Nitish Setu: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को वैशाली जिले में गंगा नदी पर बने एक पुल का उद्घाटन किया. इस पुल का नाम बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर रखा गया है. उद्घाटन के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने राज्यपाल सैयद अता हसनैन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी के साथ कुछ देर तक इस पुल पर पैदल यात्रा की. प्रधानमंत्री ने वहां मौजूद भीड़ की ओर हाथ हिलाकर अभिवादन भी किया. इस दौरान उनके हाथ में एक गमछा था. छह लेन वाले इस पुल का नाम ‘नीतीश सेतु’ रखा गया है.
पुल के निर्माण में खर्च हुए 4,280 करोड़
यह पुल वैशाली के बिदूपुर ब्लॉक को पटना के बाहरी इलाके में स्थित कच्ची दरगाह से जोड़ता है. इसका नाम पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के सम्मान में रखा गया है, क्योंकि उन्हीं के कार्यकाल में इस परियोजना की परिकल्पना की गई थी. इस लंबे पुल का निर्माण लगभग 4,280 करोड़ रुपये की लागत से किया गया है. अधिकारियों ने बताया कि यह परियोजना पटना जिले में नेशनल हाईवे-22 पर स्थित कच्ची दरगाह को वैशाली में NH-322 पर स्थित बिदूपुर से जोड़ती है. इसमें 9.76 किलोमीटर लंबा मुख्य पुल और 10 किलोमीटर लंबी एप्रोच सड़कें शामिल है.
महात्मा गांधी सेतु पर कम होगा ट्रैफिक का दबाव
अधिकारियों का कहना है कि सरकार को पूरी उम्मीद है कि ‘बिदूपुर-कच्ची दरगाह कॉरिडोर’ निवेशकों के लिए एक आकर्षक जगह बनेगा, क्योंकि इसमें पर्यटन और लॉजिस्टिक्स का केंद्र बनने की पूरी क्षमता है. इसके अलावा ‘नीतीश सेतु’ के चालू हो जाने से पटना और हाजीपुर को जोड़ने वाले 40 साल से अधिक पुराने महात्मा गांधी सेतु पर ट्रैफिक का दबाव कम होने की उम्मीद है. अधिकारियों ने बताया कि इससे उत्तर और दक्षिण बिहार के बीच यात्रा का समय कम हो जाएगा. इससे विशेष रूप से राघोपुर दियारा के निवासियों को फायदा होगा, क्योंकि उन्हें पटना और स्वास्थ्य सेवा व शिक्षा जैसी जरूरी सुविधाओं तक बेहतर पहुंच मिल सकेगी.
दशकों पुराना सपना हुआ सच : चिराग
उन्होंने कहा कि यह परियोजना कृषि उत्पादों और औद्योगिक सामानों की आवाजाही को आसान बनाएगी, बाजारों तक पहुंच बेहतर करेगी और पूरे क्षेत्र में व्यापार-वाणिज्य को बढ़ावा देगी, जिससे बिहार के आर्थिक विकास में मदद मिलेगी.इस मौके पर केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने कहा कि मेरे लिए यह निश्चित रूप से उत्साह का दिन है कि प्रधानमंत्री मोदी मेरे संसदीय क्षेत्र में आ रहे हैं और बिहार को कई परियोजनाएं समर्पित करेंगे. आज का महत्व और भी बढ़ जाता है क्योंकि मेरे नेता और मेरे पिता राम विलास पासवान का दशकों पुराना सपना आज सच होने जा रहा है. चूंकि यह सपना आज हकीकत बनने जा रहा है तो मुझे विश्वास है कि मेरे पिता जहां कहीं भी होंगे, इसे देखकर बहुत खुश होंगे.
IIT खड़गपुर में बोले PM मोदी- बैलगाड़ी से बुलेट ट्रेन तक के सफर में संस्थान का अहम योगदान
News Source: ANI
