Delhi Tiranga Yatra: स्वतंत्रता दिवस से पहले देशभर में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया जा रहा है. यह कार्यक्रम 9 अगस्त से 17 अगस्त 2026 तक चलेगा. हालांकि, कई जगहों पर मुख्य यात्रा 15 अगस्त तक ही निकाली जाएगी. इसी कड़ी में मंगलवार को दिल्ली विधानसभा परिसर में सत्तापक्ष की ओर से तिरंगा यात्रा निकाली गई. इस यात्रा में दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ भारतीय जनता पार्टी के सभी विधायक शामिल हुए. हाथों में तिरंगा लेकर नेताओं ने देशभक्ति और राष्ट्रीय एकता का संदेश दिया.
स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया गया
स्वतंत्रता दिवस के मौके पर हर साल भारतीय जनता पार्टी की ओर से अलग-अलग इलाकों में तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाता है. इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए इस बार दिल्ली विधानसभा परिसर में तिरंगा यात्रा निकाली गई. यात्रा के दौरान विधानसभा परिसर में देशभक्ति का माहौल नजर आया. मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के साथ भाजपा विधायक हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर यात्रा में शामिल हुए.
तिरंगा यात्रा के दौरान नेताओं ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों को याद किया. इस दौरान राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय एकता से जुड़े संदेश भी दिए गए. भाजपा नेताओं ने कहा कि तिरंगा देश की आन, बान और शान का प्रतीक है और हर भारतीय के लिए यह गर्व का विषय है.
लोगों से अपील
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने भी तिरंगा यात्रा में हिस्सा लेकर देश के प्रति सम्मान और एकजुटता का संदेश दिया. विधानसभा परिसर में आयोजित इस कार्यक्रम में सत्ता पक्ष के विधायक एक साथ नजर आए. स्वतंत्रता दिवस से पहले आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए लोगों से देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों को मजबूत करने की अपील की गई. गौरतलब है कि स्वतंत्रता दिवस से पहले भाजपा की ओर से हर साल तिरंगा यात्राओं और अन्य राष्ट्रभक्ति से जुड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया जाता है.
सामाजिक लिहाज से महत्वपूर्ण तिरंगा यात्रा
इन कार्यक्रमों का उद्देश्य लोगों के बीच देशभक्ति की भावना को मजबूत करना और स्वतंत्रता संग्राम के वीरों के बलिदान को याद करना है. दिल्ली विधानसभा परिसर में निकाली गई इस तिरंगा यात्रा में मुख्यमंत्री और भाजपा विधायकों की मौजूदगी ने इसे राजनीतिक और सामाजिक दोनों ही लिहाज से महत्वपूर्ण बना दिया. स्वतंत्रता दिवस से कुछ दिन पहले आयोजित इस कार्यक्रम के जरिए भाजपा ने राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान और देश की एकता का संदेश दिया.
-शालिनी झा की रिपोर्ट
