Saree for Pre Wedding: शादी का सीजन आते ही सबसे पहला सवाल होता है, हल्दी में क्या पहनें, मेहंदी में क्या पहनें और ऐसा क्या हो जो खूबसूरत भी लगे और कंफर्ट भी दे? आखिर इन रस्मों में सिर्फ बैठना ही तो नहीं होता. कभी डांस, कभी फोटोशूट, कभी फूलों की माला और कभी हल्दी के बीच मस्ती. ऐसे में आउटफिट ऐसा होना चाहिए जो स्टाइल के साथ कंफर्ट भी दे. हल्दी के लिए पीला, सरसों और मैरीगोल्ड ऑरेंज जैसे कलर खूब पसंद किए जाते हैं. वहीं, मेहंदी के लिए हरा रंग सबसे ज्यादा पसंद किया जाता है. फैब्रिक हल्का हो तो लंबे फंक्शन में भी आप कंफर्टेबल रहती हैं. ऐसे में आज कुछ शानदार साड़ी ऑप्शन लेकर आए हैं, जिन्हें आप अपने प्री वेडिंग वॉर्डरोब में शामिल कर सकती हैं.

सैटिन जॉर्जेट और शिफॉन
हल्दी की सुबह के लिए हल्की और फ्लोई साड़ी चाहिए तो सैटिन जॉर्जेट या शिफॉन बेहतरीन रहती हैं. इनका हल्का शाइनिंग इफेक्ट धूप में तस्वीरों को और खूबसूरत बना देता है. फैब्रिक ज्यादा भारी नहीं होता, इसलिए फूलों की जूलरी और गजरे के साथ भी लुक ओवरड्रेस्ड नहीं लगता. सबसे अच्छी बात ये कि इन साड़ियों में सिलवटें जल्दी नजर नहीं आतीं, यानी फंक्शन खत्म होने तक भी लुक फ्रेश रहता है.
पैठणी सिल्क
अगर आपकी हल्दी थोड़ी रॉयल और फेस्टिव होने वाली है, तो मैरीगोल्ड ऑरेंज पैठणी सिल्क साड़ी भी पहन सकती हैं. इसका खूबसूरत बॉर्डर और पारंपरिक मोटिफ पूरे लुक को रिच टच देते हैं. इसके साथ सिंपल ब्लाउज और गोल्ड जूलरी पहनें तो बिना ज्यादा मेहनत के परफेक्ट लुक मिल सकता है.
Gold Tops के ये नए डिजाइन हैं कुछ ज्यादा ही खूबसूरत, सूट से लेकर साड़ी तक हर लुक पर लगेंगे शानदार

कलमकारी बनारसी
मस्टर्ड या सॉफ्ट येलो कलमकारी बनारसी साड़ी उन लड़कियों के लिए है जिन्हें ट्रेडिशनल लुक के साथ थोड़ा अलग स्टाइल चाहिए. हल्दी के मैरीगोल्ड डेकोर और पीले फूलों के बीच ये रंग बहुत ही ज्यादा खूबसूरत दिखाई देता है. फैमिली फोटो के लिए भी ये एक बढ़िया ऑप्शन है.
जामदानी कॉटन सिल्क
अगर हल्दी घर पर है और सुबह से दोपहर तक चलने वाली है, तो जामदानी कॉटन सिल्क आपके लिए परफेक्ट साड़ी है. ये हल्का और कंफर्टेबल फैब्रिक है. हैंडवोवन मोटिफ इसे एलिगेंट बनाते हैं. वहीं, कॉटन सिल्क बेस आपको गर्मी में भी ज्यादा परेशान नहीं करता. इसके साथ गजरा और हल्की गोल्ड जूलरी परफेक्ट लगती है.

ऑरेंज ऑर्गेंजा
ऑर्गेंजा की सबसे बड़ी खासियत है कि ये हल्की होने के साथ प्लीट्स को अच्छी तरह होल्ड करती है. हल्दी में जब आपको बार-बार उठना-बैठना और घूमना हो, तब ये काफी काम आती है. फ्लोरल प्रिंट और सैटिन बॉर्डर इसे फोटोजेनिक बनाते हैं. खासकर आउटडोर फंक्शन में धूप के साथ ऑर्गेंजा की खूबसूरती और निखर जाती है.
पैरेट और मेहंदी ग्रीन साड़ी
अब बात मेहंदी की तो हरे रंग को कैसे भूल सकते हैं? पैरट ग्रीन और मेहंदी ग्रीन साड़ियां मेहंदी के फंक्शन में बहुत खूबसूरत लगती हैं. टसर और गडवाल सिल्क जैसे फैब्रिक लंबे फंक्शन के लिए अच्छे ऑप्शन हैं. आप सही जूलरी और लाइट मेकअप के साथ अपना परफेक्ट मेहंदी लुक क्रिएट कर सकती हैं.
दुल्हनों के हाथों में अब मेहंदी नहीं, सजेगा कुंदन का जादू; नया ब्राइडल ट्रेंड हुआ वायरल
