Delhi Traffic: दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सोमवार को यात्रा करने वाले लोगों के लिए महत्वपूर्ण ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. ट्रैफिक पुलिस ने आम जनता को सावधान करते हुए अपील की है कि वे असुविधा से बचने के लिए इन प्रभावित रास्तों का उपयोग करने से बचें और अपनी यात्रा के लिए अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें.दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कहा कि राजघाट स्थित महात्मा गांधी स्मृति स्थल पर प्रस्तावित VIP मूवमेंट और मध्य व उत्तरी दिल्ली में निकलने वाले एक धार्मिक जुलूस के कारण कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन लागू किए जाएंगे.
इन रास्तों पर जाने से बचें
पुलिस ने बताया कि सुबह 10 से 11 बजे के बीच स्थिति के आधार पर ITO चौक, दिल्ली गेट, गुरु नानक चौक, शांतिवन चौक, राजघाट डीटीसी डिपो और आईपी फ्लाईओवर के आसपास ट्रैफिक नियंत्रित रहेगा. इस दौरान बीएसजेड (BSZ) मार्ग, रिंग रोड (शांतिवन से आईपी फ्लाईओवर), आसफ अली रोड, निषाद राज मार्ग और रणजीत सिंह फ्लाईओवर की ओर जाने वाले रास्तों पर जाम की स्थिति बन सकती है. इसके अलावा दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने सोमवार को श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर दिल्ली सिख गुरुद्वारा प्रबंधक समिति द्वारा आयोजित किए जा रहे ‘नगर कीर्तन’ जुलूस के लिए भी एक एडवाइजरी जारी की है.
सुबह 10 बजे से लागू होंगी ट्रैफिक पाबंदियां
जुलूस के आगे बढ़ने और ट्रैफिक की स्थिति को देखते हुए मध्य और उत्तरी दिल्ली में सुबह 10 बजे से अलग-अलग चरणों में ट्रैफिक पाबंदियां और डायवर्जन लागू किए जाएंगे. जुलूस चांदनी चौक में गुरुद्वारा सीस गंज साहिब से शुरू होगा और जीटी करनाल रोड पर गुरुद्वारा नानक पियाओ साहिब में समाप्त होने से पहले फतेहपुरी, खारी बावली, नया बाजार चौक, पीली कोठी रोड, पुल मिठाई, जोरावर सिंह मार्ग, बरफ खाना चौक, पुल बंगश मेट्रो स्टेशन, रोशनआरा रोड, घंटा घर और शक्ति नगर चौक से होकर गुजरेगा.
अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलें
इसका अलावा चांदनी चौक, टाउन हॉल, फ़तेहपुरी, खारी बावली, श्यामा प्रसाद मुखर्जी मार्ग, कुतुब रोड चौक, पुल डफरिन, पुल मिठाई, जोरावर सिंह मार्ग, बरफ खाना चौक, रानी झांसी फ्लाईओवर, सब्जी मंडी, पुल बंगश, रोशनआरा रोड, रोशनआरा पार्क, घंटा घर, शक्ति नगर चौक, नागिया पार्क गोल चक्कर, रूप नगर और जीटी करनाल रोड पर गुरुद्वारा नानक पियाओ साहिब की ओर यातायात विनियमन और डायवर्जन लागू किया जा सकता है. यात्रियों को सलाह दी गई है कि जहां भी संभव हो जुलूस मार्ग से बचें. अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं. अतिरिक्त समय लेकर निकलें और यातायात कर्मियों द्वारा जारी निर्देशों का पालन करें.
