Home Latest News & Updates सफर होगा आसान : नोएडा सेक्टर 51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर 4 तक दौड़ेगी मेट्रो, 2,390 करोड़ के प्रोजेक्ट पर लगी मुहर

सफर होगा आसान : नोएडा सेक्टर 51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर 4 तक दौड़ेगी मेट्रो, 2,390 करोड़ के प्रोजेक्ट पर लगी मुहर

by Sanjay Kumar Srivastava 11 November 2026, 5:21 PM IST
11 November 2026, 5:21 PM IST
सफर होगा आसान : नोएडा सेक्टर 51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर 4 तक दौड़ेगी मेट्रो, 2,390 करोड़ के प्रोजेक्ट पर लगी मुहर

Noida Metro: अब नोएडा सेक्टर 51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर 4 तक मेट्रो दौड़ेगी. 2,390 करोड़ के प्रोजेक्ट पर मोदी सरकार ने मुहर लगा दी है. केंद्रीय मंत्रिमंडल ने बुधवार को एक्वा लाइन मेट्रो रेल कॉरिडोर के विस्तार को मंजूरी दे दी है. यह विस्तार नोएडा सेक्टर 51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर 4 तक होगा. 8.449 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर में पांच एलिवेटेड (ऊंचाई पर बने) स्टेशन होंगे और इसकी अनुमानित लागत 2,390 करोड़ रुपये है.
एक आधिकारिक बयान के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता में मंत्रिमंडल द्वारा मंजूर किया गया यह प्रोजेक्ट शहर के बुनियादी ढांचे (इंफ्रास्ट्रक्चर) के विकास की दिशा में एक बड़ा कदम है.

सेक्टर-61 पर बनेगा नया इंटरचेंज

इस कॉरिडोर के चालू हो जाने के बाद नोएडा और ग्रेटर नोएडा में कुल 71.878 किलोमीटर का सक्रिय मेट्रो रेल नेटवर्क हो जाएगा. सरकार ने कहा है कि यह प्रोजेक्ट शहर में मेट्रो रेल नेटवर्क के एक बड़े विस्तार के रूप में काम करेगा. इस कॉरिडोर के तहत लगभग 8.449 किलोमीटर नई मेट्रो लाइनें जुड़ेंगी, जिससे नोएडा और ग्रेटर नोएडा में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में काफी सुधार होगा. फिलहाल इन इलाकों में बेहतर कनेक्टिविटी की कमी है. बयान में यह भी कहा गया है कि इससे अधिक मांग वाले कॉरिडोर के साथ सीधी कनेक्टिविटी मिलेगी. इसमें नोएडा सेक्टर 61 पर ब्लू लाइन के साथ एक इंटरचेंज भी शामिल होगा. इसका उद्देश्य नोएडा के प्रमुख क्षेत्रों को आपस में जोड़ना है. इनमें नोएडा सेक्टर 51 में IKEA, नोएडा सेक्टर 73 में एंथ्यूरियम मॉल और ग्रेटर नोएडा सेक्टर 4 में गौर सिटी मॉल, H&S मॉल, ब्लू सफायर मॉल तथा अन्य कमर्शियल स्पेस शामिल हैं.

आपस में जुड़ेंगे प्रमुख कमर्शियल हब

इसके अलावा कई बड़ी कंपनियां और IT हब भी इससे जुड़ेंगे. इनमें नोएडा सेक्टर 60 में टेक महिंद्रा और TCL टेक के ऑफिस, नोएडा सेक्टर 73 में ऑयल इंडस्ट्री डेवलपमेंट बोर्ड और ग्रेटर नोएडा सेक्टर 4 में ‘गोल्डन.’ ऑफिस व कमर्शियल स्पेस शामिल हैं. सरकार ने कहा है कि नोएडा सेक्टर 51 से ग्रेटर नोएडा सेक्टर 4 तक एक्वा लाइन मेट्रो रेल कॉरिडोर का विस्तार महत्वपूर्ण इलाकों को मेट्रो नेटवर्क से जोड़ेगा. इससे न केवल कनेक्टिविटी बेहतर होगी, बल्कि आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा. साथ ही रोजगार, व्यापार, शिक्षा और अन्य कामों के लिए आने-जाने वाले लोगों के लिए शहरी आवागमन आसान हो जाएगा.

यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत

सरकार ने कहा कि यह नया कॉरिडोर शहर के विकास में एक बड़ा बदलाव लाने वाला साबित होगा. इससे बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी, ट्रैफिक जाम कम होगा, पर्यावरण को लाभ होगा, आर्थिक विकास होगा और लोगों के जीवन की गुणवत्ता में सुधार आएगा. सरकार ने कहा कि यह शहरी चुनौतियों का समाधान करने और भविष्य के विस्तार की नींव रखने के साथ-साथ, शहर के विकास की दिशा तय करने और उसे टिकाऊ बनाने में अहम भूमिका निभाएगा.

छठ पर घर जाने वालों के लिए रेलवे का बड़ा तोहफा! दिल्ली से कई स्टेशनों से आज चलेंगी 31 स्पेशल ट्रेनें

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?