Azam Khan ED Raid: सपा के नेता और पूर्व मंत्री आजम खान के लिए बुधवार की सुबह मुशक्लिों से भरी रही. प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने आजम खान के 10 ठिकानों पर रेड मारी है. अधिकारियों ने बताया कि ईडी ने बुधवार को मनी लॉन्ड्रिंग जांच के तहत समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान के मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट और यूनिवर्सिटी से जुड़े ठिकानों पर छापा मारा. उन्होंने कहा कि ED ने प्रिवेंशन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट (PMLA), 2002 के सेक्शन 17 के तहत रामपुर, सहारनपुर और दिल्ली में 10 जगहों पर सर्च ऑपरेशन किया.
फंडिंग की हेरा-फेरी की जांच
लखनऊ में हेडक्वार्टर वाले इस ट्रस्ट में राज्य के पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान, कुछ परिवार के सदस्यों और सहयोगियों के साथ इसके मुख्य ट्रस्टी हैं. मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट रामपुर जिले में मुहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी और एक पब्लिक स्कूल चलाता है. ED की जांच में प्राइवेट कॉन्ट्रैक्टर के जरिए सरकारी कॉन्ट्रैक्ट के फंड को कथित तौर पर दूसरी जगह डायवर्ट करने और उसके बाद उसके इस्तेमाल की जांच की जा रही है. जांच एजेंसी के मुताबिक, दूसरी जगह भेजे गए फंड का इस्तेमाल कथित तौर पर यूनिवर्सिटी और ट्रस्ट प्रॉपर्टी बनाने समेत कई कामों के लिए किया गया.
डिजिटल सबूतों की जांच कर रही ईडी की टीम
बता दें, कुछ दिन पहले ED ने रामपुर पुलिस से आजम खान की क्रिमिनल हिस्ट्री की डिटेल मांगी थी. पुलिस ने आजम खान की पूरी क्रिमिनल हिस्ट्री का रिकॉर्ड ED को सौंप दिया, इसके एजेंसी ने यह एक्शन लिया. फिलहाल ईडी सभी ठिकानों पर दस्तावेज खंगाल रही है. टीम सुबह करीब 7 बजे जौहर यूनिवर्सिटी पहुंची. रिपोर्ट्स के मुताबिक, ED की टीम आजम खान के घर भी पहुंची है. अधिकारियों के मुताबिक, इस तलाशी का मकसद अपराधिक कमाई, वित्तीय रिकॉर्ड, दस्तावेज और सरकारी फंड के डायवर्जन और उसके गलत इस्तेमाल से जुड़े डिजिटल सबूतों का पता लगाना है.
इन ठिकानों पर हुई छापेमारी
ED जिन जगहों पर छापेमारी कर रही है, उनमें रामपुर के जौहर नगर में मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट, मोहम्मद अली जौहर यूनिवर्सिटी, सहारनपुर के सिल्वा मार्केट में CA दीपक गुप्ता का ऑफिस, रामपुर में CA दीपक दुप्ता का घर, A&S एंटरप्राइजेज, दिल्ली के जामिया नगर में सैयद खालिद का घर, रामपुर के पीपल टोला में CK एसोसिएट्स प्राइवेट लिमिटेड, रामपुर में पवन कुमार जैन और रामपुर के जेल रोड इलाके में शाहीन खान का घर शामिल हैं.
News Source: PTI
