Hyderabadi Khada Dupatta: अगर आप भी अपने स्टाइल को रॉयल टच देना चाहती हैं, तो हैदराबादी खड़ा दुप्ट्टा आपके लिए परफेक्ट च्वॉइस हो सकता है.
17 April, 2026
हर दुल्हन के लिए उसकी शादी का जोड़ा सिर्फ एक आउटफिट नहीं, बल्कि उसके सपनों का हिस्सा होता है. वहीं, हैदराबाद की बात हो और वहां के ट्रेडिशनल ‘खड़ा दुपट्टा’ का जिक्र न हो, ऐसा मुमकिन नहीं. ये लगभग 400 साल पुरानी विरासत आज भी हैदराबादी मुस्लिम दुल्हनों की पहली पसंद बनी हुई है. ये सिर्फ एक फैशन नहीं, बल्कि एक ऐसी पहचान है जो इतिहास और मॉर्डन स्टाइल को बहुत खूबसूरती से जोड़ती है.

क्या है खड़ा दुपट्टा?
खड़ा दुपट्टा खासतौर से 3 हिस्सों का कॉम्बिनेशन है- कुर्ता, चूड़ीदार पजामी और 6 गज का लंबा दुपट्टा. इसकी असली जान दुपट्टे में ही बसी है, जिससे इसे अपना नाम और अलग पहचान मिलती है. उर्दू में खड़ा का मतलब होता है सीधा. साथ ही इसे पहनने का तरीका भी काफी खास है. ये दोनों कंधों को ढंकते हुए पीछे की तरफ गिरता है और इसके सिरों को बड़े करीने से सामने लाकर पिन किया जाता है. इसकी बनावट दुल्हन को एक रॉयल और एलिगेंट लुक देती है.

निजामों के शहर का सफर
इस आउटफिट का इतिहास मुगल काल से जुड़ा है. माना जाता है कि उस दौर की फैशन आइकन और रानी नूरजहां ने इस तरह के कपड़ों और इनकी बुनावट को काफी बढ़ावा दिया था. जब मुगलों का प्रभाव दक्कन यानी दक्षिण भारत तक पहुंचा, तो वहां के लोकल ट्रेडिशन और मुगल आर्ट के कॉम्बिनेशन से ‘खड़ा दुपट्टा’ ने अपना मॉर्डन रूप लिया. हैदराबाद के निजामों के दौर में ये दरबारी पोशाक बन गई और धीरे-धीरे महलों से निकलकर आम हैदराबादी परिवारों की शादियों का हिस्सा बन गई.
यह भी पढ़ेंःKiara Advani का Pink साड़ी में न्यू मॉम वाला ग्लो, आप भी पा सकती हैं उनके जैसा किलर लुक

डिजाइन की बारीकियां
खड़ा दुपट्टा अपनी हैवी और बारीक नक्काशी के लिए फेमस है. इसके बॉर्डर्स पर जरदोजी, दबका और गोटा-पट्टी का काम होता है, जो इसे वेट और मजबूती देता है. इससे दुपट्टा अपने खास स्टाइल में ‘खड़ा’ रहता है. पूरे दुपट्टे पर जाल पैटर्न, कुंदन का काम या फूलों की बेलें हाथ से कढ़ी होती हैं. हालांकि, हर पीढ़ी इसे नए तरीके से पेश करती है, लेकिन इसकी सोल वही पुरानी और रॉयल रहती है.

आज भी बरकरार है जलवा
आज के टाइम में भी खड़ा दुपट्टा अपनी पहचान बनाए हुए है. फेमस सेलिब्रिटीज जैसे रेखा हमेशा से हैदराबादी आउटफिट्स की फैन रही हैं. इसके अलावा नीता अंबानी, सानिया मिर्जा और शोभिता धूलिपाला ने भी इस ट्रेडिशनल आउटफिट को पहनकर इसे मॉर्डन ब्राइड्स की पसंद बनाया है. वैसे भी, खड़ा दुपट्टा एक दुल्हन के लिए सिर्फ सुंदर दिखने के लिए नहीं है, बल्कि अपनी जड़ों और पूर्वजों की विरासत से जुड़ना है. ये एक ऐसा कल्चरल हेरिटेज है जो टाइम के साथ और भी कीमती होता जा रहा है. 400 साल बाद भी इसकी चमक फीकी नहीं पड़ी है, जो ये साबित करता है कि असली क्लासिक कभी पुराना नहीं होता.
यह भी पढ़ेंः विदेशी चमक छोड़ अब अपनी मिट्टी के रंग में रंग रहा है India, हो चुकी है देसी Fashion की धमाकेदार वापसी
