Nvidia CEO Jensen Huang: दुनिया की सबसे बड़ी AI चिप कंपनियों में शामिल एनवीडिया के CEO जेन्सेन हुआंग इन दिनों कारोबार से ज्यादा एक बड़े विवाद को लेकर चर्चा में हैं. दरअसल, अमेरिका में उनके कथित निजी संबंधों को लेकर राष्ट्रीय सुरक्षा पर सवाल उठने लगे हैं. मामला इतना बढ़ गया है कि अमेरिकी सीनेटर केविन क्रेमर ने हुआंग से CEO पद छोड़ने तक की मांग कर दी है. आरोप है कि हुआंग का संबंध एलिस हुआंग नाम की एक महिला से रहा, जिसे अमेरिकी अधिकारियों ने कथित तौर पर चीनी खुफिया एजेंसी से जुड़ा हुआ माना है. हालांकि, इन आरोपों की जांच अभी जारी है.
वहीं, नॉर्थ डकोटा से रिपब्लिकन सीनेटर केविन क्रेमर ने कहा कि एनवीडिया जैसी संवेदनशील टेक्नोलॉजी कंपनी के प्रमुख के आसपास इस तरह का विवाद राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए खतरा बन सकता है. उन्होंने कहा कि अगर किसी व्यक्ति को निजी संबंधों के आधार पर दबाव में लाया जा सकता है, तो इसका असर देश की सुरक्षा पर भी पड़ सकता है. क्रेमर के मुताबिक, इस मामले में अभी कई सवालों के जवाब मिलना बाकी हैं.
आखिर कौन हैं एलिस हुआंग?
ये विवाद पिछले महीने आई द न्यूयॉर्क टाइम्स की एक इन्वेस्टिगेटिव रिपोर्ट के बाद चर्चा में आया. रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी अधिकारियों को संदेह है कि सिंगापुर की एक डेटा सेंटर कंपनी से जुड़ी कॉरपोरेट एग्जीक्यूटिव एलिस हुआंग चीनी खुफिया एजेंसी के लिए काम कर रही थीं. उन पर आरोप है कि उन्होंने एडवांस माइक्रोप्रोसेसर चीन तक पहुंचाने में मदद की है. रिपोर्ट में जेन्सेन हुआंग और एलिस के बीच करीबी संबंधों का भी जिक्र किया गया. इसके बाद अमेरिका में सवाल उठने लगे कि क्या इस निजी मामले का इस्तेमाल एनवीडिया की संवेदनशील तकनीक तक पहुंच बनाने के लिए किया जा सकता था.
नेताओं ने भी बढ़ाया दबाव
केविन क्रेमर से पहले अमेरिका के पूर्व नेशनल इकोनॉमिक काउंसिल डायरेक्टर लैरी कुडलो भी हुआंग से पद छोड़ने की मांग कर चुके हैं. उन्होंने फॉक्स बिज़नेस नेटवर्क पर कहा कि हुआंग को तुरंत अपने पद से हट जाना चाहिए. अमेरिकी संसद की चीन पर बनी विशेष समिति ने भी इस मामले को राष्ट्रीय सुरक्षा से जोड़ते हुए चिंता जताई है. समिति ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर कहा कि एनवीडिया के CEO के कथित निजी संबंधों का असर अमेरिका और चीन के बीच चल रही AI चिप्स की प्रतिस्पर्धा पर पड़ सकता है. वहीं, हाउस फॉरेन अफेयर्स कमेटी के डेमोक्रेट सांसद गैब अमो, ग्रेगरी मीक्स और सिडनी कमलागर-डोव ने अमेरिकी वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लटनिक से एडवांस AI चिप्स के निर्यात को लेकर जवाब मांगा है. सांसदों का कहना है कि अमेरिका की तकनीकी बढ़त और राष्ट्रीय सुरक्षा को कॉरपोरेट बिक्री से ऊपर रखा जाना चाहिए.
धमाके से कांप उठी तुर्की की धरती : स्टील प्लांट में भीषण विस्फोट, 16 की मौत, राष्ट्रपति ने जताया दुख
ट्रंप को भी दी गई जानकारी?
CNN की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिकी वाणिज्य मंत्री हॉवर्ड लटनिक को जेन्सेन हुआंग और एलिस हुआंग के संबंधों को लेकर एक गोपनीय चेतावनी दी गई थी. रिपोर्ट में ये भी दावा किया गया कि विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को इस मामले से जुड़ी खुफिया जानकारी दी थी. हालांकि, ट्रंप ने सोमवार को कहा कि उन्हें इन आरोपों की जानकारी हाल ही में मिली है. उन्होंने हुआंग को एक शानदार व्यक्ति बताते हुए कहा कि वो और उनका परिवार इस विवाद की वजह से मुश्किल दौर से गुजर रहे हैं. इस बयान पर सीनेट में डेमोक्रेट नेता चक शूमर ने सवाल उठाए. उन्होंने आरोप लगाया कि ट्रंप को इस मामले की जानकारी एक साल से भी पहले दी गई थी. हालांकि, कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया. शूमर ने एनवीडिया के AI चिप्स चीन तक पहुंचने और कंपनी से जुड़े 25 मिलियन डॉलर के दान का भी जिक्र किया.
बोर्ड ने शुरू कराई जांच
विवाद के बीच एनवीडिया के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स ने स्वतंत्र जांच कराने का फैसला लिया है. इसके लिए अमेरिका की बड़ी लॉ फर्म वाक्टेल, लिप्टन, रोज़ेन एंड कैट्ज़ और पूर्व कार्यवाहक अमेरिकी अटॉर्नी जून एच. किम को जिम्मेदारी सौंपी गई है. दूसरी तरफ, कंपनी के मुख्यालय में कामकाज जारी है. CNBC की रिपोर्ट के मुताबिक, हुआंग ने कर्मचारियों के साथ बंद कमरे में हुई बैठक में अपने निजी व्यवहार पर अफसोस जताया. उन्होंने कर्मचारियों को भेजे एक मैसेज में पत्नी और बच्चों को पहुंची तकलीफ के लिए माफी भी मांगी. फिलहाल ये मामला सिर्फ एक CEO की पर्सनल लाइफ तक नहीं रह गया है. इसमें अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा, AI तकनीक, चीन को चिप निर्यात और राजनीतिक जवाबदेही जैसे कई बड़े मुद्दे जुड़ गए हैं. अब सबकी नजर स्वतंत्र जांच के नतीजों और एनवीडिया के फ्यूचर पर टिकी है.
News Source: ANI
बांग्लादेश में फिर भड़की हिंसा : पूरे देश में बवाल, ट्रेन में लगाई आग, एक की मौत, कई वाहनों को फूंका
