Congress Politics: उत्तर प्रदेश के कांग्रेस प्रभारी वरिष्ठ नेता राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि यूपी में समाजवादी पार्टी के साथ सीट बंटवारे को लेकर बातचीत सही दिशा में आगे बढ़ रही है. उन्होंने बताया कि लगभग 190 से 200 सीटों की एक सूची दोनों पार्टियों के वरिष्ठ नेतृत्व को सौंप दी गई है और जल्द ही एक सम्मानजनक समझौता तय हो जाएगा. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राजेंद्र पाल गौतम ने गुरुवार को ऐतिहासिक दिल्ली रामलीला मैदान का दौरा किया. वे पार्टी की आगामी मेगा रैली की तैयारियों का जायजा ले रहे थे.
दिल्ली रैली में जुटेंगे 10 लाख से अधिक लोग
उन्होंने दावा किया कि केंद्र सरकार द्वारा इस आयोजन में बाधा डालने की कोशिशों के बावजूद राष्ट्रीय राजधानी में 10 लाख से अधिक लोग जुटेंगे. साथ ही, उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ सीट बंटवारे को लेकर बातचीत सही दिशा में आगे बढ़ रही है. गौतम ने विपक्ष के भीतर किसी भी तरह के मतभेदों को खारिज कर दिया. उन्होंने बताया कि लगभग 190 से 200 सीटों की एक सूची दोनों पार्टियों के वरिष्ठ नेतृत्व को सौंप दी गई है और जल्द ही एक सम्मानजनक समझौता तय हो जाएगा.
चुनाव आयोग पर साधा निशाना
कार्यक्रम स्थल की तैयारियों का जायजा लेते हुए गौतम ने कहा कि केंद्र सरकार लोगों को यहां आने से रोकने की कोशिश कर रही है, लेकिन वे ऐसा नहीं कर पाएंगे. 10 लाख से अधिक लोग यहां आएंगे. मोदी जी चाहे कुछ भी कर लें, अब वे इससे बच नहीं पाएंगे. कांग्रेस नेता ने सत्ताधारी पार्टी पर संवैधानिक संस्थाओं को राजनीतिक हथियार में बदलने का आरोप लगाया. उन्होंने विशेष रूप से चुनाव आयोग को निशाना बनाते हुए कहा कि सरकार इसका इस्तेमाल एक बी टीम की तरह कर रही है. साथ ही उन्होंने पेपर बैलेट (मतपत्र) की विपक्ष की पुरानी मांग को भी दोहराया.
कहा- NDA की सभी नीतियां फेल
गौतम ने कहा कि NDA की विदेश नीति विफल है, शिक्षा नीति विफल है, रोजगार नीति विफल है और आर्थिक नीति भी विफल है. उत्तर प्रदेश सरकार के हालिया सर्कुलर पर प्रतिक्रिया देते हुए, जिसमें हिंसक विरोध प्रदर्शनों या आपराधिक मामलों में शामिल रहे उम्मीदवारों को सरकारी नौकरियों से प्रतिबंधित किया गया है, गौतम ने इसे सत्ताधारी दल की असुरक्षा का प्रतीक बताया. वैसे भी योगी आदित्यनाथ के पास अब सिर्फ तीन महीने बचे हैं, जिसके बाद उन्हें अपने मठ वापस जाना होगा. यूपी में छात्र पढ़ाई का खर्च उठाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं और भारी परेशानी झेल रहे हैं, लेकिन उन्हें स्कॉलरशिप और हॉस्टल देने के बजाय उनके लिए मौकों को सीमित किया जा रहा है.
उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी (SP) के साथ सीट-बंटवारे को लेकर पूछे गए सवालों पर गौतम ने किसी भी तरह के मतभेद की खबरों को खारिज कर दिया. उन्होंने कहा कि दोनों पक्षों के वरिष्ठ नेता जल्द ही एक औपचारिक समझौते को अंतिम रूप देंगे. इससे पहले कांग्रेस नेता और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने उन लोगों से, जो उनके अनुसार ‘लोकतंत्र और संविधान की रक्षा करना चाहते हैं’ 1 नवंबर को होने वाले ‘चलो दिल्ली रामलीला मार्च’ में शामिल होने की अपील की. उन्होंने इसे ‘लोकतंत्र बचाने’, ‘वोट की चोरी’ रोकने और संविधान की रक्षा करने का एक आंदोलन बताया.
News Source: ANI
