Mumbai Rains: ‘माया नगरी’ के लोकप्रिय नाम से मशहूर महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में आजकल बारिश का कहर जारी है. इसकी वजह से शहर में कई जगहों पर जल जमाव और सड़कों के टूटने व पेड़ों के गिरने से नुकसान की खबर सामने आई है.
मुंबई में आज मंगलवार को भी तेज बारिश के साथ तेज रफ्तार में हवाओं के बहने का अनुमान है. इस बीच मौसम विभाग (IMD) ने राजधानी मुंबई में ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. वहीं, आज मंगलवार को भी मुंबई में स्कूलों और कॉलेजों को बंद रखने का फैसला किया गया है.

स्कूल और कॉलेज मंगलवार को बंद
मिली जानकारी के अनुसार, अधिकारियों ने बताया कि भारत मौसम विज्ञान विभाग द्वारा मुंबई में भारी बारिश और तेज हवाओं के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. उन्होंने बताया कि एहतियात के तौर पर मुंबई के सभी सरकारी, निजी और नगर निगम द्वारा संचालित स्कूल और कॉलेज मंगलवार को बंद रहेंगे.
जानकारी के अनुसार, आज सुबह से ही मुंबई में तेज हवाएं चल रही हैं और बारिश भी होती हुई दिखी है. मौसम खराब होने की वजह से लोगों को अपने घर से ऑफिस जाने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है. शहर के कई सड़कों और गलियों में पानी भरा हुआ है. इसके साथ ही शहर के मुख्य सड़कों पर जाम भी देखा गया.

ऑरेंज अलर्ट का मतलब
आईएमडी के ऑरेंज अलर्ट का मतलब है कि लोगों को बेहद खराब मौसम के लिए तैयार रहना चाहिए, जिससे यातायात में भारी व्यवधान, देरी और बिजली कटौती हो सकती है. एक अधिकारी ने यह जानकारी देते हुए बताया कि यह चार स्तरों वाली रंग सिस्टम में तीसरे स्तर पर है, जो येलो अलर्ट से ऊपर और रेड अलर्ट से नीचे है.

भूस्खलन से यातायात बाधित
महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई समेत प्रदेश के कई क्षेत्रों में तेज बारिश, हवाओं के बीच भूस्खलन की भी घटना देखी गई है. अधिकारियों ने बताया कि मुंबई-पुणे एक्सप्रेसवे के ‘मिसिंग लिंक’ बाईपास खंड के मुंबई की ओर जाने वाले मार्ग पर यातायात सोमवार रात को फिर से शुरू हो गया, जो रात भर हुई भारी बारिश के कारण हुए भूस्खलन के चलते 18 घंटे से अधिक समय तक बंद रहा था.
महाराष्ट्र राज्य सड़क विकास निगम (एमएसआरडीसी) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने पीटीआई को बताया कि भूस्खलन प्रभावित स्थल पर सुरक्षा निरीक्षण पूरा होने के बाद रात 10.10 बजे यातायात फिर से शुरू हो गया. मालूम हो कि सोमवार तड़के करीब 4 बजे सह्याद्री पर्वतमाला से होकर गुजरने वाली मिसिंग लिंक परियोजना की सबसे लंबी सुरंग, टनल 2 के निकास द्वार के पास भूस्खलन के बाद मुंबई की ओर जाने वाला मार्ग बंद कर दिया गया था.

एक ही परिवार के तीन सदस्यों सहित चार की मौत
वहीं, पुणे जिले में सोमवार को हुई भारी बारिश के कारण भूस्खलन और दीवार गिरने से एक ही परिवार के तीन सदस्यों सहित चार लोगों की मौत हो गई. इसके अलावा दो अन्य लोग बारिश से संबंधित अलग-अलग घटनाओं में बह गए. अधिकारियों ने बताया कि बचाव अभियान में 500 से अधिक लोगों को सुरक्षित स्थानों ले जाया गया है.
पुणे: आफत की बारिश, लैंडस्लाइड और दीवार गिरने से एक ही परिवार के तीन लोगों समेत कुल 4 की मौत
News Source: PTI
