Amit Shah: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को कहा कि सरकार पश्चिम बंगाल, त्रिपुरा और बिहार में जनसांख्यिकीय बदलाव बर्दाश्त नहीं करेगी. उन्होंने कहा कि केंद्र देश की सीमाओं की सुरक्षा मजबूत करने के लिए सख्त कदम उठा रहा है. शाह ने त्रिपुरा में लंकामुरा सीमा चौकी पर बीएसएफ कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की ‘स्मार्ट बॉर्डर’ परियोजना अंतिम चरण में है. गृह मंत्री ने कहा कि पश्चिम बंगाल, त्रिपुरा और बिहार में जनसांख्यिकीय बदलाव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
अत्याधुनिक तकनीक से लैस होंगे सीमा प्रहरी
केंद्र अंतरराष्ट्रीय सीमाओं की सुरक्षा में कमियों को दूर करने के लिए सभी प्रयास कर रहा है. उन्होंने कहा कि ‘स्मार्ट बॉर्डर’ की अवधारणा को पायलट प्रोजेक्ट के रूप में देश के सात से आठ स्थानों पर लागू किया जाएगा. उन्होंने केंद्रीय गृह सचिव और बीएसएफ के महानिदेशक से सीमावर्ती क्षेत्रों का दौरा करने का अनुरोध किया. शाह ने कहा कि नई सुरक्षा ग्रिड में अत्याधुनिक तकनीक, स्थानीय प्रशासन और सीमा प्रहरी शामिल होंगे. उन्होंने कहा कि हर सीमा पर मानव तस्करी से लेकर हथियारों की तस्करी और नशीली दवाओं की आपूर्ति तक की अपनी चुनौतियां हैं, लेकिन बीएसएफ जवान इन चुनौतियों का सामना करने की पूरी कोशिश करते हैं.
शाह ने कहा कि 2047 तक भारत को एक विकसित राष्ट्र बनाने के लिए हमें सीमा पार से नकली नोटों, मानव तस्करी और नशीली दवाओं की तस्करी को रोकना होगा. शाह ने मई में कहा था कि सरकार पाकिस्तान और बांग्लादेश के साथ 6,000 किलोमीटर लंबे मोर्चों को अभेद्य बनाने के लिए अगले साल तक एक तकनीक सक्षम स्मार्ट बॉर्डर परियोजना शुरू करेगी और यह सुनिश्चित करेगी कि देश की जनसांख्यिकी को बदलने की साजिश को नाकाम किया जाए. गृह मंत्री ने कहा कि भारत सरकार ने फैसला किया है कि हम न केवल घुसपैठ रोकेंगे, बल्कि एक-एक घुसपैठिए को ढूंढकर देश से बाहर भेजेंगे.
त्रिपुरा में पर्यटन को बढ़ावा, बनेगा 5 स्टार होटल
केंद्रीय गृह मंत्री शाह ने त्रिपुरा में पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से शुक्रवार को यहां एक पांच सितारा हेरिटेज होटल की आधारशिला भी रखी. एक अधिकारी ने कहा कि ताज पुष्पबंता पैलेस अगले तीन वर्षों में 250 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बनाया जाएगा. कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री माणिक साहा और टिपरा मोथा पार्टी सुप्रीमो प्रद्योत किशोर देबबर्मा भी उपस्थित थे. अधिकारी ने कहा कि प्रस्तावित होटल का नाम ताज पुष्पबंता पैलेस होगा और इसे ताज समूह द्वारा अगले तीन वर्षों में 250 करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से बनाया जाएगा. उन्होंने बताया कि इसमें कुल 104 कमरे होंगे और इनमें से चार को राजाओं की जीवनशैली को ध्यान में रखते हुए विकसित किया जाएगा.
जानें कौन हैं जनरल N.S राजा सुब्रमणि, अनिल चौहान के बाद संभाला CDS का कार्यभार
News Source: PTI
