Home Top News Nvidia की AI फंडिंग पर अमेरिका की नजर, अब कंपनियों को पैसा देना होगा मुश्किल! जानें मामला

Nvidia की AI फंडिंग पर अमेरिका की नजर, अब कंपनियों को पैसा देना होगा मुश्किल! जानें मामला

by Preeti Pal 25 November 2026, 9:21 AM IST
25 November 2026, 9:21 AM IST
Nvidia की AI फंडिंग पर अमेरिका की नजर, अब कंपनियों को पैसा देने के नियम हो सकते हैं सख्त; जानें पूरा मामला

Nvidia AI Financing: आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की दुनिया में एनवीडिया का दबदबा किसी से छिपा नहीं है. दुनिया की बड़ी-बड़ी टेक कंपनियां AI से जुड़े कामों के लिए एनवीडिया की चिप्स और तकनीक का इस्तेमाल कर रही हैं. लेकिन अब कंपनी के एक खास फाइनेंसिंग मॉडल पर अमेरिकी सरकार की नजर पड़ सकती है. खबर है कि एनवीडिया जिन AI कंपनियों को बिजनेस बढ़ाने के लिए पैसा देती है, उस व्यवस्था को लेकर अमेरिका में नए नियम बनाए जा सकते हैं. फोकस ताइवान की एक रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिकी नियामक एनवीडिया की फंडिंग व्यवस्था पर ज्यादा निगरानी रख सकते हैं. सरकार को चिंता है कि कहीं कंपनियां जरूरत से ज्यादा कर्ज लेकर ऐसा कारोबार न खड़ा कर दें, जिससे आगे चलकर पूरे वित्तीय बाजार की स्थिरता पर असर पड़े.

क्या है फाइनेंसिंग मॉडल?

दरअसल, एनवीडिया कुछ ऐसी कंपनियों को निवेश, कर्ज या वित्तीय गारंटी देती है, जो AI सेक्टर में काम कर रही हैं. इनमें क्लाउड सर्विस देने वाली कंपनियां, AI सॉफ्टवेयर डेवलपर्स और नियो-क्लाउड कंपनियां शामिल हैं. इन कंपनियों को एनवीडिया से पैसा मिलने के बाद वो उसी रकम का इस्तेमाल एनवीडिया की चिप्स और दूसरी सेवाएं खरीदने में कर सकती हैं. इसे AI इंडस्ट्री में सर्कुलर फाइनेंसिंग कहा जाता है. सीधे शब्दों में समझें तो एक कंपनी दूसरी कंपनी को पैसा देती है और फिर वही पैसा उसकी तकनीक या प्रोडक्ट खरीदने में खर्च हो जाता है. इस व्यवस्था से AI कारोबार तेजी से बढ़ता दिखाई दे सकता है. हालांकि, सवाल ये भी उठता है कि क्या इन कंपनियों के पास अपने ग्राहकों से इतनी कमाई हो रही है कि वो इस खर्च को लंबे समय तक जारी रख सकें?

अमेरिकी सरकार की चिंता

ताइवान की सेमीकंडक्टर इंडस्ट्री से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक, अमेरिका इस तरह के सौदों पर निगरानी के लिए नए नियम या एक अलग व्यवस्था बना सकता है. एनवीडिया को अपने फाइनेंसिंग सौदों की ज्यादा जानकारी सार्वजनिक करनी पड़ सकती है. साथ ही, समझौतों में कर्ज और वित्तीय जोखिम से जुड़ी शर्तें भी ज्यादा साफ रखनी पड़ सकती हैं. रिपोर्ट में ये भी बताया गया है कि एनवीडिया के कुछ ताइवानी सप्लायर्स के साथ पहले मौखिक समझौते होते रहे हैं. यानी हर बात के लिए औपचारिक कानूनी दस्तावेज नहीं होते थे. हालांकि, कुछ अधिकारियों का मानना है कि भविष्य में ऐसे समझौतों को लिखित और कानूनी रूप देना जरूरी हो सकता है.

जेनसेन हुआंग की वापसी

एनवीडिया के CEO जेनसेन हुआंग की वापसी के बाद कंपनी की पुरानी फाइनेंसिंग प्रतिबद्धताओं को लेकर चर्चा तेज हुई है. रिपोर्ट के मुताबिक, उनसे उम्मीद की जा रही है कि वो क्लाउड और AI कंपनियों को वित्तीय मदद देने के पहले किए गए वादों को पूरा करेंगे. इस बीच, ताइवान के कुछ सप्लायर्स को चिंता है कि दक्षिण-पूर्व एशिया के देशों, खासकर सिंगापुर और मलेशिया में चिप निर्यात पर अमेरिका की सख्ती बढ़ने से बिक्री प्रभावित हो सकती है. कुल मिलाकर, AI की रेस अब सिर्फ बेहतर चिप बनाने तक नहीं रही. पैसा कहां से आ रहा है, कंपनियां कितना कर्ज ले रही हैं और कारोबार कितना टिकाऊ है, इन सवालों पर भी अमेरिका की नजर रहने वाली है.

News Source: ANI

Nvidia में Jensen Huang का शानदार वेलकम, ट्रंप भी गदगद और एलन मस्क ने भी किया स्वागत

You may also like

Live Times logo

Feature Posts

Newsletter

@2026 Live Time. All Rights Reserved.

Are you sure want to unlock this post?
Unlock left : 0
Are you sure want to cancel subscription?