Home Top News महाराष्ट्र में पेपर लीक पर बनेगा कठोर कानून : 10 करोड़ जुर्माना, 10 साल की जेल व संपत्ति भी कुर्क

महाराष्ट्र में पेपर लीक पर बनेगा कठोर कानून : 10 करोड़ जुर्माना, 10 साल की जेल व संपत्ति भी कुर्क

by Sanjay Kumar Srivastava 24 November 2026, 4:25 PM IST (Updated 24 November 2026, 4:33 PM IST)
24 November 2026, 4:25 PM IST (Updated 24 November 2026, 4:33 PM IST)
महाराष्ट्र में नकल माफियाओं की खैर नहीं! पेपर लीक किया तो 10 साल की जेल और 10 करोड़ का जुर्माना, संपत्ति भी होगी कुर्क

Maharashtra Exam: महाराष्ट्र में भर्ती परीक्षाओं के प्रश्न पत्र लीक होने की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए राज्य सरकार सख्त कानून लाने की तैयारी कर रही है. सरकार का मानना है कि छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. इस दिशा में राज्य सरकार द्वारा भर्ती परीक्षा प्रणाली की समीक्षा के लिए गठित उच्चस्तरीय समिति ने अपनी दूसरी रिपोर्ट सौंप दी है, जिसमें दोषियों के खिलाफ बेहद कड़े प्रावधानों की सिफारिश की गई है.

विशेष फास्ट ट्रैक कोर्ट में होगी सुनवाई

वरिष्ठ आईएएस अधिकारी वी. राधा की अध्यक्षता वाली इस समिति ने पेपर लीक के अपराधों को रोकने के लिए दोषियों को 7 से 10 साल तक की कड़ी कैद और कम से कम 10 करोड़ रुपये के भारी जुर्माने का प्रस्ताव रखा है. इसके साथ ही अपराधियों की संपत्ति जब्त करने और इन मामलों की त्वरित सुनवाई के लिए विशेष फास्ट ट्रैक कोर्ट स्थापित करने की भी सिफारिश की गई है. जांच प्रक्रिया को प्रभावी बनाने के लिए रिपोर्ट में पेपर लीक मामलों की जांच हेतु एक विशेष कार्य बल (STF) गठित करने का सुझाव दिया गया है. इसके अलावा समिति ने छात्रों के हित में भी बड़े कदम उठाने की बात कही है.

परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता पर जोर

प्रस्ताव के अनुसार, महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) के उम्मीदवारों की परीक्षा फीस पूरी तरह वापस की जानी चाहिए. साथ ही, यदि कोई उम्मीदवार ‘आंसर की’ (उत्तर कुंजी) पर आपत्ति दर्ज कराता है और वह आपत्ति सही पाई जाती है, तो आपत्ति शुल्क भी उम्मीदवार को लौटा दिया जाना चाहिए. इन सिफारिशों के लागू होने से राज्य की भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता आने की उम्मीद है. परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता पर जोर देते हुए समिति ने जिला कलेक्टरों को एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपने और परीक्षा केंद्रों का एक अलग डेटाबेस या ‘वेन्यू बैंक’ बनाने की सिफारिश की है.

रिक्तियों की संख्या बढ़ाने का सुझाव

इस महीने की शुरुआत में समिति ने राज्य सरकार को अपनी अंतरिम रिपोर्ट सौंपी थी, जिसमें भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सुरक्षित और विश्वसनीय बनाने के लिए कई उपाय सुझाए गए थे. कड़ी सजा की सिफारिश करने के अलावा समिति ने MPSC की ‘ग्रुप-सी संयुक्त प्रारंभिक परीक्षा 2026’ के लिए रिक्तियों की संख्या बढ़ाकर 16,000 से अधिक करने और सभी भर्ती परीक्षाओं के लिए ऊपरी आयु सीमा में एक बार के लिए एक साल की छूट देने की भी मांग की है.

4 सितंबर को गठित हुई थी समिति

MPSC परीक्षाओं में अनियमितताओं और गड़बड़ियों के आरोपों तथा उम्मीदवारों के विरोध-प्रदर्शनों के बीच 4 सितंबर को इस पैनल का गठन किया गया था. इस बीच, मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि समिति ने परीक्षा प्रणाली को और अधिक पारदर्शी बनाने, परीक्षा केंद्रों की तैयारी के तरीकों, कानून को और सख्त बनाने के संबंध में सिफारिशें दी हैं. उन्होंने कहा कि हम राज्य विधानसभा के आगामी शीतकालीन सत्र में इस कानून को लाने और विधेयक को पारित कराने का प्रयास करेंगे.

लखनऊ के कौशल दीक्षांत समारोह में मोदी का बड़ा संदेश : ITI के छात्रों को भी मिले IIT जैसा सम्मान

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?