MP Accident: मध्य प्रदेश के आगर मालवा जिले में शनिवार तड़के भीषण हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई. हादसे के बाद घटनास्थल पर चीखपुकार मच गई. सभी मृतक ओडिशा के श्रद्धालु थे. श्रद्धालुओं की कार पानी से लबालब भरे नाले में गिर गई. मरने वालों में तीन बच्चे और दो महिलाएं हैं. नलखेड़ा पुलिस स्टेशन के इंचार्ज शशि उपाध्याय ने बताया कि यह हादसा ज़िला मुख्यालय से लगभग 30 किलोमीटर दूर नलखेड़ा कस्बे में बगलामुखी मंदिर के पास हुआ.
भारी बारिश से सड़कों पर भरा था पानी
उन्होंने बताया कि ओडिशा से आए श्रद्धालुओं की कार बारिश के पानी से लबालब भरे नाले में गिर गई और उसमें सवार तीन बच्चों, दो महिलाओं और तीन पुरुषों की मौत हो गई. उन्होंने कहा कि मामला दर्ज कर लिया गया है. हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. पुलिस के मुताबिक, यह हादसा नलखेड़ा कस्बे में बगलामुखी मंदिर के पास हुआ. पीड़ित तीर्थयात्रा से लौट रहे थे, तभी पानी से भरे पुलिया पर उनकी गाड़ी का संतुलन बिगड़ गया और वह पानी से लबालब भरे नाले में जा गिरी, जिससे वे अंदर ही फंस गए. मरने वालों में सात लोग ओडिशा के श्रद्धालु थे, जबकि ड्राइवर एक स्थानीय ट्रैवल एजेंसी का कर्मचारी था. इलाके में पिछले 24 घंटों के दौरान करीब 4 इंच बारिश हुई थी, जिससे सड़कों पर पानी भरा था.
घटनास्थल पर पहुंचे अफसर
अधिकारियों ने बताया कि शुक्रवार देर रात से हो रही लगातार बारिश के कारण बगलामुखी मंदिर के पास का नाला उफान पर था. मंदिर तक जाने का रास्ता एक पुलिया पार करके ही है. नलखेड़ा पुलिस ने बचाव अभियान शुरू किया, शवों को बाहर निकाला और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए भेजा. अधिकारियों ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की एक संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया. अब तक किसी के भी जीवित बचने का कोई संकेत नहीं मिला है. कलेक्टर शेर सिंह मीणा ने बताया कि शवों को निकालने के बाद कार को रस्सी से खींचकर नाले से बाहर निकाला गया.
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
कहा कि अभी यह स्पष्ट नहीं है कि कार में कितने लोग सवार थे. मामला दर्ज कर लिया गया है और जांच की जा रही है कि कार पुल से गिरी थी या कहीं और से. आगर मालवा के पुलिस अधीक्षक (SP) दिलीप सोनी ने घटना और आठ लोगों की मौत की पुष्टि की है. उन्होंने बताया कि मृतकों में से सात ओडिशा के रहने वाले थे. उनके गृह नगरों का पता लगाने तथा जल्द से जल्द उनके परिवारों को सूचित करने के प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने आगे कहा कि चालक की भी दुर्घटना में मौत हो गई. वह मूल रूप से गुजरात के बड़ौदा का रहने वाला था, लेकिन लंबे समय से मध्य प्रदेश के उज्जैन में एक ट्रैवल एजेंसी के साथ काम कर रहा था.
MP के सागर में जहरीली शराब ने ली 9 लोगों की जान, कई लोगों की हालत गंभीर, सीएम ने दिए जांच के निर्देश
News Source: PTI
