Ram Mandir: अयोध्या के राम मंदिर को लेकर एक बार फिर सियासत गरमा गई है. तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद कीर्ति आजाद के भगवान राम और राम मंदिर पर दिए गए बयान के बाद बीजेपी ने उन पर निशाना साधा है. बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने उनके बयान को ‘वोट बैंक की राजनीति’ करार दिया. इस मुद्दे पर अब बीजेपी और विपक्षी दलों के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है. दरअसल, कीर्ति आजाद ने कहा है कि वह कभी अयोध्या के राम मंदिर नहीं जाएंगे. उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई. बीजेपी ने इसे भगवान राम और सनातन परंपरा का अपमान बताया है. वहीं, कीर्ति आजाद ने अपने बयान में अपनी धार्मिक मान्यताओं और मां सीता के प्रति श्रद्धा का जिक्र किया है.
क्या बोले कीर्ति आजाद?
समाचार एजेंसी ANI से बातचीत में TMC सांसद कीर्ति आजाद ने कहा कि भारत में करोड़ों देवी-देवताओं की पूजा होती है. भगवान राम ही एकमात्र आराध्य नहीं हैं. उन्होंने कहा कि वो मां काली की पूजा करते हैं और कामाख्या, दक्षिणा काली, कालीघाट तथा दिल्ली के गोल मार्केट स्थित काली मंदिर भी जाते हैं. कीर्ति आजाद ने रामायण के उस प्रसंग का जिक्र किया, जिसमें भगवान राम ने अग्निपरीक्षा के बाद भी मां सीता को वनवास भेज दिया था. उन्होंने कहा कि वो मिथिला से संबंध रखते हैं और मां सीता को अपनी मां मानते हैं. उनके मुताबिक, वो इस मुद्दे पर अपनी भावनाएं व्यक्त कर रहे हैं. उन्होंने ये सवाल भी उठाया कि क्या काली माता की पूजा करने से कोई हिंदू नहीं रह जाता?
Nvidia के CEO पर इस्तीफे का दबाव! चीनी जासूस से रिश्तों के आरोपों ने बढ़ाई जेन्सेन की मुश्किलें
बीजेपी ने साधा निशाना
कीर्ति आजाद के बयान पर बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रतिक्रिया दी. उन्होंने TMC सांसद के बयान को भगवान राम का अपमान बताते हुए कांग्रेस और विपक्षी गठबंधन इंडिया पर भी निशाना साधा. भंडारी ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल सनातन परंपरा के खिलाफ बयानबाजी कर रहे हैं. ऐसा वोट बैंक की राजनीति के तहत किया जा रहा है. उन्होंने दावा किया कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में जनता विपक्ष को जवाब देगी. अपने पोस्ट में उन्होंने पश्चिम बंगाल चुनाव का भी जिक्र किया.
अखिलेश के मंदिर जाने की चर्चा
ये विवाद ऐसे समय सामने आया है, जब समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के दिसंबर में अयोध्या स्थित राम मंदिर जाने की संभावना की चर्चा है. ये दौरा 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले प्रस्तावित बताया जा रहा है. ऐसे में राम मंदिर को लेकर दिए गए बयान ने राजनीतिक बहस को और तेज कर दिया है. एक तरफ बीजेपी इसे धार्मिक आस्था से जोड़कर देख रही है. वहीं, कीर्ति आजाद ने अपनी व्यक्तिगत धार्मिक मान्यताओं और मां सीता के प्रति सम्मान को अपने बयान का आधार बताया है. फिलहाल इस मुद्दे पर राजनीतिक बयानबाजी जारी है. आने वाले दिनों में ये विवाद उत्तर प्रदेश की राजनीति में कितना असर डालता है, इस पर सबकी नजर रहेगी.
News Source: ANI
छठ पर घर जाने वालों के लिए रेलवे का बड़ा तोहफा! दिल्ली से कई स्टेशनों से आज चलेंगी 31 स्पेशल ट्रेनें
