Police Encounter: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और उत्तर प्रदेश STF ने गुरुवार रात गैंगस्टर नसीम दुर्रानी को मुठभेड़ में मार गिराया. यह मुठभेड़ बुलंदशहर में सिकंदरा बाईपास के पास हुई. सूचना पर संयुक्त टीम ने दुर्रानी को घेर लिया. पुलिस को देखकर वह स्कूटर से भागने की कोशिश करने लगा. खुद को घिरा देख उसने पुलिसकर्मियों पर गोलियां चला दीं. पुलिस टीम ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें गोलीबारी के दौरान गैंगस्टर मारा गया.
समीर हत्याकांड में था शामिल
इस संबंध में पुलिस अधिकारियों ने शुक्रवार को बताया कि गैंगस्टर नसीम दुर्रानी दाऊद इब्राहिम से जुड़ा था और दिल्ली के कानून मंत्री कपिल मिश्रा के कैंप ऑफिस के बाहर हुई समीर हत्याकांड में वांछित था. अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (STF) अमिताभ यश ने बताया कि दुर्रानी अंडरवर्ल्ड डॉन दाऊद इब्राहिम द्वारा बनाई गई कुख्यात ‘डी-कंपनी’ का सदस्य था. दुर्रानी ने डी-कंपनी के एक अहम सदस्य छोटा शकील के इशारे पर पाकिस्तानी-कनाडाई स्तंभकार तारिक फतह और तिहाड़ जेल में बंद गैंगस्टर छोटा राजन की हत्या करने का कॉन्ट्रैक्ट लिया था. हालांकि, अपनी योजनाओं को अंजाम देने से पहले ही वह मारा गया.
50,000 रुपये का था इनाम
वह गाजियाबाद के लोनी पुलिस स्टेशन में दर्ज हत्या के प्रयास के एक मामले में भी वांछित था. उस पर 50,000 रुपये का इनाम घोषित था. वह दिल्ली में हत्या के दो अलग-अलग मामलों में भी वांछित था. उत्तर प्रदेश और दिल्ली में उसके खिलाफ 26 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे, जिनमें हत्या के चार मामले, हत्या का प्रयास और जबरन वसूली के मामले शामिल हैं. स्पेशल कमिश्नर ऑफ पुलिस (क्राइम ब्रांच) हरगोबिंदर सिंह धालीवाल ने बताया कि छोटा शकील ने नसीम को फतेह की गतिविधियों के बारे में जानकारी दी थी और उसे निर्देश दिया था कि जब फतेह दिल्ली आए, तो उसे अपना निशाना बनाए.
‘लाइव टू किल’ नाम से चलाता था इंस्टाग्राम
धालीवाल ने बताया कि नसीम ने नोएडा के सेक्टर 16-A स्थित फिल्म सिटी में रेकी भी की थी, जहां फतेह को एक टीवी प्रोग्राम के लिए आना था. उत्तर-पूर्वी दिल्ली के सोनिया विहार इलाके में कपिल मिश्रा के कैंप ऑफिस के बाहर 16 नवंबर को समीर की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस मामले की जांच के दौरान दुर्रानी का नाम सामने आया था. पुलिस के मुताबिक, हमले के दौरान पीड़ित पर 12 से ज्यादा राउंड गोलियां चलाई गई थीं. धलीवाल ने बताया कि दुर्रानी ‘लाइव टू किल’ नाम से एक इंस्टाग्राम अकाउंट चलाता था, जिसका इस्तेमाल वह दहशत फैलाने और लोगों को आपराधिक गतिविधियों की ओर आकर्षित करने के लिए करता था.
फरार साथियों की तलाश जारी
पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि इस अकाउंट को कौन संभालता था और अपने नेटवर्क को बढ़ाने के लिए इसका इस्तेमाल कैसे किया जाता था. अधिकारी ने बताया कि दुर्रानी हाल ही में ट्रांस-यमुना इलाके में सक्रिय हो गया था. उन्होंने कहा कि उसके मारे जाने से उसके आपराधिक नेटवर्क को बड़ा झटका लगेगा. धलीवाल ने बताया कि पुलिस उसके उन साथियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने की कोशिश कर रही है जो अभी भी फरार हैं.
लॉरेंस बिश्नोई के भाई के नाम पर 60 लाख की रंगदारी , लिफाफे में भेजा आधा नोट, मास्टरमाइंड को दबोचा
