Miss Universe 2026: ब्यूटी पेजेंट की दुनिया में एक ऐसा इतिहास रचा गया है, जिसकी चर्चा लंबे समय तक होने वाली है. दरअसल, प्यूर्टो रिको की जेनिफर बैरेटो ने मिस यूनिवर्स 2026 का खिताब अपने नाम कर लिया है. उनकी जीत इसलिए भी खास है, क्योंकि वो शादीशुदा हैं और एक बेटी की मां भी हैं. मिस यूनिवर्स के इतिहास में पहली बार किसी विवाहित महिला और मां ने ये ताज अपने सिर पर सजाया है. इस बार प्रतियोगिता का आयोजन प्यूर्टो रिको की राजधानी सैन जुआन के जोस मिगुएल एग्रेलॉट कोलिजियम में हुआ. मिस यूनिवर्स प्रतियोगिता के 75वें संस्करण में 116 देशों की सुंदरियों ने हिस्सा लिया. कड़े मुकाबले के बाद जेनिफर ने सभी को पीछे छोड़ते हुए ताज अपने नाम किया. मौजूदा मिस यूनिवर्स और मेक्सिको की फातिमा बॉश ने उन्हें ताज पहनाया.
पूरा किया अपना सपना
29 साल की जेनिफर की जीत सिर्फ एक ब्यूटी पेजेंट जीतने तक नहीं है. ये उन महिलाओं के लिए भी बड़ा मैसेज है, जो शादी और मां बनने के बाद अपने सपनों को पीछे छोड़ देती हैं. जेनिफर अपने पति यान कार्लोस बैरेटो काल्डेरॉन के साथ एक बेटी की मां हैं. इसके बावजूद उन्होंने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपना टैलेंट दिखाया और दुनिया का ध्यान खींच लिया. जेनिफर पढ़ाई के मामले में भी काफी आगे हैं. उनके पास साइकोलॉजी और क्लिनिकल सोशल वर्क में दो मास्टर डिग्रियां हैं. यानी खूबसूरती के साथ-साथ एजुकेशन और सामाजिक कामों में भी वो आगे रही हैं.
India-Nepal के बीच 8 बड़े समझौते, स्पेस से लेकर आयुर्वेद और पुलिस ट्रेनिंग पर सहमति
नियम बदले, तो बदली तस्वीर
जेनिफर की इस जीत के पीछे प्रतियोगिता के नियमों में हुआ बदलाव भी अहम है. साल 2023 तक मिस यूनिवर्स में सिर्फ अविवाहित महिलाएं ही हिस्सा ले सकती थीं. नियमों के मुताबिक, प्रतियोगिता से पहले शादी करने या खिताब जीतने के बाद अपने एक साल के कार्यकाल में शादी करने की अनुमति नहीं थी. लेकिन 2024 में नियमों में बदलाव किया गया. इसके बाद शादीशुदा महिलाओं और मां बन चुकी महिलाओं को भी प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का मौका मिला. इतना ही नहीं, उम्र की ऊपरी सीमा भी हटा दी गई. पहले 18 से 28 साल तक की महिलाएं ही इसमें हिस्सा ले सकती थीं.
भारत की सुंदरी का सफर
भारत की तरफ से 19 साल की काजियाह लिज मेजो ने प्रतियोगिता में हिस्सा लिया. केरल की रहने वाली काजियाह एक लॉ स्टूडेंट हैं. हालांकि, वो टॉप 12 में जगह नहीं बना सकीं. हालांकि, उनकी उपलब्धि भी खास रही. वो मिस यूनिवर्स इंडिया का खिताब जीतने वाली केरल की पहली महिला बनीं.
छठी बार मिला ताज
जेनिफर की जीत के साथ प्यूर्टो रिको ने छठी बार मिस यूनिवर्स का खिताब अपने नाम किया है. इससे पहले इस देश की मारिसोल मालारेट (1970), डेबोरा कार्थी-ड्यू (1985), दयानारा टोरेस (1993), डेनिस क्विनोनेस (2001) और जुलेका रिवेरा (2006) ये ताज जीत चुकी हैं. वहीं, भारत अब तक तीन बार मिस यूनिवर्स का खिताब जीत चुका है. सुष्मिता सेन ने 1994, लारा दत्ता ने 2000 और हरनाज संधू ने 2021 में मिस यूनिवर्स का ताज हासिल किया था. वहीं, जेनिफर की जीत ने एक बार फिर साबित किया है कि सपनों की कोई उम्र या सीमा नहीं होती. शादी हो, परिवार हो या जिम्मेदारियां, अगर हौसला मजबूत हो तो दुनिया का सबसे बड़ा मंच भी आपका इंतजार कर सकता है.
News Source: ANI
Nvidia की AI फंडिंग पर अमेरिका की नजर, अब कंपनियों को पैसा देना होगा मुश्किल! जानें मामला
