UP Voter List: उत्तर प्रदेश में 28 और 29 नवंबर को विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान चलाया जाएगा. इसके तहत मतदाताओं को सूची में नाम जोड़ने और जांचने का बड़ा मौका मिलेगा. इस दौरान सभी 1.73 लाख बूथों पर BLO मौजूद रहेंगे. उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय ने रविवार को बताया कि 2027 के ‘विशेष सारांश पुनरीक्षण'(SSR) से पहले नागरिकों को मतदाता सूची में अपना नाम जांचने और मतदाता के रूप में पंजीकरण करने का मौका देने के लिए 28 और 29 नवंबर को विशेष मतदाता पंजीकरण अभियान चलाया जाएगा.
सुबह 10 से शाम 4 बजे तक चलेगी प्रक्रिया
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा ने बताया कि इस दो दिवसीय अभियान के दौरान राज्य भर के सभी 1.73 लाख मतदान केंद्रों पर बूथ-स्तरीय अधिकारी (BLO) मौजूद रहेंगे. यह घोषणा मतदाता सूची के ‘विशेष सारांश पुनरीक्षण-2027’ के तहत 21 और 22 नवंबर को राज्य भर में चलाए गए विशेष अभियानों के बाद की गई है. रविवार को चले इस अभियान के दौरान नागरिकों की सहायता के लिए BLO मतदान केंद्रों पर सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक मौजूद रहे. उनके पास मतदाता सूची का ड्राफ्ट और फॉर्म 6, 7 व 8 की पर्याप्त प्रतियां उपलब्ध थीं.
पंजीकरण के लिए ‘फॉर्म 6’ होगा जमा
रिनवा ने कहा कि जो लोग 21 और 22 नवंबर को अपने मतदान केंद्रों पर नहीं जा सके, उन्हें चिंता करने की जरूरत नहीं है. उन्हें 28 और 29 नवंबर को मतदाता सूची में अपना और अपने परिवार के सदस्यों का नाम जांचने का एक और मौका मिलेगा. उन्होंने बताया कि जिन पात्र नागरिकों का नाम सूची में नहीं है, वे पंजीकरण के लिए फॉर्म 6 जमा कर सकते हैं. उन्होंने सभी से अपील की कि वे तय समय सीमा के भीतर मतदाता सूची में अपना नाम जरूर दर्ज करा लें. इस अभियान के दौरान, जिला निर्वाचन अधिकारियों, अतिरिक्त जिला निर्वाचन अधिकारियों, निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों और सहायक निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों ने राज्य भर के मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया.
युवाओं और महिलाओं पर खास फोकस
मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अधिकारियों ने भी कई जिलों का दौरा किया. उन्होंने वहां BLO (बूथ लेवल ऑफिसर) की मौजूदगी, मतदाता सूची के ड्राफ्ट और आवेदन फॉर्म की उपलब्धता, बूथ-स्तरीय एजेंटों की भागीदारी, मतदाता सहायता डेस्क और पंजीकरण की प्रगति की समीक्षा की. निरीक्षण के दौरान पात्र नागरिकों (खासकर युवाओं और महिलाओं) के पंजीकरण, BLO द्वारा घर-घर जाकर संपर्क करने, ‘बुक अ कॉल विद BLO’ सुविधा के तहत लंबित मामलों और 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं की पहचान करने पर विशेष ध्यान दिया गया.
सुधार के लिए ‘फॉर्म 8’ का उपयोग
बयान में कहा गया है कि BLO को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से न छूटे और सभी लंबित मामलों का निपटारा तय समय के भीतर कर दिया जाए. रिनवा ने लोगों से आगामी विशेष अभियान के दिनों में सक्रिय रूप से भाग लेने की अपील की. नागरिक ‘voters.eci.gov.in’ पोर्टल या ‘ECINET’ मोबाइल एप्लिकेशन के जरिए ऑनलाइन मतदाता सूची में अपना नाम चेक कर सकते हैं. नए मतदाता पंजीकरण के लिए ‘फॉर्म 6’ का उपयोग किया जा सकता है, जबकि मतदाता विवरण में सुधार या निवास स्थान बदलने के लिए ‘फॉर्म 8’ का उपयोग होता है. बयान में यह भी कहा गया है कि विशेष अभियान के दिनों का इंतजार किए बिना, तय समय-सीमा के दौरान कभी भी ऑनलाइन आवेदन जमा किए जा सकते हैं.
