Odisha Cyclone: बंगाल की खाड़ी में उठे चक्रवात अक्वान ने तटीय इलाकों में हलचल बढ़ा दी है. हालांकि, समुद्र में आगे बढ़ते हुए ये तूफान कमजोर हुआ है, लेकिन इसका असर ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों में देखने को मिल रहा है. शुक्रवार सुबह गोपालपुर के पास चक्रवात के लैंडफॉल की प्रक्रिया शुरू होने की संभावना जताई गई है. मौसम विभाग के मुताबिक, तूफान के दौरान हवा की रफ्तार 70 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे तक रह सकती है. वहीं, हवा के झोंकों की गति 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है. ये तूफान 13 नवंबर को बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र से विकसित हुआ था. धीरे-धीरे इसकी ताकत बढ़ी और ये बहुत गंभीर चक्रवाती तूफान बन गया. हालांकि, तट की तरफ बढ़ते हुए इसकी तीव्रता में कमी आई है.
क्या टल गया खतरा?
शुक्रवार सुबह 2:30 बजे ये पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में उत्तर-उत्तरपश्चिम दिशा की तरफ करीब 23 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा था. उस समय तूफान आंध्र प्रदेश के कलिंगपट्टनम से करीब 70 किलोमीटर पूर्व, ओडिशा के गोपालपुर से 110 किलोमीटर दक्षिण, विशाखापत्तनम से 170 किलोमीटर पूर्व-उत्तरपूर्व और पुरी से करीब 200 किलोमीटर दक्षिण-दक्षिणपश्चिम में था. विशाखापत्तनम पर तूफान का खतरा टल गया है, लेकिन उत्तर आंध्र प्रदेश के कई इलाकों में शुक्रवार को बारिश होने की संभावना है.
खौफनाक हादसा : पटियाला में भाखड़ा नहर पर बना पुल भर भराकर टूटा, हवा में लटके दो ट्रक
पुरी समुद्र का हाल
ओडिशा के तटीय इलाकों में प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था और सख्त कर दी है. पुरी समुद्र तट पर तेज हवाओं और ऊंची लहरों की वजह से लोगों को समुद्र से दूर रहने की सलाह दी गई है. आम दिनों में पर्यटकों से गुलजार रहने वाला समुद्र तट एहतियात के तौर पर खाली कराया गया है. प्रसिद्ध सैंड आर्टिस्ट सुदर्शन पटनायक ने भी लोगों से सतर्क रहने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है. उन्होंने कहा कि पुरी में बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं, इसलिए प्रशासन ने उनकी सुरक्षा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं. होटल, पर्यटन स्थल और समुद्र तट से जुड़े क्षेत्रों में भी सुरक्षा उपाय लागू किए गए हैं. पटनायक के मुताबिक, समुद्र में लहरें सामान्य दिनों की तुलना में काफी ऊंची हैं. उन्होंने लोगों से घबराने के बजाय सावधानी बरतने और अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने को कहा. उन्होंने उम्मीद जताई कि तूफान बिना किसी बड़ी घटना के गुजर जाएगा और भगवान जगन्नाथ का आशीर्वाद सभी पर बना रहेगा.
मछली पकड़ने पर रोक
चक्रवात और खराब समुद्री परिस्थितियों का असर तमिलनाडु के तूथुकुडी में भी देखने को मिल रहा है. यहां शुक्रवार को मशीनी नौकाओं से मछली पकड़ने वाले मछुआरे समुद्र में नहीं गए. लगातार आठवें दिन मछली पकड़ने की गतिविधियां बंद रहीं. मछुआरों ने बताया कि वे 23 नवंबर, सोमवार से फिर समुद्र में उतरने की योजना बना रहे हैं. फिलहाल तटीय इलाकों में प्रशासन की नजर मौसम पर बनी हुई है. लोगों को समुद्र से दूर रहने, मौसम संबंधी अपडेट देखने और सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है.
News Source: ANI
केर्च ब्रिज पर यूक्रेन का भीषण हमला, रेल और सड़क यातायात बंद, रूस का क्रीमिया से टूटा संपर्क
