Saree Care Tips: साड़ी सिर्फ एक आउटफिट नहीं, बल्कि कई महिलाओं के लिए यादों और स्टाइल से जुड़ी खास चीज होती है. शादी की बनारसी हो, मां की दी हुई कांजीवरम या रोज पहनने वाली कॉटन साड़ी, हर साड़ी की अपनी खासियत होती है. लेकिन खूबसूरत साड़ियों को लंबे समय तक नया जैसा बनाए रखना थोड़ा मुश्किल हो सकता है. खासकर तब, जब हर फैब्रिक की देखभाल का तरीका अलग हो. कुछ आसान टिप्स फॉलो करके आप अपनी पसंदीदा साड़ियों की चमक और खूबसूरती लंबे समय तक बरकरार रख सकती हैं.

धूप से बचाएं
कांजीवरम और बनारसी जैसी सिल्क साड़ियों में जरी का काम होता है. इन्हें तेज धूप और ज्यादा नमी से दूर रखना बेहतर है. साड़ी को प्लास्टिक में रखने के बजाय मुलायम सूती या मलमल के कपड़े में लपेटकर रखें. साड़ी को कुछ महीनों बाद बाहर निकालकर हवा भी लगाएं. इससे फैब्रिक और जरी दोनों ठीक रहेंगे.
ठंडा पानी
कॉटन और जामदानी साड़ियों को धोते समय ठंडे पानी का इस्तेमाल करें. खासकर पहली कुछ धुलाई में इन्हें अलग धोना अच्छा रहता है, क्योंकि रंग निकलने की संभावना रहती है. इन्हें तेज धूप में सुखाने के बजाय छांव में सुखाएं. हल्की नमी रहते हुए आयरन करने से साड़ी अच्छी तरह प्रेस हो जाती है.
प्यार से ट्रीटमेंट
जॉर्जेट और शिफॉन जैसी हल्की साड़ियों को वॉशिंग मशीन में डालना भारी पड़ सकता है. इन्हें हल्के डिटर्जेंट के साथ ठंडे पानी में हाथ से धोना बेहतर है. धोने के बाद साड़ी को निचोड़ने के बजाय तौलिए में हल्के से रोल करें, ताकि एक्स्ट्रा पानी निकल जाए. इसके बाद साड़ी को छांव में सुखाएं.

क्रीज से न घबराएं
लिनेन जल्दी सिकुड़ या क्रिज हो सकता है, लेकिन इसकी देखभाल आसान है. इसे ठंडे पानी में धोएं और ड्रायर से बचें. चौड़े हैंगर पर सुखाना बेहतर है. हल्की गीला तो तब मीडियम हीट पर आयरन करने से इसकी सिलवटें आसानी से निकल जाती हैं.
साड़ी में चाहिए रॉयल और क्लासी लुक? ये 6 Hand Embroidered स्टाइल बनाएंगे आपके वॉर्डरोब को कूल
ऑर्गेंजा और टिश्यू की देखभाल
ऑर्गेंजा और टिश्यू साड़ियां बहुत डेलिकेट होती हैं. इन्हें बहुत कसकर फोल्ड करने से क्रीज पड़ सकती हैं. इन्हें हल्के तरीके से रोल करके या सॉफ्ट फोल्ड में रखें. अगर साड़ी में जरी या मेटैलिक वर्क है, तो ड्राई क्लीनिंग ज्यादा सेफ ऑप्शन हो सकता है.
रखें रंगों का ख्याल
बांधनी और लेहरिया जैसी साड़ियों की पहली धुलाई खास होती है. इन्हें अलग से ठंडे पानी और माइल्ड साबुन से धोना बेहतर है. हैवी डिटर्जेंट और सीधी धूप इनके खूबसूरत रंगों को फीका कर सकती है.

कसकर न मोड़ें
जिन साड़ियों पर भारी कढ़ाई, सीक्विन या जरी का काम हो, उन्हें बहुत कसकर फोल्ड न करें. मलमल या सॉफ्ट टिश्यू में लपेटकर रखें. साथ ही इन्हें नमी और परफ्यूम से दूर रखें. इससे मेटैलिक वर्क की चमक खराब हो सकती है.
साड़ी की लंबी जिंदगी
चाहे साड़ी कोई भी हो, कुछ महीनों में उसकी फोल्डिंग बदलते रहें. लंबे समय तक एक ही जगह से मोड़ने पर कपड़ा वीक हो सकता है. साड़ियों को प्लास्टिक कवर में रखने के बजाय कॉटन या मलमल बैग में रखना बेहतर है. नमी से बचाने के लिए नीम की पत्तियां या सिलिका जेल पैकेट भी रखे जा सकते हैं.
इस फेस्टिव सीजन Anarkali का जलवा, ये 6 लेटेस्ट कुर्ता सेट देंगे आपको रॉयल और ट्रेंडी लुक
