Delhi AQI: दिल्ली वालों के लिए प्रदूषण से राहत फिलहाल दूर नजर आ रही है. राजधानी में सोमवार सुबह भी हवा की गुणवत्ता खराब श्रेणी में बनी रही. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, सुबह 8 बजे दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 249 दर्ज किया गया. वहीं, पंजाबी बाग सबसे प्रदूषित इलाकों में शामिल रहा, जहां AQI 282 तक पहुंच गया. ऐसे में सुबह की सैर और खुले में ज्यादा समय बिताने वालों को सावधानी बरतने की जरूरत है.
इन इलाकों में हवा ज्यादा खराब
CPCB के आंकड़ों के मुताबिक, पंजाबी बाग में AQI 282 दर्ज किया गया. इसके बाद बवाना में 273 और चांदनी चौक में 271 रहा. इन तीनों इलाकों में हवा खराब श्रेणी में रही. आनंद विहार में AQI 237, अशोक विहार में 240, नरेला में 239 और रोहिणी में 252 दर्ज किया गया. इसके अलावा ओखला फेज-2 में 213, सोनिया विहार में 215, पटपड़गंज में 208, मंदिर मार्ग में 225, मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में 202, अलीपुर में 246, IGI एयरपोर्ट टर्मिनल-3 में 217 और आरके पुरम में 252 AQI रहा. इन सभी इलाकों में हवा खराब श्रेणी में रही. वहीं, वसुंधरा एन्क्लेव में AQI 170 दर्ज किया गया, जो मध्यम श्रेणी में आता है. CPCB के मानकों के अनुसार, AQI 0 से 50 तक अच्छा, 51 से 100 संतोषजनक, 101 से 200 मध्यम, 201 से 300 खराब, 301 से 400 बहुत खराब और 401 से 500 गंभीर श्रेणी में माना जाता है.
सोमवार को बदला रहेगा ट्रैफिक रूट, राजघाट और सेंट्रल दिल्ली की तरफ जाने से पहले पढ़ें एडवाइजरी
सुबह की धुंध बढ़ाएगी परेशानी
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के मुताबिक, अगले पांच दिनों तक दिल्ली-NCR में आसमान ज्यादातर साफ रहने की संभावना है. हालांकि, 23 और 24 नवंबर की सुबह कई जगहों पर हल्की धुंध और कोहरा देखने को मिल सकता है. 25 और 26 नवंबर को भी सुबह के समय धुंध रहने का अनुमान है. 25 नवंबर को कुछ स्थानों पर मध्यम कोहरा और 26 नवंबर को भी कुछ इलाकों में कोहरे की संभावना जताई गई है. ये मौसम दिल्ली के साथ नोएडा, गाजियाबाद, गुरुग्राम और फरीदाबाद में भी देखने को मिल सकता है. सुबह के समय कम दृश्यता के चलते वाहन चालकों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है.
राज्यों की रिपोर्ट तैयार
इस बीच वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग (CAQM) ने दिल्ली और आसपास के राज्यों में प्रदूषण नियंत्रण उपायों को लागू करने की प्रगति का आकलन शुरू किया है. आयोग की स्टेट एक्शन प्लान-2026 रिपोर्ट में अक्टूबर तक के कामकाज की समीक्षा की गई है. इसमें औद्योगिक निरीक्षण, कचरा प्रबंधन, सार्वजनिक परिवहन और प्रदूषण निगरानी व्यवस्था जैसे क्षेत्रों में कई कमियां सामने आई हैं. रिपोर्ट के मुताबिक, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश में 421 ग्रीन शवदाह गृह बनाने का लक्ष्य था. हालांकि, 31 अक्टूबर तक किसी भी राज्य ने इस लक्ष्य को पूरा नहीं किया था. औद्योगिक निरीक्षण के मामले में भी चारों राज्यों और दिल्ली का संयुक्त लक्ष्य 11,607 निरीक्षण था. वहीं, अक्टूबर तक सिर्फ 2,584 निरीक्षण ही किए गए. दिल्ली ने 979 के लक्ष्य के मुकाबले 1,609 निरीक्षण किए, लेकिन हरियाणा, राजस्थान और उत्तर प्रदेश की प्रगति अपेक्षाकृत कमजोर रही. CAQM की अंतिम रिपोर्ट जनवरी 2027 में जारी होगी. फिलहाल दिल्ली की हवा और प्रदूषण नियंत्रण उपाय दोनों ही चिंता का विषय बने हुए हैं.
News Source: ANI
पहली भारत यात्रा पर नई दिल्ली पहुंचे नेपाल के PM बालेनद्र शाह, सोमवार को मोदी से करेंगे मुलाकात
