Dehradun Woman Suicide: राजधानी देहरादून के ग्रामीण इलाके डोईवाला में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत ने एक साथ कई सवाल खड़े कर दिए. महज आठ महीने पहले उसने अपने पति के साथ जीने मरने की कसमें खाई थी. जान देने से पहले विवाहिता ने वीडियो भी बनाया, जिसमें उसने कहा कि ‘सॉरी मम्मी मै ऐसे जा रही हूं लेकिन अब और सहन नहीं होता. मैं इनकी मानसिकता को नही बदल सकी’.
पिछले साल हुई थी शादी
देहरादून के डोईवाला क्षेत्र में आठ महीने पहले शादी के बंधन में बंधी एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है. मृतका की मां ने अपनी बेटी की हत्या का आरोप उसके पति, सास और ननद पर लगाया है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने तीनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. मृतका सृष्टि कंडारी की शादी नवंबर 2025 में हर्रावाला निवासी सौरभ खत्री से हुई थी. सूत्रों के अनुसार सौरभ सचिवालय सेवा में काम करता है. बताया जा रहा है सृष्टि भी पौड़ी के श्रीकोट में सरकारी शिक्षिका थीं. मृतका की मां सीमा कंडारी का आरोप है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को दहेज और अन्य बातों को लेकर लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था.
मनहूस कहकर किया जाता था अपमान
श्रृष्टि के घर वालों का आरोप है कि उनकी बेटी को ससुराल वाले बार बार “मनहूस” कहकर अपमानित करते थे और परिवार में होने वाली हर अनहोनी के लिए उसे जिम्मेदार ठहराया जाता था. परिजनों के मुताबिक, 28 और 29 जुलाई को जब सृष्टि से फोन पर संपर्क नहीं हो पाया तो उन्होंने एक परिचित को उसके घर भेजा. वहां से उन्हें बताया गया कि सृष्टि की तबीयत खराब है और उसे अस्पताल ले जाया गया है. इसके बाद जब परिवार श्रीनगर से देहरादून पहुंचा तो उन्हें पता चला कि उनकी बेटी की मौत हो चुकी है. मृतका की मां का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने उनकी बेटी की मौत की सूचना तक उन्हें नहीं दी. जब उन्होंने इसका कारण पूछा तो जवाब मिला कि वे इतने व्यस्त थे कि फोन नहीं कर सके. परिवार का कहना है कि यदि यह आत्महत्या का मामला था तो उन्हें तत्काल सूचना क्यों नहीं दी गई.
मानसिक रूप से टूट गई थी श्रृष्टि
मां ने यह भी आरोप लगाया कि शादी के करीब तीन महीने बाद सृष्टि के ससुर को हार्ट अटैक आया था. इसके बाद किसी पंडित की सलाह पर ससुराल वालों ने यह मान लिया कि बहू के घर आने के बाद ही अनिष्ट शुरू हुआ है. तभी से सृष्टि को लगातार “मनहूस” कहकर मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा. परिजनों का यह भी कहना है कि घटना से तीन दिन पहले सृष्टि के ससुर का निधन हुआ था, जिसके बाद उस पर मानसिक दबाव और बढ़ गया. वह घर के एक कोने में अकेले पड़ी रहती थी कोई उससे बात भी नहीं करता था.
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
डोईवाला पुलिस ने मृतका के पति सौरभ, सास परवीना देवी और ननद चारू के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 80(2) के तहत मुकदमा दर्ज किया है. मृतका की मां का आरोप है कि तीनों ने मिलकर उनकी बेटी को मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया, जिसके चलते उसकी हत्या हुई. पुलिस मामले की पड़ताल में जुटी है और हर एंगल से जांच कर रही है. डोईवाला सीओ वंदना ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फोरेंसिक साक्ष्यों और अन्य सबूतों के आधार पर निष्पक्ष जांच की जाएगी तथा जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.
“बच्ची नहीं दूंगा..”, 8 महीने की मासूम को लेकर झगड़ा, ससुर ने दिया धक्का, बहू की मौत
