Russia-Ukraine War: रूस ने यूक्रेन के पश्चिमी शहर ल्वीव में रातभर मिसाइलों और ड्रोनों से भीषण हमला किया. हमले से शहर दहल गया. नागरिकों में चीखपुकार मच गई. लोग घरों ले निकलकर मैदानों की तरफ भागने लगे. हमले में 2 लोगों की मौत हो गई, जबकि 10 से ज्यादा लोग गंभीर घायल हो गए. हमले में एक मिसाइल सड़क किनारे स्थित एक इमारत से टकराया. टक्कर के कारण मलबा सड़क पर चारों ओर फैल गया. यह हमला ल्वीव के ज़ालिज़नीचनी जिले में हुआ, जिससे रिहायशी इमारतों और गैरेजों में आग लग गई और संपत्तियों तथा वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा.
110 से ज्यादा मिसाइलें दागीं
यूक्रेनी अधिकारियों के अनुसार, इस बमबारी में रिहायशी इमारतें, एक डॉर्मिटरी, एक गोदाम और महत्वपूर्ण ऊर्जा बुनियादी ढांचे को नुकसान पहुंचा है. हमलों में स्केनिलिव रेलवे स्टेशन का एक टिकट टर्मिनल भी क्षतिग्रस्त हो गया. तबाही ल्वीव शहर से आगे बढ़कर पड़ोसी ज़ोलोचिव जिले तक पहुंच गई, जहां एक रूसी ड्रोन के गिरने से तीन घर और एक वाहन क्षतिग्रस्त हो गए और एक व्यक्ति घायल हो गया. यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर ज़ेलेंस्की ने कहा कि रूस ने इस बड़े हमले के दौरान 400 से अधिक हमलावर ड्रोन और 110 से ज़्यादा मिसाइलें दागीं, जिनमें 27 बैलिस्टिक मिसाइलें भी शामिल थीं. इन हमलों का असर कीव और यूक्रेन के कई अन्य हिस्सों पर भी पड़ा.
NATO से सुरक्षा की गारंटी मांग रहे जेलेंस्की
यह ताज़ा हमला ऐसे समय में हुआ है जब यूक्रेन के लिए सुरक्षा गारंटी और ‘नॉर्थ अटलांटिक ट्रीटी ऑर्गनाइज़ेशन’ (NATO) में उसकी संभावित सदस्यता को लेकर राजनयिक बातचीत चल रही है. जेलेंस्की ने दोहराया कि यूक्रेन के लिए NATO की सदस्यता ही सबसे स्पष्ट सुरक्षा गारंटी है. उन्होंने तर्क दिया कि यूक्रेन के शामिल होने से यह गठबंधन और भी मज़बूत होगा. बर्लिन में ‘कोएलिशन ऑफ़ द विलिंग’की बैठक के दौरान हुई चर्चाओं का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि सहयोगी देश समझते हैं कि यूक्रेन के लिए सबसे स्पष्ट सुरक्षा गारंटी NATO की सदस्यता है और NATO को मज़बूत करने का सबसे स्पष्ट तरीका यूक्रेन को इसमें शामिल करना है.
अनुच्छेद 5 पर खड़े किए सवाल
ज़ेलेंस्की ने नाटो के अनुच्छेद 5 की तर्ज पर सुरक्षा गारंटी के प्रस्तावों को लेकर भी चिंता जताई. नाटो का यह अनुच्छेद सामूहिक रक्षा की बात करता है. ज़ेलेंस्की ने कहा कि कीव को अभी भी यह स्पष्ट नहीं है कि ऐसी व्यवस्थाएं कैसे काम करेंगी और क्या इसमें शामिल देश किसी और हमले की स्थिति में यूक्रेन की रक्षा करने के लिए तैयार होंगे. उन्होंने कहा कि यूक्रेन के लिए अभी भी स्थिति साफ नहीं है, क्योंकि हमारे पास इस बात का पूरा जवाब नहीं है कि यह सामूहिक व्यवस्था क्या होगी, यह हमारी रक्षा कैसे करेगी और क्या यह हमलावर को पीछे धकेलने के लिए तैयार होगी.
राष्ट्रपति ने स्थायी शांति की बात कही
ठोस प्रतिबद्धताओं की आवश्यकता पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि जवाब सिर्फ शब्दों में नहीं होने चाहिए, ये लिखित रूप में होने चाहिए. यूक्रेन के राष्ट्रपति ने दीर्घकालिक सुरक्षा गारंटी की भी मांग की, जो अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का कार्यकाल खत्म होने के बाद भी प्रभावी बनी रहे. उन्होंने कहा कि हमें दो साल के लिए नहीं, बल्कि हमेशा के लिए सुरक्षा गारंटी चाहिए. उन्होंने तर्क दिया कि अस्थायी व्यवस्थाओं से केवल कुछ समय के लिए विराम मिल सकता है, लेकिन इससे स्थायी शांति स्थापित नहीं होगी.
केर्च ब्रिज पर यूक्रेन का भीषण हमला, रेल और सड़क यातायात बंद, रूस का क्रीमिया से टूटा संपर्क
News Source: ANI
