Srishti Kandari: देवप्रयाग से विधायक विनोद कंडारी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर श्रृष्टि कंडारी की संदिग्ध मौत पर निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सीएम ने अब यह जांच सीबीसीआईडी को सौंप दी है. श्रीकोट, श्रीनगर गढ़वाल की रहने वाली सरकारी शिक्षिका सृष्टि कंडारी की संदिग्ध मौत के मामले का संज्ञान खुद सूबे के मुखिया पुष्कर सिंह धामी ने लिया है. देवप्रयाग के विधायक विनोद कंडारी ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर मामले की निष्पक्ष और उच्चतरीय जांच की मांग पर सीएम ने ये कदम उठाया. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जो भी दोषी होगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा. उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार को हर हाल में न्याय मिलेगा. सीएम धामी ने विधायक को निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया.
सीएम से मिले विधायक
श्रृष्टि का वीडियो इस समय सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. मासूम और दर्द भरे चेहरे के साथ विवाहिता ने जो अपने अपमान का दर्द बयां किया उस पर लोग जमकर कमेंट भी कर रहे हैं. आरोपी ससुराल वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग उठ रही है. मृतका का पति सचिवालय में तैनात है. मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सीएम धामी ने तत्काल गृह सचिव को इस पूरे प्रकरण की जांच CBCID को सौंपने के लिखित आदेश जारी कर दिए हैं. इस बीच डोईवाला कोतवाली पुलिस द्वारा शुक्रवार को मृतका के परिजनों के बयान भी दर्ज किए गए. बयान दर्ज कराने पहुंचे परिवार के लोगों ने साफ कहा कि यह सामान्य मौत नहीं है. क्षेत्राधिकारी वंदना वर्मा ने परिवार को आश्वासन देते हुए कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद पुलिस उचित कार्रवाई करेगी.
दहेज उत्पीड़न का आरोप
श्रीकोट निवासी सरकारी शिक्षिका श्रृष्टि कंडारी की विवाह के करीब आठ माह बाद संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. उसकी मौत को कोई भी सामान्य मौत मानने के लिए तैयार नहीं है क्योंकि मरने से पहले जो वीडियो श्रृष्टि ने बनाया था वह काफी कुछ बयां कर रहा है. विधायक विनोद कंडारी ने भी सीबीसीआईडी जांच पर भरोसा जताया है. देवप्रयाग से देहरादून पहुंचे विधायक ने कहा कि श्रृष्टि एक होनहार छात्रा थी अपने मेहनत के दम पर उसने सरकारी नौकरी हासिल की थी. ऐसे में क्या हालात बने जिसके चलते उसकी मौत हुई, इस पर से पर्दा उठना जरूरी है.
