Hathras Accident: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में रविवार को भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह घायल हो गए. सभी मृतक एक ही परिवार के थे. हादसे के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. दुर्घटना के बाद हाईवे पर जाम लग गया. दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई. सूचना पर पहुंची पुलिस ने तुरंत राहत व बचाव कार्य शुरू किया. पुलिस ने स्थानीय लोगों के सहयोग से घायलों को अस्पताल पहुंचाया. घटनास्थल पर जुटी भीड़ को हटाकर पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और आवागमन शुरू कराया. इस दौरान करीब दो घंटे तक आवागमन बाधित रहा.
बिलार गांव के पास हुआ हादसा
हाथरस जिले में अलीगढ़-एटा हाईवे पर एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने पीछे से एक टेम्पो को टक्कर मार दी, जिसमें तीन महिलाओं और एक बच्चे समेत चार लोगों की मौत हो गई और छह अन्य घायल हो गए. यह हादसा सिकंद्राराऊ कोतवाली थाना क्षेत्र के बिलार गांव के पास हुआ. सिकंद्राराऊ के सीओ अमित पाठक ने बताया कि मृतक एक ही परिवार के थे और गुरुग्राम से हाथरस के सिकंद्राराऊ में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे, तभी रोडवेज बस ने उनके टेम्पो को पीछे से टक्कर मार दी.
हादसे के बाद बस ड्राइवर फरार
सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाया. पुलिस ने क्षतिग्रस्त टेम्पो में फंसे मृतकों के शवों को बाहर निकाला और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. सीओ अमित पाठक ने बताया कि हादसे के बाद बस ड्राइवर मौके से फरार हो गया और उसे खोजने की कोशिशें की जा रही हैं. मृतकों की पहचान छोटी (35), मोती (40) और छह साल के फहाद के रूप में हुई है. वे अलीगढ़ जिले के बरला थाना क्षेत्र के नौसेरवाला गांव के रहने वाले थे और फिलहाल गुरुग्राम में रह रहे थे.
इलाज के दौरान बच्चे ने तोड़ा दम
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अलग-अलग अस्पतालों में पहुंचाया. कुछ लोगों को अकराबाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायलों को इलाज के लिए अलीगढ़ रेफर कर दिया गया. उन्होंने कहा कि दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बच्चे ने अलीगढ़ में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. पुलिस ने बताया कि दो मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए हाथरस भेज दिया गया है.सीओ अमित पाठक ने बताया कि घटना के कारणों की जांच की जा रही है. जल्द ही बस के ड्राइवर को गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
News Source: ANI
