Woman Murder: उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में पुलिस का अमानवीय चेहरा सामने आया है. पुलिस ने सामने आई गर्भवती महिला को हटाने की बजाए जोर से लात मारी, जिससे उसकी मौत हो गई. घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. आनन-फानन में पुलिस अधीक्षक ने दो सब-इंस्पेक्टर समेत छह पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया. सभी पुलिसकर्मियों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है. सभी पुलिसकर्मी चोरी के एक आरोपी के घर दबिश देने गए थे.
चोरी के आरोपी को पकड़ने गई थी पुलिस
उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद के शिकोहाबाद इलाके में चोरी के एक आरोपी को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस टीम ने उसकी गर्भवती पत्नी को लात मारी, जिससे उसकी मौत हो गई. इसके बाद दो सब-इंस्पेक्टर समेत छह पुलिसकर्मियों को सस्पेंड कर दिया गया. परिवार के मुताबिक, सब-इंस्पेक्टर धर्मपाल सिंह रविवार रात करीब 11:45 बजे एक पुलिस टीम के साथ लभुआ गांव में गौरव के घर पहुंचे ताकि उसे चोरी के एक मामले में गिरफ्तार किया जा सके. परिवार का आरोप है कि जब गौरव की 28 वर्षीय गर्भवती पत्नी अंजलि ने पुलिस से अपने पति को न ले जाने की गुहार लगाई, तो सिंह ने उसके पेट पर लात मारी, जिससे वह गिर गई.
ग्रामीणों ने थाने पर किया हंगामा
परिवारवालों ने बताया कि पुलिस के गौरव (32) को ले जाने के बाद अंजलि की हालत बिगड़ गई और उसे शिकोहाबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां सोमवार सुबह उसने एक बेटे को जन्म दिया. परिवारवालों ने बताया कि डिलीवरी के बाद उसकी हालत और खराब हो गई. इसके बाद उसे फिरोजाबाद के एक प्राइवेट अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया. परिवार ने बताया कि अंजलि की मौत के बारे में पता चलने पर पुलिस ने गौरव को छोड़ दिया. उन्होंने बताया कि अंजलि की मौत के बाद ग्रामीणों ने थाने में हंगामा किया और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए. परिवार ने बताया कि नवजात लड़के की हालत भी गंभीर है और उसे आगरा रेफर कर दिया गया है.
दोषियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाईः एसपी
एडिशनल सुपरिटेंडेंट ऑफ़ पुलिस (सिटी) रवि शंकर प्रसाद ने बताया कि सुपरिटेंडेंट ऑफ़ पुलिस (SP) आदित्य लांघे ने लापरवाही के आरोप में सोमवार को सब-इंस्पेक्टर धर्मपाल सिंह और सत्यपाल सिंह, हेड कॉन्स्टेबल मोहन सिंह और अरविंद कुमार, कॉन्स्टेबल भवतोष कुमार और कुलदीप कुमार को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया. उन्होंने बताया कि महिला का पोस्टमार्टम देर रात किया गया और उसी रात उसका अंतिम संस्कार भी कर दिया गया. इस दौरान भारी पुलिस बल तैनात किया गया था. पुलिस अधीक्षक आदित्य लांघे ने कहा कि घटना की जांच कराई जाएगी और जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
गुरुग्राम: महिला बाइकर को टक्कर मारने वाला आरोपी गिरफ्तार, सिया बोलीं- महिलाएं असुरक्षित…
News Source: PTI
