Home Latest News & Updates विकास को रफ्तार : लखनऊ विकास प्राधिकरण का दायरा बढ़ाने की तैयारी, बाराबंकी में बनेगा नया प्राधिकरण

विकास को रफ्तार : लखनऊ विकास प्राधिकरण का दायरा बढ़ाने की तैयारी, बाराबंकी में बनेगा नया प्राधिकरण

by Rajeev Ojha 25 November 2026, 12:40 PM IST (Updated 25 November 2026, 12:43 PM IST)
25 November 2026, 12:40 PM IST (Updated 25 November 2026, 12:43 PM IST)
लखनऊ विकास प्राधिकरण का दायरा बढ़ाने की तैयारी, बाराबंकी में बनेगा नया विकास प्राधिकरण

UP News: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ के सुनियोजित एवं समग्र विकास के लिए लखनऊ विकास प्राधिकरण की सीमा का विस्तार कर पूरे लखनऊ जनपद को इसके दायरे में लाने की आवश्यकता जताई है. मंगलवार को आवास एवं शहरी नियोजन विभाग की समीक्षा बैठक में उन्होंने इस संबंध में आवश्यक प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री ने बाराबंकी में नए विकास प्राधिकरण के गठन की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए भी विस्तृत प्रस्ताव तैयार करने को कहा. साथ ही, प्रदेश के अन्य विकास प्राधिकरणों की सीमाओं का भी आवश्यकतानुसार विस्तार करने के लिए ठोस प्रस्ताव प्रस्तुत करने के निर्देश दिए.

तीन बार हो चुका है LDA का विस्तार

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य राजधानी क्षेत्र में लखनऊ जनपद की आबादी सबसे तेजी से बढ़ रही है. बढ़ती आबादी की आवासीय, व्यावसायिक और सामुदायिक जरूरतों को पूरा करने के साथ ही राजधानी के बाहरी क्षेत्रों में अवैध एवं अनियंत्रित निर्माण पर प्रभावी नियंत्रण के लिए एलडीए का विस्तार जरूरी है. अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 1974 में गठित एलडीए का वर्ष 1999, 2009 और 2014 में विस्तार किया गया था. वर्तमान में इसके अधिकार क्षेत्र में नगर महापालिका क्षेत्र और 306 राजस्व ग्राम शामिल हैं, जिनका कुल क्षेत्रफल 1,051 वर्ग किलोमीटर है.

कहा- सुनियोजित हो विकास

लखनऊ से सटे बाराबंकी में भी तेजी से बढ़ते शहरी विस्तार, औद्योगिक गतिविधियों और आवासीय दबाव को देखते हुए मुख्यमंत्री ने नए विकास प्राधिकरण के गठन की आवश्यकता पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि राजधानी के निकट होने के कारण बाराबंकी में भूमि उपयोग और निर्माण गतिविधियां तेजी से बढ़ रही हैं. ऐसे में जरूरी है कि विकास को शुरुआत से ही सुनियोजित दिशा दी जाए, ताकि भविष्य में बुनियादी ढांचे, जल निकासी और नागरिक सुविधाओं से जुड़ी समस्याएं न पैदा हों. मुख्यमंत्री ने बाराबंकी विकास प्राधिकरण के गठन का विस्तृत प्रस्ताव शीघ्र तैयार करने के निर्देश दिए.

लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे कॉरिडोर के विकास की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि कॉरिडोर उन्मुख विकास की कार्यवाही को उन्नाव-शुक्लागंज विकास प्राधिकरण में शामिल करते हुए तेजी से आगे बढ़ाया जाए. अधिकारियों ने बताया कि यूपीसीडा की सीमा और लखनऊ-कानपुर एक्सप्रेसवे के तीन किलोमीटर दक्षिण के बीच लगभग 470 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र में 171 गांव और अचलगंज नगर पंचायत शामिल हैं.

गाजियाबाद में बनेगा अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम

मुख्यमंत्री ने गाजियाबाद में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण की कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि गाजियाबाद में 35 से 40 हजार दर्शकों की क्षमता वाला अंतरराष्ट्रीय स्तर का क्रिकेट स्टेडियम विकसित किया जाना चाहिए. इसके लिए गाजियाबाद विकास प्राधिकरण और उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन आपसी समन्वय से रेवेन्यू शेयर मॉडल पर निर्माण की संभावनाओं का अध्ययन करें और विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर प्रस्तुत करें.

जल्द भरे जाएं रिक्त पद

बैठक में मुख्यमंत्री ने विकास प्राधिकरणों की कैडर संरचना और मानव संसाधन की उपलब्धता की समीक्षा की. उन्होंने कहा कि योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और गुणवत्तापूर्ण शहरी नियोजन के लिए पर्याप्त एवं योग्य मानव संसाधन जरूरी है. मुख्यमंत्री ने प्रदेश के सभी विकास प्राधिकरणों में विभिन्न श्रेणियों के रिक्त पदों पर भर्ती एवं नियुक्ति की प्रक्रिया तेजी से पूरी करने के निर्देश दिए. साथ ही, शहरी नियोजन के कार्यों को अधिक प्रभावी बनाने के लिए प्रत्येक विकास प्राधिकरण में स्थायी टाउन प्लानर की नियुक्ति सुनिश्चित करने को कहा.

योगी सरकार का सहकारी समितियों को बड़ा तोहफा : PCF ने जिलों को भेजे 47.18 करोड़, भुगतान का रास्ता साफ

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?