Car Accident in Chamba: हिमाचल प्रदेश के चंबा से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है. यहां एक कार गहरी खाई में गिर गई, जिसमें एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई. मिली जानकारी के अनुसार, मरने वालों में एक मासूम (तीन महीने का शिशु) भी है, जो बीमार था.
बताया गया कि परिवार के लोग इस मासूम के इलाज के लिए पठानकोट जा रहे थे, तभी हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में भरमौर-पठानकोट राज्य राजमार्ग यह दुखद घटना हो गई. घटना सोमवार देर रात की बताई जा रही है, जिसमें एक कार खाई में गिर गई और उसमें सवार सभी लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. आइए जानते हैं इस घटना पर पुलिस ने क्या कुछ जानकारी दी है.
देर रात 400 मीटर गहरी खाई में गिरी कार
न्यूज एजेंसी को मिली जानकारी के अनुसार, हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में सोमवार देर रात भरमौर-पठानकोट स्टेट हाईवे पर एक गाड़ी के खाई में गिर गई. इस दर्दनाक हादसे में पांच लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक ही परिवार के सभी सदस्य शामिल थे.
यह हादसा तब हुआ जब परिवार अपने तीन महीने के बच्चे को इलाज के लिए पठानकोट ले जा रहा था. मरने वालों में बीमार बच्चा, दादा बचन सिंह (60) और माता-पिता – रिपुन सिंह (30) और रिंपी देवी शामिल थे. वहीं, पांचवें शव की पहचान कीर्ति (23) के तौर पर हुई है. कीर्ति के पिता का नाम केसर सिंह बताया गया. अधिकारियों ने बताया कि सभी चंबा के गेहरा गांव के रहने वाले थे.
पुलिस के मुताबिक, अभी तक हादसे की वजह का पता नहीं चल पाया है. शुरुआती रिपोर्ट से पता चलता है कि ड्राइवर का कंट्रोल खोने के बाद कार 400 मीटर गहरी खाई में गिर गई.
पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए शव- पुलिस अधीक्षक
न्यूज एजेंसी के मुताबिक, चंबा के पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने कहा, “शवों को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए डलहौजी अस्पताल भेज दिया गया है. हादसे की सही वजह का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है.”
घटना की खबर मिलते ही पुलिस और बचाव दल तुरंत मौके पर पहुंच गए. दुर्गम इलाके और रात में हुए हादसे के कारण बचाव कर्मियों को काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा. स्थानीय लोगों ने भी इस ऑपरेशन में पुलिस और बचाव दलों की मदद की. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे पहाड़ी रास्तों पर, खासकर रात में और खराब मौसम के दौरान, बहुत सावधानी से गाड़ी चलाएं.
जम्मू-कश्मीर में खाई में गिरी अमरनाथ यात्रियों को ले जा रही बस, हादसें में 39 लोग घायल
News Source: PTI
