Home Top News कोटा में भीषण सड़क हादसा : खड़े ट्रक से टकराई तीर्थयात्रियों की गाड़ी, 9 लोगों की मौत, 7 गंभीर

कोटा में भीषण सड़क हादसा : खड़े ट्रक से टकराई तीर्थयात्रियों की गाड़ी, 9 लोगों की मौत, 7 गंभीर

by Sanjay Kumar Srivastava 22 November 2026, 12:02 PM IST
22 November 2026, 12:02 PM IST
कोटा में भीषण हादसा: खड़े ट्रक से टकराई तीर्थयात्रियों की गाड़ी, 9 लोगों की मौत, PM मोदी ने जताया दुख

Rajasthan Accident: राजस्थान के कोटा जिले में कोटा-उदयपुर हाईवे पर शंभूपुरा के पास तीर्थयात्रियों को ले जा रही एक गाड़ी खड़े ट्रक से टकरा गई, जिसमें 9 लोगों की मौत हो गई और कई घायल हो गए. अतिरिक्त जिला कलेक्टर राजेश जोशी ने बताया कि गाड़ी में 16 लोग सवार थे. सभी खाटू श्याम जी के दर्शन करके महाराष्ट्र लौट रहे थे, तभी शनिवार देर रात को यह हादसा हो गया. उन्होंने बताया कि गाड़ी में सवार सभी लोग एक ही परिवार के थे. जोशी ने बताया कि शंभूपुरा के पास 16 लोगों को ले जा रही एक गाड़ी आधी रात को एक ट्रक से टकरा गई. यह एक बेहद दुखद और दर्दनाक हादसा था, जिसमें 9 लोगों की जान चली गई, जबकि सात लोग गंभीर घायल हो गए.

मौके पर पहुंचे पुलिस और प्रशासन के अधिकारी

उन्होंने कहा कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत व बचाव कार्य शुरू करा दिया. कहा कि प्रशासन की पहली प्राथमिकता घायलों को सही इलाज मुहैया कराना है. एक पीड़ित ने बताया कि उनका समूह तीन गाड़ियों में खाटू श्याम से धार की ओर जा रहा था, जिसमें से दो गाड़ियां पीछे रह गईं, जबकि तीसरी गाड़ी आगे निकल गई थी. फिर हमें एक रिश्तेदार का फोन आया कि हादसा हो गया है, इसलिए हम तुरंत मौके पर पहुंच गए. पीड़ित ने बताया कि इस समूह में 36 लोग थे जो तीन गाड़ियों में सवार थे और वे सभी आपस में रिश्तेदार थे.

मोदी ने हादसे पर जताया दुख

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को राजस्थान के कोटा जिले में एक सड़क हादसे में 9 लोगों की मौत पर दुख जताया है. उन्होंने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की है, जबकि हादसे में घायल हुए लोगों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे. प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने ‘X’ पर एक पोस्ट के जरिए प्रधानमंत्री मोदी का संदेश साझा किया, जिसमें उन्होंने शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना जताई और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की.

परिजनों को दो-दो लाख की आर्थिक सहायता

प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि राजस्थान के कोटा में हुए एक दुखद हादसे में लोगों की जान जाने से बहुत दुख हुआ है. दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं. घायल लोग जल्द स्वस्थ हों. प्रभावित परिवारों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा करते हुए PMO ने कहा कि जान गंवाने वालों के परिजनों को PMNRF से 2-2 लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी. घायलों को 50-50 हजार रुपये दिए जाएंगे. इससे पहले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी इस हादसे पर दुख जताया. उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना की.

बाराबंकी में भीषण सड़क हादसा : पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर खड़े पिकअप से टकराई एम्बुलेंस, पांच की मौत

News Source: ANI

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?