Moong Scam: नर्मदापुरम से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है. समर्थन मूल्य पर खरीदी गई सरकारी मूंग के भंडारण में एक बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा हुआ है. गुराड़िया कला स्थित कनकधारा वेयरहाउस में जब जांच टीम ने दबिश दी, तो बोरियों के अंदर मूंग की जगह मिट्टी भरी मिली. कलेक्टर के निर्देश पर गठित समिति ने जब पूरे वेयरहाउस की जांच की, तो पता चला कि सरकार को करीब 28 करोड़ 14 लाख रुपये की चपत लगाई गई है. इस धोखाधड़ी के मामले में तीन लोगों के खिलाफ माखन नगर थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है.
62 हजार से अधिक बोरियों की हुई जांच
वेयर हाउस को सील कर दिया गया है. समर्थन मूल्य पर किसानों से खरीदी गई जिस मूंग को सुरक्षित रखा जाना था, वहां बोरियों में मूंग की जगह मिट्टी भरी जा रही थी. मामले की गंभीरता को देखते हुए कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देश पर एसडीएम की अध्यक्षता में एक विशेष जांच समिति का गठन किया गया था. टीम ने जब वेयरहाउस में रखी 62 हजार से अधिक बोरियों और 23 स्टैक का गहन निरीक्षण किया, तो धांधली की परतें खुलती चली गईं. नमूनों को तुरंत लैब भेजा गया, जहां वर्ष 2023-24 और 2024-25 की मूंग में बड़े पैमाने पर मिट्टी की मिलावट की पुष्टि हुई. इस पूरे फर्जीवाड़े से शासन को लगभग 28 करोड़ 14 लाख रुपये की भारी वित्तीय क्षति हुई है.
गुणवत्ता से समझौता नहींः डीएम
जांच रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने माखन नगर थाने में वेयर हाउस प्रबंधक वासुदेव दावडे, तत्कालीन प्रबंधक श्याम हौसले और संचालक तारेश पुरोहित के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है. नर्मदापुरम कलेक्टर सोमेश मिश्रा का कहना है कि किसानों की उपज की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा. जिन लोगों ने सरकारी संपत्ति और व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने की कोशिश की है, उनके खिलाफ कड़ी से कड़ी कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
फिलहाल पूरे वेयरहाउस को सील कर दिया गया है और पुलिस नामजद आरोपियों की तलाश में जुट गई है. प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से जहां हड़कंप मचा हुआ है, वहीं यह सवाल भी उठ रहा है कि इतने बड़े पैमाने पर मूंग की जगह मिट्टी भरने का यह खेल आखिर कब से चल रहा था. कलेक्टर सोमेश मिश्रा ने चेतावनी दी है कि फर्जीवाड़े को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. दोषियों को हर हाल में सलाखों के पीछे पहुंचाया जाएगा.
भोपाल में बेकाबू हुए किसान, सीएम हाउस की ओर बढ़ा किसानों का जत्था, आखिरी बैरिकेडिंग भी तोड़ी
