Uttarakhand Bus Accident: उत्तराखंड की पहाड़ी सड़कों पर मंगलवार की सुबह एक बार फिर दर्दनाक हादसे की खबर लेकर आई. टिहरी गढ़वाल जिले में गुलर बाजार के पास यात्रियों से भरी एक बस पुल से करीब 100 मीटर नीचे गहरी खाई में जा गिरी. इस हादसे में अब तक 6 लोगों की मौत हो चुकी है. वहीं, करीब 20 यात्री घायल बताए जा रहे हैं. दुर्घटना के बाद इलाके में चीख-पुकार मच गई. राहत और बचाव दल मौके पर पहुंचकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने में जुटे हैं. पुलिस के मुताबिक, बस में करीब 30 से 35 लोग सवार थे. मंगलवार सुबह हादसे की सूचना मिलते ही SDRF की ब्यास और ढालवाला पोस्ट से टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया. अब तक करीब 20 घायलों को खाई से निकालकर एंबुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा जा चुका है. टिहरी की जिलाधिकारी नितिका खंडेलवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्वेता चौबे भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गई हैं. फिलहाल बचाव अभियान जारी है और मृतकों की पहचान सहित हादसे से जुड़ी अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं.
रुद्रप्रयाग में भी हादसा
टिहरी हादसे से पहले सोमवार देर रात रुद्रप्रयाग जिले में भी एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई. बांसवाड़ा-मोहनखाल मोटर मार्ग पर भटवाड़ी-कंडारा के पास एक बोलेरो गाड़ी अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी. वाहन पोखरी क्षेत्र से रांसी की तरफ जा रहा था. बताया जा रहा है कि इसमें करीब 9 से 10 लोग सवार थे. पुलिस को रात करीब 10 बजे डायल 112 के जरिए हादसे की सूचना मिली. इसके बाद अगस्त्यमुनि थाना पुलिस, SDRF, जिला आपदा प्रतिक्रिया बल (DDRF) और 108 एंबुलेंस सेवा की टीमें मौके पर पहुंचीं. रुद्रप्रयाग के सर्किल ऑफिसर के नेतृत्व में रातभर रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया.
रातभर चला बचाव अभियान
अंधेरे और दुर्गम पहाड़ी इलाके के बावजूद बचाव दल ने खाई में फंसे लोगों को बाहर निकालने का अभियान जारी रखा. सभी लोगों को खाई से निकाल लिया गया. शुरुआती जानकारी में इस हादसे में चार लोगों की मौत बताई गई थी. वहीं, पुलिस जानकारी में मृतकों की संख्या 6 बताई गई है. इस हादसे में कुछ और लोग भी घायल हुए हैं. मृतकों की संख्या को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है. लगातार दो हादसों ने उत्तराखंड की पहाड़ी सड़कों पर सफर की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. फिलहाल दोनों घटनाओं में राहत और बचाव से जुड़ी कार्रवाई जारी है.
News Source: ANI
उत्तराखंड में बड़ा हादसा : भागीरथी नदी में गिरी कार, 4 की मौत, दो लापता, CM धामी ने जताया दुख
