Home Top News यात्री ध्यान दें! यमुना एक्सप्रेसवे पर 25 नवंबर से 75 किमी/घंटा से तेज नहीं चल सकेंगे वाहन

यात्री ध्यान दें! यमुना एक्सप्रेसवे पर 25 नवंबर से 75 किमी/घंटा से तेज नहीं चल सकेंगे वाहन

by Sanjay Kumar Srivastava 24 November 2026, 7:48 PM IST (Updated 24 November 2026, 7:49 PM IST)
24 November 2026, 7:48 PM IST (Updated 24 November 2026, 7:49 PM IST)
यात्री कृपया ध्यान दें! यमुना एक्सप्रेसवे पर 25 नवंबर से 15 फरवरी तक 75 किमी/घंटा से तेज नहीं चल सकेंगे वाहन

Yamuna Expressway: सर्दियों में यमुना एक्सप्रेसवे पर कोहरे और धुंध के कारण होने वाली सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए 25 नवंबर से 15 फरवरी तक एक्सप्रेसवे पर वाहनों की अधिकतम गति सीमा 100 किमी प्रति घंटा से घटाकर 75 किमी प्रति घंटा कर दी जाएगी. सर्दियों में घना कोहरा होने पर दृश्यता (visibility) कम हो जाती है, जिससे एक्सप्रेसवे पर दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है. इसे देखते हुए प्राधिकरण ने यमुना एक्सप्रेसवे की देखरेख करने वाली कंपनी जेपी इंफ्राटेक लिमिटेड को निर्देश दिया है कि वे गति सीमा कम करने के साथ-साथ सुरक्षा के अतिरिक्त उपाय भी तुरंत लागू करे.

कोहरे का अलर्ट, लगाए जाएंगे सूचना बोर्ड

राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण ने कहा है कि इसका उद्देश्य वाहन चालकों को कम दृश्यता की स्थिति में सतर्क रहने और सड़क दुर्घटनाओं के जोखिम को कम करने के लिए प्रेरित करना है. इस तय अवधि के दौरान बदली हुई गति सीमा के बारे में जानकारी एक्सप्रेसवे पर प्रमुख स्थानों पर स्पष्ट रूप से प्रदर्शित की जाएगी. विभिन्न जगहों पर सूचना बोर्ड लगाए जाएंगे और समाचार पत्रों के माध्यम से भी वाहन चालकों को सूचित किया जाएगा. इसके अलावा एक्सप्रेसवे के प्रवेश और निकास बिंदुओं, टोल प्लाजा और सड़क किनारे की सुविधाओं पर ऐसे पर्चे (pamphlets) बांटे जाएंगे, जिनमें कोहरे के दौरान सुरक्षित ड्राइविंग के तरीके बताए गए होंगे.

हादसों पर लगाम लगाने की तैयारी

टोल प्लाजा पर सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणालियों (public announcement systems) के जरिए वाहन चालकों को जरूरी सुरक्षा सावधानियों के बारे में बताया जाएगा. रेडियो एफएम चैनलों पर भी कोहरे के दौरान सुरक्षित ड्राइविंग से जुड़ी सलाह प्रसारित की जाएगी. इसके अलावा यात्रियों को जानकारी देने के लिए बड़े इलेक्ट्रॉनिक डिस्प्ले बोर्ड पर भी जरूरी निर्देश दिखाए जाएंगे. रात के समय और कोहरे में यात्रा के दौरान दृश्यता (visibility) बेहतर बनाने के लिए तकनीकी सुरक्षा उपायों को मजबूत करने पर जोर दिया गया है.

लगेंगे फॉग लाइट

अथॉरिटी ने देखा है कि कई जगहों पर लगी रिफ्लेक्टिव टेप की चमक और परावर्तन क्षमता (reflectivity) कम हो गई है. इससे सड़क पर बने निशान और चेतावनी संकेत ठीक से दिखाई नहीं देंगे, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ सकता है. इसे देखते हुए खराब हो चुकी रिफ्लेक्टिव टेप को तुरंत बदलने के निर्देश दिए गए हैं. साथ ही, एक्सप्रेसवे के प्रवेश और निकास बिंदुओं पर फॉग लाइट लगाने के भी निर्देश दिए गए हैं. यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार, रविवार और सार्वजनिक छुट्टियों के दौरान वाहनों की आवाजाही आमतौर पर बढ़ जाती है. इसे ध्यान में रखते हुए टोल प्लाजा पर वाहनों की सुचारु आवाजाही और यात्रियों की सुविधा के लिए प्रभावी इंतजाम करने के निर्देश दिए गए हैं. अथॉरिटी ने संबंधित एजेंसी को इन सभी निर्देशों का पालन करने और अनुपालन रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है.

ऑटो सेक्टर में महंगाई की मार : ग्राहकों को लगा झटका, टाटा, हुंडई और ऑडी की कारें हुईं महंगी

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?