Iran-US Tension: अमेरिका के साथ बढ़ते तनाव के बीच ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य के ऊपर अमेरिकी ड्रोन को मार गिराया. ईरानी बलों द्वारा मार गिराया गया यह 58वां ड्रोन है. ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने दावा किया है कि उसके एयरोस्पेस फोर्स ने होर्मुज जलडमरूमध्य (स्ट्रेट ऑफ होर्मुज) के ऊपर एक अमेरिकी सैन्य MQ-9 ड्रोन को इंटरसेप्ट किया और उसे मार गिराया. इसके लिए उन्होंने हाल ही में तैनात किए गए एक अत्याधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम का इस्तेमाल किया. IRGC ने कहा कि ईरानी बलों द्वारा मार गिराया गया यह 58वां MQ-9 ड्रोन है.
उल्लंघन पर देंगे कड़ा जवाब
IRGC ने बताया कि इस ड्रोन को उसके एयरोस्पेस फोर्स द्वारा संचालित एक अत्याधुनिक एयर डिफेंस सिस्टम के जरिए निशाना बनाकर नष्ट किया गया. ईरानी अधिकारियों ने बार-बार कहा है कि वे इस रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण जलमार्ग पर होने वाली सैन्य और हवाई गतिविधियों पर कड़ी नज़र रख रहे हैं. देश के हवाई क्षेत्र (एयरस्पेस) के किसी भी उल्लंघन का कड़ा जवाब देंगे. MQ-9 रीपर एक मध्यम ऊंचाई पर उड़ने वाला और लंबे समय तक हवा में रहने में सक्षम अमेरिका का मानवरहित हवाई वाहन (UAV) है. अमेरिकी सेना इसका इस्तेमाल खुफिया जानकारी जुटाने, निगरानी करने, टोह लेने और लक्षित हमले करने के लिए करती है. यह ताजा दावा तेहरान और वाशिंगटन के बीच बढ़ते तनाव के बीच आया है.
अमेरिका माननी होंगी शर्तें
ईरानी अधिकारियों ने किसी भी नए सैन्य टकराव के खिलाफ चेतावनी दी है. गुरुवार को IRGC के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल होसैन मोहेब्बी ने कहा कि ईरान हर तरह की सैन्य स्थिति के लिए तैयार है. उन्होंने कहा कि ईरान किसी लंबे संघर्ष या ऐसी अनिश्चित स्थिति को स्वीकार नहीं करेगा, जिसमें न तो युद्ध हो और न ही शांति. मोहेब्बी ने कहा कि हम ऐसी स्थिति को स्वीकार नहीं करते जिसमें न तो युद्ध हो और न ही शांति. उन्होंने कहा कि या तो इस संघर्ष का फैसला युद्ध के मैदान में होगा या फिर अमेरिका को ईरान की शर्तें माननी होंगी. उन्होंने ईरान की स्वदेशी एयर डिफेंस क्षमताओं में हुए सुधारों पर भी जोर दिया और बताया कि 12 दिन के युद्ध के बाद देश ने कम से कम तीन नए डिफेंस सिस्टम विकसित किए हैं.
प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश न करें जहाज
उन्होंने कहा कि IRGC एयरोस्पेस फोर्स के हमारे साथियों ने नए डिफेंस सिस्टम को डिजाइन करने और बनाने के लिए दिन-रात काम किया. अच्छी बात यह है कि आज हमने इस क्षेत्र में केवल एक ही नहीं, बल्कि कम से कम तीन नए सिस्टम विकसित कर लिए हैं. इससे पहले 15 नवंबर को IRGC ने दावा किया था कि उसके बलों ने बहरीन के अल-रिफा हेलीकॉप्टर बेस पर मौजूद अमेरिकी एयर डिफेंस रडार सिस्टम को छह ड्रोनों के जरिए निशाना बनाया था. इस बीच, प्रतिबंधित समुद्री इलाकों में नौसैनिक बारूदी सुरंगों से टकराने के बाद तेल टैंकरों में आग लगने की खबरों के चलते होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास तनाव बढ़ गया है. ईरानी नौसेना ने जहाज संचालकों को चेतावनी दी है कि वे तय किए गए प्रतिबंधित क्षेत्रों में प्रवेश न करें.
केर्च ब्रिज हमले का बदला : रात भर कीव पर बरसीं रूसी मिसाइलें, अंधेरे में डूबा शहर, 3 की मौत
News Source: ANI
