26/11 Mumbai Terror Attacks: मुंबई की सड़कें, ताज होटल की बिल्डिंग और छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, ये जगहें आज भी 26 नवंबर, 2008 की उस काली रात की याद दिलाती हैं, जब देश की आर्थिक राजधानी आतंकियों के निशाने पर थी. गोलियों की आवाज, धमाकों का शोर और चार दिनों तक चला मौत का तांडव, उस हमले ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया था. आज इस आतंकी हमले के 18 साल पूरे हो गए हैं, लेकिन इसके जख्म अब भी लोगों के दिलों में ताजा हैं. इस मौके पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस गुरुवार को मुंबई पुलिस कमिश्नर कार्यालय में आयोजित विशेष परेड में शामिल होकर शहीद जवानों और हमले में जान गंवाने वाले नागरिकों को श्रद्धांजलि देंगे. विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने भी 26/11 के पीड़ितों को याद करते हुए शहीद सुरक्षाकर्मियों को नमन किया. उन्होंने कहा कि भारत आतंकवाद के हर रूप के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेगा और दोषियों को न्याय के कटघरे तक पहुंचाएगा.
166 लोगों की गई थी जान
26 नवंबर, 2008 की रात पाकिस्तान से समुद्री रास्ते के जरिए आए लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकियों ने मुंबई में कई जगहों पर एक साथ हमला किया था. आतंकियों ने ताज होटल, ओबेरॉय होटल, छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, नरीमन हाउस, कामा अस्पताल और लियोपोल्ड कैफे जैसी जगहों को निशाना बनाया. इन हमलों में 166 लोगों की मौत हुई, जबकि करीब 300 लोग घायल हो गए थे. 9 आतंकियों को सुरक्षाबलों ने मार गिराया था. वहीं, एक आतंकी अजमल कसाब जिंदा पकड़ा गया. मई 2010 में उसे मौत की सजा सुनाई गई और नवंबर 2012 में पुणे की जेल में फांसी दे दी गई.
हर सवाल का जवाब
26/11 मामले में सरकारी वकील रहे और राज्यसभा सांसद उज्ज्वल निकम ने इस मौके पर कहा कि भारत ने कानूनी लड़ाई में कसाब को सजा दिलाई. हालांकि, हमले की बड़ी साजिश रचने वालों तक पहुंचने और सभी पीड़ितों को न्याय दिलाने से जुड़े सवाल अब भी बाकी हैं. उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर उन 10 आतंकियों ने मुंबई को ही क्यों निशाना बनाया? उनका मकसद क्या था और हमले की साजिश रचने वाले लोगों को क्या सजा मिली? निकम के मुताबिक, आतंकवाद के खिलाफ भारत का जवाब ऐसा होना चाहिए कि कोई दोबारा इस तरह का हमला करने की हिम्मत न करे.
पुणे एयरपोर्ट जाने वाले यात्री सावधान! 15 मिनट से ज्यादा कार रोकी तो कटेगा 500 रु. का चालान
‘छोटू चायवाला’
इस हमले को देखने वाले लोगों के लिए 26/11 सिर्फ इतिहास का एक पन्ना नहीं, बल्कि जिंदगी का सबसे डरावना अनुभव है. छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस पर मौजूद रहे मोहम्मद तौफीक शेख, जिन्हें लोग ‘छोटू चायवाला’ के नाम से जानते हैं, आज भी उस रात को याद करके सहम जाते हैं. तौफीक ने बताया कि वो चाय के पैसे लेने स्टेशन पहुंचे थे. वहां अचानक उन्हें पटाखों जैसी आवाज सुनाई दी. शुरुआत में उन्हें लगा कि शायद भारत और इंग्लैंड के बीच चल रहे मैच में भारत जीत गया है. लेकिन कुछ ही देर में उन्हें समझ आ गया कि कुछ बहुत बुरा हुआ है. उन्होंने लोगों को भागने के लिए आवाज लगाई और अधिकारियों को सतर्क किया. तभी एक आतंकी वहां आया और उसने गोलियां चला दीं. तौफीक के मुताबिक, उस रात उन्हें लगा था कि अब वो अपने परिवार से कभी नहीं मिल पाएंगे. उन्होंने बताया कि 18 साल बाद भी उस घटना की यादें उनकी नींद छीन लेती हैं.
गोलियों के निशान
आज भी लियोपोल्ड कैफे और नरीमन हाउस की दीवारों पर गोलियों के निशान उस हमले की याद दिलाते हैं. वहीं, आतंकी कसाब को पकड़ने में अहम भूमिका निभाते हुए शहीद हुए एएसआई तुकाराम ओंबले की प्रतिमा देश को उनके अदम्य साहस की याद दिलाती है. 18 साल बाद भी 26/11 का संदेश साफ है कि, आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई सिर्फ सुरक्षा बलों की नहीं, बल्कि पूरे देश की है. उन 166 लोगों की याद और शहीदों की कुर्बानी को देश कभी नहीं भूलेगा.
News Source: ANI
25 दिन तक जनता के बीच रहेंगे BJP के दिग्गज, मोदी के 25 साल पूरे होने पर पार्टी का बड़ा प्लान
