Home Latest News & Updates दिल्ली की हवा फिर बिगड़ी! इस इलाके में सांस लेना सबसे मुश्किल, गाड़ियों पर लग सकती है नई पाबंदी

दिल्ली की हवा फिर बिगड़ी! इस इलाके में सांस लेना सबसे मुश्किल, गाड़ियों पर लग सकती है नई पाबंदी

by Preeti Pal 26 November 2026, 9:24 AM IST
26 November 2026, 9:24 AM IST
दिल्ली की हवा फिर बिगड़ी! इस इलाके में सांस लेना हुआ सबसे मुश्किल, गाड़ियों पर लग सकती है नई पाबंदी

Delhi AQI Today: दिल्ली में सर्दी की दस्तक के साथ ही प्रदूषण ने एक बार फिर लोगों की टेंशन बढ़ा दी है. गुरुवार सुबह राजधानी की हवा ‘खराब’ श्रेणी में दर्ज की गई. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के आंकड़ों के मुताबिक, सुबह 8 बजे दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 228 रहा. वहीं, आनंद विहार सबसे ज्यादा प्रदूषित इलाकों में शामिल रहा, जहां AQI 332 तक पहुंच गया. यानी यहां हवा की हालत बहुत खराब रही.

इन इलाकों का हाल बेहाल

दिल्ली के अलग-अलग इलाकों में प्रदूषण का स्तर भी चिंता बढ़ाने वाला है. नॉर्थ कैंपस में AQI 302 दर्ज किया गया. वहीं, IIT दिल्ली में ये 241 और जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) में 230 रहा. हालांकि, कुछ इलाकों में स्थिति थोड़ी बेहतर रही. लोधी रोड पर AQI 148 और इंडिया गेट के साथ-साथ कर्तव्य पथ पर 149 दर्ज किया गया. ये सभी इलाके मध्यम श्रेणी में रहे. AIIMS में AQI 188, मैदान गढ़ी में 199, ओखला फेज-2 में 193 और जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में 190 रहा. मौसम विभाग के मुताबिक, 26 नवंबर को दिल्ली में धुंध छाए रहने की संभावना है. अधिकतम तापमान करीब 27 डिग्री और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है.

क्या है AQI की कैटेगरी?

AQI के जरिए हवा में प्रदूषण का स्तर मापा जाता है. 0 से 50 तक AQI अच्छा, 51 से 100 संतोषजनक, 101 से 200 मध्यम, 201 से 300 खराब, 301 से 400 बहुत खराब और 401 से 500 गंभीर श्रेणी में आता है. ऐसे में दिल्ली का औसत AQI 228 होना बताता है कि राजधानी की हवा अभी राहत देने वाली स्थिति में नहीं है.

मिशन पंजाब 2027 : दिल्ली में गठबंधन पर मुहर, BJP-अकाली दल फिर साथ, बड़े भाई की भूमिका में रहेगा SAD

इन गाड़ियों को ही मिलेगी एंट्री?

प्रदूषण पर लगाम लगाने के लिए सुप्रीम कोर्ट भी सख्त रुख अपना रहा है. सोमवार को सुनवाई के दौरान कोर्ट ने संकेत दिया कि दिल्ली-NCR में सिर्फ BS-VI उत्सर्जन मानकों का पालन करने वाले वाहनों को चलाने की अनुमति देने पर विचार किया जा सकता है. पीठ ने कहा कि जरूरत पड़ने पर ये नियम पहले दिल्ली में और फिर पूरे NCR में लागू किया जा सकता है. कोर्ट ने जरूरी सामान की सप्लाई के लिए एक दूसरा तरीका भी सुझाया. इसके तहत दिल्ली की सीमाओं पर गोदाम बनाए जा सकते हैं, जहां बड़े वाहन सामान उतारेंगे. इसके बाद छोटे बैटरी वाले या प्रदूषण नहीं फैलाने वाले वाहनों से सामान शहर के अंदर पहुंचाया जा सकेगा.

2027 का लक्ष्य

दूसरी तरफ, वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने दिल्ली-NCR में प्रदूषण कम करने के लिए पहली बार जिला स्तर पर एक्शन प्लान तैयार करने की पहल की है. आयोग ने 2027 तक सालाना औसत प्रदूषण स्तर में कम से कम 15 फीसदी और जरूरत पड़ने पर 20 प्रतिशत तक कमी लाने का लक्ष्य रखा है. इसके लिए दिल्ली और आसपास के राज्यों को राज्य, जिला और नगर निगम स्तर पर अपनी योजनाएं तैयार करने को कहा गया है. अब सिर्फ प्रदूषण रोकने के उपाय गिनाने से काम नहीं चलेगा, बल्कि तय समयसीमा में उनका नतीजा भी दिखाना होगा.

कई राज्यों की सुस्ती

CAQM की अक्टूबर 2026 तक की रिपोर्ट में प्रदूषण नियंत्रण के कई कामों में कमी सामने आई है. दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में कुल 421 ग्रीन श्मशान घाट बनाने का लक्ष्य था, लेकिन 31 अक्टूबर तक एक भी तैयार नहीं हुआ था. इंडस्ट्रियल इंस्पेक्शन के मामले में भी चारों राज्यों का कुल लक्ष्य 11,607 जांच का था, जबकि अक्टूबर के अंत तक सिर्फ 2,584 जांच पूरी हो सकी थीं. दिल्ली ने अपने लक्ष्य से ज्यादा 1,609 जांच कीं, लेकिन हरियाणा में 3,865 के लक्ष्य के मुकाबले 177, राजस्थान में 2,974 के मुकाबले 68 और उत्तर प्रदेश में 3,789 के मुकाबले 730 जांच ही हुईं. CAQM की अंतिम रिपोर्ट जनवरी 2027 में जारी होगी. फिलहाल दिल्ली की हवा के साथ-साथ प्रदूषण रोकने के इंतजाम भी सवालों के घेरे में हैं. अब देखना होगा कि सरकारी योजनाएं कागजों से निकलकर जमीन पर कितनी तेजी से काम करती हैं.

News Source: ANI

दिल्ली बैठक बेनतीजा : SP की एकतरफा घोषणा से भड़की कांग्रेस, मसूद बोले- हम कोई भिखारी नहीं

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?