Bangladesh Violence: बांग्लादेश में हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है. बांग्लादेश के नरेल जिले में अवामी लीग के नेताओं और कार्यकर्ताओं की संपत्तियों पर हमले के बाद लगभग 30 घरों में आग लगा दी गई. देश के अन्य हिस्सों में भी हिंसा फैलने के कारण सुरक्षा बलों की तैनाती बढ़ा दी गई है. ये हमले कालिया उपजिला के बेंदारचर गांव में शुक्रवार दोपहर से आधी रात तक हुए. इस दौरान कई घरों और दुकानों में तोड़फोड़ की गई और उनमें लूटपाट भी हुई. जिन संपत्तियों को निशाना बनाया गया, उनमें अवामी लीग के पूर्व सांसद बीएम कबीरुल हक मुक्ति, कालिया नगर पालिका के पूर्व मेयर मुशफिकुर रहमान लिटन और स्थानीय पार्टी महासचिव कृष्णपदा घोष के घर शामिल हैं.
पुलिस ने शुरू की जांच
कालिया उपजिला के कार्यकारी अधिकारी मो. जिन्नतुल इस्लाम ने बताया कि पूर्व सांसद (MP) के घर समेत कई घरों में तोड़फोड़ की गई और पांच से छह घरों में आग लगा दी गई. उन्होंने मुक्ति और घोष के घरों पर हमले की पुष्टि की. कहा कि प्रशासन अभी तक यह पता नहीं लगा पाया है कि इसके लिए कौन जिम्मेदार है. मामले की जांच चल रही है. नराइल जिला पुलिस ने कहा कि पिछले हफ्ते हुई हिंसा में मारे गए दो बीएनपी नेताओं के रिश्तेदार और समर्थक शुक्रवार दोपहर बेन्दारचर में इकट्ठा हुए. उन्होंने अवामी लीग के उन नेताओं और कार्यकर्ताओं के घरों पर हमला किया, जिन पर इन हत्याओं में शामिल होने का आरोप है.
पुलिस ने दागे आंसू गैस के गोले
पुलिस ने बताया कि वे मौके पर पहुंचे और स्थिति को काबू में किया. साथ ही, वहां अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है. नराइल के पुलिस अधीक्षक मोहम्मद अल मामून सिकदर ने बताया कि मारे गए बीएनपी नेताओं के रिश्तेदारों और समर्थकों ने तीन से चार घरों पर हमला किया और उनमें तोड़फोड़ की. नराइल में ये हमले 18 नवंबर को हुए उस घटना के बाद हुए, जिसमें बीएनपी के मोटरसाइकिल जुलूस पर हमला किया गया था और बीएनपी से जुड़े दो नेताओं की हत्या कर दी गई थी. शनिवार को पबना जिले की बेरा नगर पालिका में बीएनपी और अवामी लीग के समर्थकों के बीच झड़प भी हुई.यह हिंसा सुबह करीब 11 बजे शुरू हुई और दोपहर तक चलती रही. स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को रबर की गोलियां चलानी पड़ीं और आंसू गैस के गोले दागने पड़े.
कई जिलों में 95 प्लाटून तैनात
इस बीच, बॉर्डर गार्ड बांग्लादेश (BGB) ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सार्वजनिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए कई जिलों में 95 प्लाटून तैनात किए हैं, जिनमें गोपालगंज में तैनात दो बटालियन भी शामिल हैं. गृह मंत्रालय के निर्देश पर ढाका, नारायणगंज, गाजीपुर, गोपालगंज, मयमनसिंह, फरीदपुर और कॉक्स बाजार में जवानों को तैनात किया गया है. इस बल ने महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों और औद्योगिक क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है. इनका मुख्यालय ड्रोन, बॉडी कैमरे और अन्य उपकरणों के जरिए चौबीसों घंटे लाइव फुटेज की निगरानी कर रहा है. इस महीने की शुरुआत में, सरकार द्वारा हसीना के नए पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र के अनुरोध को खारिज किए जाने के बाद बांग्लादेश में अशांति की एक नई लहर देखने को मिल रही है.
बांग्लादेश हिंसा को लेकर भारत सतर्क! जयंशकर ने अमेरिकी MEA और NSA के सामने उठाया मुद्दा
