Home Latest News & Updates किसानों की सालभर की मेहनत पर फिरा पानी, 28 एकड़ गन्ने की फसल जलकर राख

किसानों की सालभर की मेहनत पर फिरा पानी, 28 एकड़ गन्ने की फसल जलकर राख

by Preeti Pal 25 November 2026, 9:38 AM IST
25 November 2026, 9:38 AM IST
खेतों में लगी आग ने किसानों की सालभर की मेहनत पर फेरा पानी, 28 एकड़ गन्ने की फसल जलकर राख; 1 करोड़ का नुकसान

Karnataka Fire: किसान दिन-रात मेहनत करके अपनी फसल तैयार करता है. कभी मौसम की मार तो कभी कीटों का हमला उसकी चिंता बढ़ा देता है. लेकिन कर्नाटक के बेलगावी जिले में कुछ किसानों के साथ ऐसा हादसा हुआ, जिसने उनकी सालभर की मेहनत को पलभर में राख कर दिया. यहां गन्ने के खेतों में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग ने करीब 28 एकड़ में खड़ी फसल को अपनी चपेट में ले लिया. इस हादसे में लगभग 1 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान है. ये घटना मंगलवार देर रात अथानी तालुक के नाड़ी इंगलगावा गांव की है. आग स्थानीय किसानों बसप्पा चन्नन्नवारा, ईरप्पा चन्नन्नवारा, गुरुबासु तेवरमानी, चनगौड़ा राचगौड़ारा, अप्पासाबा गिरमल्लनवारा और रामन्ना गिरमल्लनवारा के खेतों में लगी. शुरुआत में आग कैसे लगी, इसकी जानकारी नहीं मिल पाई है. लेकिन कुछ ही समय में लपटों ने आसपास के गन्ने के खेतों को भी अपनी चपेट में ले लिया.

आग बुझाने पहुंचे लोग

खेतों में आग लगने की खबर मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची. ग्रामीणों ने भी आग बुझाने में मदद की. सभी ने मिलकर लपटों पर काबू पाने की कोशिश की, लेकिन आग इतनी तेजी से फैल रही थी कि काफी बड़ी मात्रा में गन्ने की फसल जलकर नष्ट हो गई. इस हादसे ने किसानों को गहरे सदमे में डाल दिया है. जिन खेतों में कुछ ही समय बाद गन्ने की कटाई होनी थी, वहां अब जली हुई फसल और राख नजर आ रही है. किसानों ने इस फसल को तैयार करने में करीब एक साल तक मेहनत की थी. बीज, खाद, पानी, मजदूरी और खेती के दूसरे खर्चों पर उन्होंने काफी पैसा भी लगाया था.

मुआवजे की मांग

फसल कटाई के करीब पहुंचने पर हुआ ये नुकसान किसानों के लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं है. एक तरफ सालभर की मेहनत बर्बाद हो गई, तो दूसरी तरफ अब आर्थिक नुकसान की चिंता भी सताने लगी है. प्रभावित किसानों ने सरकार और संबंधित विभागों से मदद की गुहार लगाई है. उनकी मांग है कि खेतों में हुए नुकसान का जल्द सर्वे कराया जाए और उचित मुआवजा दिया जाए, ताकि वो इस मुश्किल समय से बाहर निकल सकें. फिलहाल आग लगने की असली वजह सामने नहीं आई है. संबंधित विभागों की तरफ से नुकसान का आकलन और घटना के कारणों की जानकारी जुटाना जरूरी होगा. किसानों को उम्मीद है कि सरकार उनकी परेशानी को समझते हुए जल्द राहत देगी.

News Source: ANI

यात्री ध्यान दें! यमुना एक्सप्रेसवे पर 25 नवंबर से 75 किमी/घंटा से तेज नहीं चल सकेंगे वाहन

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?