NSG Training: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहाकि आंतरिक सुरक्षा के मोर्चे पर केंद्र व राज्य सरकार की नीति स्पष्ट है. अब न अपराधियों को अभय, न आतंकियों को अवसर और न ही देश की सुरक्षा से कोई समझौता होता है. वैश्विक परिदृश्य में बदलती हुई चुनौतियों के कारण उनका मुकाबला करने के लिए साहस के साथ आधुनिक तकनीक, अचूक रणनीति, त्वरित निर्णय व टीमवर्क के साथ कार्रवाई करने की दक्षता अत्यंत आवश्यक है.
एनएसजी और यूपी पुलिस का संयुक्त प्रशिक्षण
एनएसजी व यूपी पुलिस का संयुक्त कार्यक्रम तैयारी की नई धार, आपसी समन्वय को नई शक्ति व सुरक्षा व्यवस्था को नई मजबूती प्रदान करेगा. मुख्यमंत्री ने बुधवार को पुलिस लाइन में एनएसजी (नेशनल सिक्योरिटी गार्ड) व उत्तर प्रदेश पुलिस के व्यापक क्षमता निर्माण प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ किया. सीएम योगी ने कमांडोज द्वारा आतंकरोधी अभियानों, वीआईपी सुरक्षा, बम विस्फोट से बचाव समेत विभिन्न हैरतअंगेज प्रदर्शनों का भी अवलोकन किया. सीएम ने विश्वास जताया कि एनएसजी व यूपी पुलिस का साझा प्रयास देश की आंतरिक सुरक्षा को नई शक्ति व दिशा प्रदान करेगा.
प्रदेश में कानून का शासन
सीएम ने कहा कि देश को यूपी पुलिस व एटीएस के पराक्रम पर गर्व है. जब एनएसजी के मंच पर 16वीं ऑल इंडिया पुलिस स्टैंड अलोन स्नाइपर प्रतियोगिता में एटीएस कमांडो टीम के दो स्नाइपर अचूक निशाना लगाने के दम पर स्वर्ण पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाते हैं. सीएम ने कहा कि वह दौर याद करिए, जब उप्र दंगों की आग में झुलसता था और अपराधियों के हौसले बुलंद थे. चारों ओर अराजकता का साम्राज्य था, लेकिन अब प्रदेश में रूल ऑफ लॉ है. इसे सुनिश्चित करने के लिए पुलिस के इकोसिस्टम को मजबूत किया गया है.
सुरक्षा बलों को दी गईं अधिक सुविधाएं
सीएम ने कहा कि पुलिस को टेक्नोलॉजी, क्विक रिस्पांस से जोड़ा गया. प्रदेश में साइबर थाने सभी 75 जनपदों में खोले गए. ऑपरेशन त्रिनेत्र के तहत 15 लाख से अधिक सीसीटीवी कैमरे, 112 के रिस्पॉन्स टाइम को 65 मिनट से घटाकर 5-7 मिनट तक पहुंचाने में सफलता पाई गई. स्पेशल सिक्योरिटी फोर्स का गठन कर उन्हें ट्रेनिंग के माध्यम से कैपिसिटी बिल्डिंग पर जोर दिया गया. सीएम ने कहा कि अपराधियों व माफिया की 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक संपत्ति जब्त व ध्वस्त की गई है. यूपी से कर्फ्यू व दंगा समाप्त हो गया.
सुरक्षित भारत ही समर्थ भारत की नींव
सीएम ने कहा कि सेना सीमा पर ऑपरेशन और पुलिस-एटीएस-एनएसजी देश के भीतर आतंकी साजिश व गद्दार की कमर तोड़ती है. हमारा लक्ष्य भविष्य की हर चुनौती से निपटने के लिए तैयार रहना है. ऐसी सुरक्षा व्यवस्था विकसित करनी है, जो तकनीक में आधुनिक, रणनीति में अचूक, समन्वय में मजबूत और कार्रवाई से निर्णायक हो। सुरक्षित भारत ही समर्थ भारत की नींव है.
ये रहे मौजूद
इस दौरान अपर मुख्य सचिव (गृह) संजय प्रसाद, पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण, एनएसजी के महानिदेशक भृगु श्रीनिवासन, अपर पुलिस महानिदेशक (कानून-व्यवस्था) अमिताभ यश, एनएसजी के आईजी (ऑपरेशन) मेजर जनरल मुकेश भनवाला, आईजी (एटीएस) प्रेम गौतम आदि मौजूद रहे.
