Dev Deepawali: कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर गोरखपुर में देव दीपावली का पर्व बड़े ही हर्षोल्लास, श्रद्धा और भव्यता के साथ मनाया गया. राप्ती नदी के रामघाट और गोरखनाथ घाट पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा. हजारों की संख्या में पहुंचे श्रद्धालुओं ने एक साथ लाखों दीप जलाकर देव दीपावली का पर्व मनाया. दीपों की रोशनी से पूरा घाट जगमगा उठा और ऐसा अद्भुत नजारा देखने को मिला, मानो धरती पर देवलोक उतर आया हो. इस भव्य आयोजन में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, सामाजिक संगठनों और शहरवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया.
परिवार की सुख-समृद्धि की कामना
गोरखपुर में देव दीपावली के अवसर पर राप्ती नदी के तट पर आस्था, संस्कृति और परंपरा का अद्भुत संगम देखने को मिला. शाम ढलते ही घाटों पर श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी. हर तरफ दीपों की कतारें, रोशनी और धार्मिक उत्साह का माहौल दिखाई दिया. लोगों ने श्रद्धा के साथ दीपदान कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की. इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की स्वर्गीय माता सावित्री देवी के चित्र पर गोरखपुर के सांसद रवि किशन शुक्ला ने पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी. इसके बाद उन्होंने विधिवत दीप प्रज्ज्वलित कर देव दीपावली के दीपोत्सव का शुभारंभ किया.
महिलाओं, युवाओं और बच्चों में खास उत्साह
दीप प्रज्वलन के साथ ही घाटों पर दीप जलाने का सिलसिला शुरू हो गया और देखते ही देखते राप्ती नदी के तट पर लाखों दीपों की रोशनी बिखर गई. इस भव्य आयोजन में जिले के विधायक, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे. सामाजिक संगठनों और स्वयंसेवी संस्थाओं ने भी आयोजन को सफल बनाने में बढ़-चढ़कर अपनी सहभागिता निभाई. वहीं घाटों के सौंदर्यीकरण और सरकार की ओर से कराई गई व्यवस्थाओं को देखकर स्थानीय लोगों ने प्रसन्नता जताई और सरकार के प्रयासों की सराहना की. देव दीपावली के इस आयोजन में महिलाओं, युवाओं और बच्चों में विशेष उत्साह देखने को मिला.
घाटों की सुंदरता को निहारते रहे लोग
लोगों ने अपने परिवार के साथ घाटों पर पहुंचकर दीपदान किया और इस ऐतिहासिक पल को यादगार बनाया. महिलाओं ने भी घाटों की सुंदरता, दीपोत्सव की भव्यता और सरकार की व्यवस्थाओं को लेकर अपनी खुशी जाहिर की. कुल मिलाकर गोरखपुर की देव दीपावली ने एक बार फिर आस्था, संस्कृति, परंपरा और सामाजिक एकता की अद्भुत तस्वीर पेश की. राप्ती नदी के घाटों पर जगमगाते लाखों दीपों ने न सिर्फ शहर को रोशन किया, बल्कि लोगों के मन में भी श्रद्धा और उत्साह का उजाला भर दिया. दीपों की यह अलौकिक छटा और श्रद्धालुओं की सहभागिता लंबे समय तक लोगों की यादों में बनी रहेगी.
- गोरखपुर से हरेंद्र दुबे की रिपोर्ट
