Ram Mandir Avinash Shukla: राम मंदिर चढ़ावा मामले में गिरफ्तार आरोपी अविनाश शुक्ला से पुलिस व जांच टीम कई बड़े-बड़े खुलासे करा रही है. ये खुलासे चौंकाने वाले हैं. ताजा मामला यह है कि आरोपी अविशान शुक्ला ने अपने परिवार और दोस्तों को करीब 19 लाख रुपये देने की बात स्वीकार की है. न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, सोमवार को पुलिस सूत्रों ने बताया कि राम मंदिर चढ़ावा गबन मामले में आरोपी अविनाश शुक्ला ने पूछताछ के दौरान कथित तौर पर स्वीकार किया कि उसने अपने दोस्तों और परिवार के सदस्यों पर 19 लाख रुपये खर्च किए.
उसके पास से पुलिस ने पहले ही 20.39 लाख रुपये नकद, 1121 अमेरिकी डॉलर, सोने के आभूषण, चांदी के गहने और अन्य कीमती सामान के साथ-साथ एक कार भी बरामद की है.
भाई और दोस्त को दिया पैसे व महंगे गिफ्ट
मिली जानकारी के अनुसार, न्यूज एजेंसी पीटीआई ने सूत्रों के हवाले से बताया कि अविनाश शुक्ला ने कथित तौर पर जांचकर्ताओं को बताया कि उसने अपने एक भाई की शादी के जश्न के लिए लगभग 6 लाख रुपये और दूसरे भाई को 5 लाख रुपये दिए थे.
सूत्रों के अनुसार, अविनाश ने एक दोस्त को लगभग 2.5 लाख रुपये ट्रांसफर किए और उसको एक महंगा मोबाइल फोन भी उपहार में दिया. विभिन्न मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि, अविनाश की यह दोस्त एक लड़की है, जिसे उसकी गर्लफ्रेंड भी बताया जा रहा है. बताया जा रहा है कि अविनाश ने अपनी गर्लफ्रेंड को ये 2.5 लाख रुपये और आईफोन गिफ्ट की थी.
वहीं, पुलिस ने बताया कि जांच में पता चला कि कई व्यक्तियों को छोटी-छोटी रकम भी बांटी की गई थी. पुलिस ने अविनाश के दो भाइयों से पूछताछ की है और जांच से संबंधित दस्तावेज जब्त किए हैं. अधिकारी उसके भाई अभिषेक शुक्ला के नाम पर 2024 में खरीदी गई जमीन की जांच कर रहे हैं और उन बैंक खातों की छानबीन कर रहे हैं जिनमें कथित तौर पर धनराशि हस्तांतरित की गई थी.
कृष्ण मोहन बनाए गए हैं अंतरिम महासचिव
मालूम हो कि सोमवार को राम मंदिर चढ़ावा मामले को लेकर अयोध्या में ‘श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र’ ट्रस्ट की एक बड़ी बैठक हुई. ट्रस्ट के अध्यक्ष नृत्यगोपाल दास की अध्यक्षता में करीब 3 घंटे 20 मिनट तक चली इस बैठक में कई मुद्दों पर चर्चा की गई और कई बड़े फैसले लिए गए. अध्यक्ष ने कहा कि जो पाप से जुड़ा है, उसे सजा दिलाएंगे.
बैठक में ट्रस्ट के द्वारा महासचिव पद से चंपत राय के इस्तीफे को स्वीकार कर लिया गया. ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्रा के भी इस्तीफे की भी मंजूरी मिल गई. हालांकि, ये दोनों बैठक में शामिल नहीं हुए थे. वहीं, ट्रस्टी कृष्ण मोहन को अंतरिम महासचिव बनाया गया है. बैठक के बाद ट्रस्ट की ओर से प्रेस रिलीज भी जारी की गई थी.
इस प्रेस रिलीज में कहा गया, “न्यास की बैठक में नए महामंत्री की नियुक्ति होने तक ट्रस्टी श्री कृष्ण मोहन जी को महामंत्री के कार्यों का निष्पादन करने को कहा गया है जो उन्होंने स्वीकार किया है.” वहीं, बैठक में ट्रस्ट के कुछ सदस्यों ने कहा कि लापरवाही में घटना हुई है. रामभक्तों की आस्था को ठेस पहुंची है. इसके लिए ट्रस्ट खेद प्रकट करता है.
कृष्ण मोहन संभालेंगे कामकाज! ट्रस्ट की बैठक में चंपत राय और अनिल मिश्रा का इस्तीफा मंजूर
News Source: PTI
