CM Yogi: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के गठबंधन पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि पहले ये दो लड़कों की जोड़ी चुनाव परिणाम आने के बाद विफल होती थी, लेकिन इस बार चुनाव से पहले ही ये विफल हो चुके हैं. गठबंधन की राजनीति पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि एक तरफ दोनों दलों के बीच सीटों को लेकर बैठकें हो रही हैं, वहीं दूसरी तरफ प्रत्याशी घोषित किए जा रहे हैं. इससे बड़ा अपमान क्या होगा? मुख्यमंत्री ने तंज कसते हुए कहा कि दोनों दलों के बीच एक-दूसरे को शह और मात देने की राजनीति चल रही है. देश के सबसे पुराने राजनीतिक दल कांग्रेस की ऐसी स्थिति उसकी नकारात्मक सोच का परिणाम है. जनता बार-बार इन दलों को खारिज कर रही है.
एनडीए में कोई विवाद नहीं
समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान पर मुख्यमंत्री ने कहा कि गठबंधन के अपने धर्म, नियम, मान्यताएं और शिष्टाचार होते हैं. लेकिन दोनों दलों के बीच जिस तरह की स्थिति दिखाई दे रही है, वह उनके आपसी तालमेल पर सवाल खड़े करती है. उन्होंने कटाक्ष किया कि इनकी स्थिति ऐसी हो गई है कि एक तरफ अपमानित हो रहे हैं और दूसरी तरफ उसी को सामान्य बताने की कोशिश कर रहे हैं. वहीं, एनडीए में सीटों के बंटवारे और सहयोगी दलों के बीच मतभेदों पर उन्होंने कहा कि निषाद पार्टी, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी समेत सभी सहयोगी दल एनडीए का हिस्सा हैं. सभी मिलकर चुनाव लड़ेंगे. गठबंधन में किसी तरह का विवाद नहीं है.
राम भक्तों से SP को मांगनी चाहिए माफी
अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे और समाजवादी पार्टी की सनातन के प्रति बदली राजनीतिक भाषा पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दो नावों की सवारी हमेशा खतरनाक होती है. उन्होंने कहा कि अयोध्या जाना अच्छी बात है, लेकिन समाजवादी पार्टी को रामभक्तों से माफी भी मांगनी चाहिए. यदि 90 के दशक में ही यह सद्बुद्धि आ गई होती तो रामभक्तों पर गोली चलाने की नौबत नहीं आती. मुख्यमंत्री ने कहा कि माफी मांगने से कोई व्यक्ति छोटा नहीं होता. उन्होंने अपने राजनीतिक आधार को स्पष्ट करते हुए कहा कि भाजपा का वोट बैंक हर वह राष्ट्रवादी नागरिक है, जो भारत के संविधान और देश की विरासत में विश्वास करता है.
2017 से पहले बीमारू था UP
प्रदेश की बदली छवि पर मुख्यमंत्री ने कहा कि एक दशक पहले उत्तर प्रदेश को बीमारू राज्य, गुंडागर्दी, अराजकता और उपद्रव से ग्रसित प्रदेश के रूप में देखा जाता था. व्यवस्था अनिर्णय की शिकार थी. गरीब कल्याण, युवाओं के रोजगार, किसानों के सम्मान और महिलाओं की सुरक्षा के मोर्चे पर गंभीर चुनौतियां थीं. व्यापारी भयभीत थे और निवेशक प्रदेश में आने से कतराते थे.
मार्च 2017 में मिली जिम्मेदारी के बाद सरकार ने सबसे पहले कानून-व्यवस्था को दुरुस्त करने और व्यवस्था को पटरी पर लाने का काम किया. आज प्रदेश में लगभग 10 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने, अर्थव्यवस्था और प्रति व्यक्ति आय को लगभग तीन गुना करने तथा बजट को तीन गुना से अधिक बढ़ाने में सफलता मिली है. महिला कार्यबल की भागीदारी भी तीन गुना से अधिक बढ़ी है.
दिल्ली बैठक बेनतीजा : SP की एकतरफा घोषणा से भड़की कांग्रेस, मसूद बोले- हम कोई भिखारी नहीं
