Bade Mangal 2026: ज्येष्ठ माह में आने वाले मंगलवार को ‘बड़ा मंगल’ या ‘बुढ़वा मंगल’ कहते हैं. इस साल ज्येष्ठ माह में 8 बड़े मंगलवार पड़ रहे हैं. यहां जानें सभी बड़े मंगलवार किस दिन पड़ेंगे.
3 May, 2026
हिंदू धर्म में हर दिन का अपना खास महत्व होता है. इसी तरह मंगलवार का दिन भगवान हनुमान को समर्पित है. इस दिन सभी भक्त हनुमान जी की पूजा करते हैं और भोग लगाते हैं. कई लोगों को यह जानकारी नहीं होती कि ज्येष्ठ माह में आने वाले मंगलवार को ‘बड़ा मंगल’ या ‘बुढ़वा मंगल’ कहते हैं. ज्येष्ठ माह के हर मंगलवार का अलग महत्व है. माना जाता है कि पहले बड़े मंगलवार को भगवान राम और हनुमान का मिलन हुआ था. इस दिन भक्त भगवान हनुमान के मंदिर जाते हैं और मनोकामना मांगते हैं.
19 साल बाद बना दुर्लभ योग
आमतौर पर हर साल केवल 4 या 5 बड़े मंगलवार ही पड़ते हैं, लेकिन साल 2026 में 8 बड़े मंगलवार पड़ रहे हैं, क्योंकि इस बार 19 साल बाद दुर्लभ योग बन रहा है. इस साल अधिक मास (मलमास) भी पड़ रहा है, जिस कारण ज्येष्ठ मास 60 दिनों का हो गया है. इसलिए बड़े मंगलवार की संख्या भी बढ़ गई है. इसलिए इस बार 8 बड़े मंगलवार पड़ेंगे. भक्तों के पास बजरंगबली को प्रसन्न करने का दोगुना समय है. चलिए जानते हैं सभी की तिथियां कब हैं और पूजन की सही विधि क्या है.

बड़े मंगलवार की तिथियां
पहला बड़ा मंगल: 5 मई 2026
दूसरा बड़ा मंगल: 12 मई 2026
तीसरा बड़ा मंगल: 19 मई 2026
चौथा बड़ा मंगल: 26 मई 2026
पांचवां बड़ा मंगल: 2 जून 2026
छठा बड़ा मंगल: 9 जून 2026
सातवां बड़ा मंगल: 16 जून 2026
आठवां बड़ा मंगल: 23 जून 2026
बड़े मंगलवार की पूजा विधि
इस दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करें और पीले या नारंगी कपड़े पहनें. सबसे पहले घर के मंदिर को गंगाजल से साफ कर लें. व्रत करने का संकल्प लें और हनुमान जी के सामने दीपक जलाएं. भोग में बेसन के लड्डू, गुड़-चना, बूंदी और केला चढ़ाएं. इसके बाद हनुमान चालीसा या हनुमान अष्टक का पाठ करें. शाम को आरती करके प्रसाट बांट दें. घर में पूजा करने के बाद आप मंदिर जा सकते हैं. इस दिन भक्त हनुमान जी चोला चढ़ाते हैं. व्रत के दिन दान-पुण्य भी करना सबसे फलदायक होता है. आप मंदिर के पास भंडारा करा सकते हैं और भक्तों को पानी पिला सकते हैं. पवनपुत्र से हर संकट को दूर करने के लिए प्रार्थना करें.

सुंदरकांड का पाठ करें
बजरंग बली भगवान राम के भक्त हैं, इसलिए राम की पूजा करने से वे प्रसन्न होते हैं. बड़े मंगलवार के दिन सुंदरकांड का पाठ करना बहुत फलदायी माना जाता है. पाठ करते समय, अपने सामने राम दरबार की मूर्ति या तस्वीर रखें, जिसमें भगवान राम, लक्ष्मण, माता सीता और हनुमान जी हों. उत्तर या पूर्व की ओर मुंह करके भक्ति और सच्चे मन से पाठ करें. कहा जाता है कि जहां भी सुंदरकांड का पाठ होता है, बजरंग बली स्वयं वहां आते हैं.
यह भी पढ़ें- 2 एकादशी और 2 पूर्णिमा, इस साल 60 दिन चलेगा ज्येष्ठ मास, जान लें किस दिन पड़ेगा कौन सा त्योहार
