैं चाहता हूं कि सभी को यह बात स्पष्ट हो.

कई जिलों में बिजली गुल

पुतिन वहां चीनी और अमेरिकी राष्ट्रपतियों के साथ एक शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने गए थे. पुतिन ने बताया कि पुल का सड़क वाला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है. उन्होंने इसे फिर से बनाने का वादा किया. कीव सिटी मिलिट्री एडमिनिस्ट्रेशन ने बताया कि राजधानी के चार जिलों में हमले हुए. इन हमलों के कारण बिजली आपूर्ति बड़े पैमाने पर बाधित हो गई. ऊर्जा प्रदाता कंपनी DTEK ने बताया कि हमलों के बाद पेचेर्स्की, सोलोमियांस्की, होलोसीव्स्की, निप्रोव्स्की और डार्नित्स्की जिलों के बड़े हिस्सों में बिजली गुल हो गई.

पोडिल्स्की ब्रिज को नुकसान

एक बयान में कहा गया है कि ओबोलोन्स्की और होलोसीव्स्की जिलों में गैर-आवासीय इमारतों को नुकसान पहुंचा, जबकि पोदिलस्की और डार्नित्स्की जिलों में परिवहन और लॉजिस्टिक्स ढांचे को निशाना बनाया गया. कीव के मेयर विटाली क्लिट्स्को ने बताया कि बैलिस्टिक मिसाइल हमले से पोडिल्स्की ब्रिज को नुकसान पहुंचा है, जिसके कारण अधिकारियों को नीपर नदी के दाएं किनारे से बाएं किनारे की ओर जाने वाले ट्रैफिक को बंद करना पड़ा. उन्होंने कहा कि डार्नित्स्की ब्रिज को भी नुकसान पहुंचा है. एक और हमला सदर्न ब्रिज पर हुआ, जहां ट्रैफिक अभी भी बाधित है. उन्होंने बताया कि बाएं किनारे से दाएं किनारे की ओर जाने वाले केवल 10 टन तक वजन वाले वाहनों और 18 टन तक वजन वाले सार्वजनिक परिवहन वाहनों को ही जाने की अनुमति दी जा रही है.

कीव में अलर्ट, निजी कारों से जाने से बचें

क्लिट्स्को ने निवासियों से अपील की कि जब तक बहुत जरूरी न हो, तब तक निजी कारों से शहर में जाने से बचें. उन्होंने व्यवसायों और संस्थानों से कहा कि जहां भी संभव हो, वहां से काम करने (रिमोट वर्किंग) की व्यवस्था करें. मालूम हो कि यूक्रेन ने बुधवार रात रूस और क्रीमिया को जोड़ने वाले रणनीतिक रूप से अत्यंत महत्वपूर्ण ‘केर्च ब्रिज’ पर एक बड़ा ड्रोन हमला किया था. बीते चार दिनों के भीतर इस पुल पर यूक्रेन का यह तीसरा हवाई हमला था. इस हमले के बाद पुल पर रेल यातायात पूरी तरह से ठप हो गया है, जबकि इससे पहले हुए हमलों के कारण सड़क मार्ग भी पहले से ही बंद था. क्रीमिया के रूसी-नियुक्त प्रमुख सर्गेई अक्स्योनोव ने गुरुवार को जानकारी दी कि रात में हुए हमले के बाद सुरक्षा और नुकसान का जायजा लेने के लिए पुल पर ट्रेनों की आवाजाही रोक दी गई है.

केर्च ब्रिज पर यूक्रेन का भीषण हमला, रेल और सड़क यातायात बंद, रूस का क्रीमिया से टूटा संपर्क

News Source: ANI

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?