Home Top News जिम्बाब्वे की करिबा झील में दर्दनाक हादसा! नाव पलटने से 15 की मौत, 27 लोग लापता; 119 थे सवार

जिम्बाब्वे की करिबा झील में दर्दनाक हादसा! नाव पलटने से 15 की मौत, 27 लोग लापता; 119 थे सवार

by Amit Dubey 12 August 2026, 9:04 AM IST (Updated 12 August 2026, 9:05 AM IST)
12 August 2026, 9:04 AM IST (Updated 12 August 2026, 9:05 AM IST)
Zimbabwe Kariba Lake

Zimbabwe Kariba Lake: जिम्बाब्वे से एक बहुत ही दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है. यहां एक झील में नाव पलटने से करीब 15 लोगों की मौत हो चुकी है और 27 लोग अभी भी लापता हैं. इस घटना ने क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है.

न्यूज एजेंसी की एक रिपोर्ट के अनुसार, नेशनल डिजास्टर मैनेजमेंट एजेंसी ने बताया कि जिम्बाब्वे की करिबा झील (Kariba Lake) में क्षमता से ज्यादा लोगों को ले जा रही एक फेरी पलट गई, जिससे कम से कम 15 लोगों की मौत हो गई और 27 लोग लापता हो गए. एजेंसी ने यह भी बताया कि अब तक 77 लोगों को बचा लिया गया है और उन्हें झील के एक द्वीप पर ले जाया गया है. आइए जानते हैं पूरी खबर.

नाव पर सवार थे 119 से अधिक लोग

मिली जानकारी के अनुसार, जिम्बाब्वे की नागरिक सुरक्षा इकाई के बयान में कहा गया है कि टिकटों की बिक्री की पुष्टि के आधार पर यह बताया जा सकता है कि जहाज पर 114 वयस्क यात्री और पांच चालक दल के सदस्य सवार थे. बयान में यह भी कहा गया है कि संभवतः टिकट खरीदने की उम्र से कम उम्र के कुछ अज्ञात बच्चे भी जहाज पर सवार थे, जिनका हिसाब नहीं रखा गया है. एजेंसी ने बताया कि नाव में 90 लोगों के सवार होने की क्षमता थी.

वहीं, स्थानीय सांसद मुत्सा मुरोम्बेजी ने एक वीडियो पोस्ट किया, जिसमें उनके अनुसार किनारे पर खड़े लोग एक पुरानी नौका को उसकी यात्रा की शुरुआत में हाथ हिलाकर विदा कर रहे थे. उन्होंने बताया कि ग्रामीण समुदाय झील के किनारे-किनारे करिबा कस्बे तक जाने के लिए इस नौका का उपयोग करते हैं.

वीडियो के अनुसार, किनारे पर खड़े कुछ लोग इस बात को लेकर भी चिंतित थे कि क्या नौका झील की तेज लहरों का सामना कर पाएगी. इससे पहले, जिम्बाब्वे पुलिस ने कहा था कि बचाव अभियान चल रहा है, लेकिन उन्होंने कोई अन्य विवरण नहीं दिया था.

दुनिया की सबसे बड़ी मानव-निर्मित झील

न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के मुताबिक, जिम्बाब्वे के सरकारी ब्रॉडकास्टर ZBC ने एक वीडियो जारी किया है जिसमें स्पीडबोट्स झील में एक पलटी हुई नाव की ओर जाती दिख रही हैं और ऊपर एक हेलिकॉप्टर मंडरा रहा है.

दक्षिणी अफ्रीका में मौजूद करिबा झील, जिम्बाब्वे और उसके पड़ोसी देश जाम्बिया के बीच सीमा बनाती है.

यह पानी की मात्रा के हिसाब से दुनिया की सबसे बड़ी मानव-निर्मित झील है. इसे 1950 के दशक के आखिर और 1960 के दशक की शुरुआत में जाम्बेजी नदी पर बांध बनाकर बनाया गया था. इससे एक घाटी धीरे-धीरे पानी से भर गई और एक विशाल झील बन गई, जो अब 200 किलोमीटर से ज्यादा लंबी और कुछ जगहों पर 40 किलोमीटर तक चौड़ी है.

जिम्बाब्वे और जाम्बिया दोनों इस झील को साझा करते हैं और इनके बीच की आधिकारिक सीमा झील के बीच से होकर गुजरती है.

हमीरपुर में यमुना में पलटी 9 लोगों से भरी नाव, 2 डूबे 4 लापता, 3 को किया रेस्क्यू, खरबूजा खाने गए थे सभी

News Source: PTI

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?