Delhi Air Pollution: दिवाली के बाद से जहरीली हवा में सांस लेने को मजबूर दिल्लीवालों के लिए बुधवार सुबह थोड़ी राहत लेकर आई. पिछले कुछ दिनों से प्रदूषण की मार झेल रही राजधानी की हवा में मामूली सुधार हुआ है. दिल्ली का औसत एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) मंगलवार के 307 से घटकर बुधवार सुबह 299 पर आ गया. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के मुताबिक, सुबह 7 बजे दर्ज किया गया ये आंकड़ा ‘खराब’ श्रेणी में आता है. हालांकि, राहत की बात सिर्फ औसत आंकड़ों तक सीमित है, क्योंकि राजधानी के कई इलाकों में हवा अब भी ‘बहुत खराब’ बनी हुई है.
छावला में सबसे ज्यादा प्रदूषण
दिल्ली के कई मॉनिटरिंग स्टेशनों पर प्रदूषण का स्तर काफी ऊंचा दर्ज किया गया. छावला में सबसे ज्यादा 396 AQI रिकॉर्ड हुआ. वहीं, चांदनी चौक में 379, DTU और IIT दिल्ली में 375, नॉर्थ कैंपस में 374 और ITO में 367 AQI रहा. इसके अलावा बुराड़ी क्रॉसिंग में 362, पंजाबी बाग में 341, जवाहरलाल नेहरू यूनिवर्सिटी (JNU) में 339 और आया नगर में 337 AQI दर्ज किया गया. आनंद विहार में 304 और आरके पुरम में 300 का आंकड़ा रहा. यानी कई इलाकों में हवा अभी भी सांस लेने के लिहाज से अच्छी नहीं है.
दिवाली के बाद दिल्ली की हवा ने ली थोड़ी राहत की सांस! चांदनी चौक अब भी सबसे ज्यादा प्रदूषित
यहां मिली थोड़ी राहत
राजधानी के कुछ इलाकों में प्रदूषण का स्तर थोड़ा कम रहा. रोहिणी और अशोक विहार में AQI 298, द्वारका सेक्टर-8 में 295 और झरोदा कलां में 289 दर्ज किया गया. IGI एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर ये आंकड़ा 282 रहा. वहीं लोधी रोड पर सबसे कम 203 AQI रिकॉर्ड किया गया. इन सभी इलाकों में हवा ‘खराब’ श्रेणी में रही.
नोएडा और गुरुग्राम का हाल
दिल्ली से सटे NCR के शहरों में भी प्रदूषण का असर देखने को मिला. ग्रेटर नोएडा में AQI 240, नोएडा में 278 और गुरुग्राम में 292 दर्ज किया गया. यानी इन शहरों की हवा भी ‘खराब’ श्रेणी में बनी हुई है. वैसे, दिवाली के बाद पटाखों के धुएं ने दिल्ली की हवा को और जहरीला बना दिया था. सोमवार को कई इलाकों में AQI 400 के पार पहुंच गया था. मंगलवार को इसमें थोड़ा सुधार हुआ और औसत AQI 307 दर्ज किया गया. अब बुधवार को ये आंकड़ा घटकर 299 हो गया है. प्रदूषण कम करने के लिए दिल्ली सरकार अलग-अलग इलाकों में पानी के छिड़काव के जरिए धूल और हवा में मौजूद कणों को कम करने की कोशिश कर रही है. वहीं, मौसम विभाग (IMD) के मुताबिक, बुधवार सुबह दिल्ली का तापमान 20 डिग्री सेल्सियस रहा और धूप खिली रही.
News Source: ANI
दिल्ली की जहरीली हवा के बीच पंजाब में पराली का धुआं! 62.55 लाख रुपये का जुर्माना
