PM Modi: विदेश दौरों से लौटने के तुरंत बाद प्रधानमंत्री मोदी ने केंद्रीय मंत्रिपरिषद के साथ बैठक की. चार घंटे से अधिक लंबी बैठक में प्रधानमंत्री ने ऊर्जा सुरक्षा और आर्थिक सुधारों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी. इस बैठक में पीएम मोदी ने पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव और होर्मुज जलडमरूमध्य की नाकाबंदी की वजह से पैदा हुए ऊर्जा संकट के बीच मंत्रियों को नए और वैकल्पिक स्रोतों की तलाश करने को कहा. गुरुवार देर शाम मंत्रिपरिषद की बैठक के दौरान प्रधानमंत्री ने उर्जा सुरक्षा से जुड़े कई मुद्दों पर बात की है.
बायोगैस के उपयोग पर बल
पीएम मोदी ने एलपीजी के विकल्प के रूप में ‘बायोगैस’ के उपयोग को तेजी से बढ़ाने पर विशेष जोर दिया है. पीएम ने पारंपरिक आयातित ईंधनों पर निर्भरता कम करने के लिए नवीकरणीय ऊर्जा के विकल्पों को तलाशने और उन्हें अपनाने का निर्देश दिया है. इस उच्च स्तरीय बैठक में प्रधानमंत्री ने मंत्रियों से ‘विकसित भारत 2047’ को एक राष्ट्रीय प्रतिबद्धता के रूप में मानने और आम जनता के लिए जीवन को सुगम बनाने वाली सुधार योजनाओं को तेजी से लागू करने को कहा है.
विकसित भारत 2047 के लक्ष्य पर फोकस
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में हुई मंत्रिपरिषद की बैठक में सुशासन, प्रशासनिक सुधार और विकसित भारत 2047 के विजन पर विशेष जोर दिया गया. बैठक में कृषि, फॉरेस्ट, लेबर, रोड ट्रांसपोर्ट, कॉरपोरेट अफेयर्स, विदेश, कॉमर्स और पावर समेत 9 मंत्रालयों और विभागों ने अपने कामकाज और उपलब्धियों पर प्रेजेंटेशन दिया. सूत्रों के मुताबिक, प्रधानमंत्री ने सभी मंत्रालयों को जनहित को सर्वोपरि रखकर काम करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि प्रशासनिक प्रक्रियाओं को और सरल बनाया जाए, फाइलों की गति तेज हो और आम लोगों को कम समय में बेहतर सेवाएं मिले. पीएम ने परिणाम आधारित कार्यसंस्कृति और दक्षता बढ़ाने पर भी जोर दिया.
जनता को बताएं केंद्र सरकार की उपलब्धियां
बैठक में प्रधानमंत्री ने कहा कि विकसित भारत 2047 केवल सरकार का नारा नहीं, बल्कि 140 करोड़ देशवासियों के सपनों को पूरा करने का राष्ट्रीय संकल्प है. उन्होंने मंत्रालयों से रिफॉर्म्स की रफ्तार बढ़ाने और नवाचार के साथ काम करने का आह्वान किया. सूत्रों के अनुसार, जिन मंत्रालयों का प्रदर्शन आंतरिक रैंकिंग के हिसाब से अपेक्षाकृत कमजोर पाया गया, उन्हें सुधार लाने और बेहतर प्रदर्शन करने के निर्देश दिए गए. बैठक में विदेश मंत्री ने प्रधानमंत्री की हालिया पांच देशों की यात्रा की जानकारी भी साझा की. वहीं, पश्चिम बंगाल चुनाव में मिली बड़ी जीत और विदेश दौरे की सफलता पर मंत्रिपरिषद की ओर से प्रधानमंत्री का अभिनंदन किया गया. इसके अलावा मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों से कहा गया कि वे केंद्र सरकार के 12 वर्षों की उपलब्धियों को लेकर जनता के बीच जाएं और सरकार के कामकाज को व्यापक स्तर पर पहुंचाएं.
News Source: PTI
